‘अगली पैदाइश में भी नहीं बनेगी सरकार’, अखिलेश यादव पर राजभर का सबसे तीखा हमला

Om Prakash Rajbhar: ओम प्रकाश राजभर ने मुस्लिम आरक्षण के मुद्दे पर अखिलेश यादव को घेरते हुए पूछा कि उनके लिए कुरान बड़ा है या संविधान। उन्होंने मुस्लिमों को आरक्षण देने, SC-ST और OBC के कोटे तथा 2027 में सपा की वापसी को लेकर भी तंज कसा।

Update:2026-11-28 12:18 IST

 Om Prakash Rajbhar

Om Prakash Rajbhar: उत्तर प्रदेश की सियासत में मुस्लिम आरक्षण को लेकर एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर सवाल किया कि अखिलेश यादव के लिए कुरान बड़ा है या संविधान? उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश एक तरफ संविधान और आरक्षण की बात करते हैं, जबकि दूसरी तरफ धर्म के आधार पर मुस्लिमों को आरक्षण देने की बात कर रहे हैं।

राजभर ने अपनी पोस्ट की शुरुआत, “मित्र अखिलेश यादव जी, राधे-राधे” से की। उन्होंने लिखा कि अखिलेश यादव को रैपिड फायर राउंड बहुत पसंद है, इसलिए उन्हें इसी अंदाज में यह भी बताना चाहिए कि उनके लिए कुरान बड़ा है या संविधान। राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश अपनी “एसी-पीसी और ट्विटर” पर संविधान और आरक्षण को लेकर बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, लेकिन मुस्लिम आरक्षण की बात आते ही संविधान की व्यवस्था भूल जाते हैं।

राजभर ने पूछा- क्या अखिलेश ने पूरा संविधान पढ़ा है?

सुभासपा अध्यक्ष ने अखिलेश यादव से सवाल किया कि क्या उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर का पूरा संविधान पढ़ा भी है? राजभर ने कहा कि अगर अखिलेश ने संविधान पढ़ा होता तो उन्हें पता होता कि धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं दिया जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि वोट हासिल करने के लिए मुसलमानों को आरक्षण का “लॉलीपॉप” दिखाया जा रहा है। इसी कड़ी में उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब उनका “‘पीट देगा अब्दुल’ भी समझदार हो चुका है।”

राजभर ने कहा कि गैर-यादव पिछड़ों और दलितों के लिए संविधान ही सबसे बड़ा है। उन्होंने अखिलेश यादव और कांग्रेस नेतृत्व पर भी कटाक्ष किया। राजभर के मुताबिक, दोनों विदेश में पढ़कर आए हैं, लेकिन बाबा साहेब के संविधान को नहीं समझ पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब वे बाबा साहेब को ही नहीं समझ सके तो उनके बनाए संविधान को कैसे समझेंगे।

इंदिरा साहनी, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश के मामलों का दिया हवाला

ओम प्रकाश राजभर ने अपनी पोस्ट में इंदिरा साहनी मामले के साथ वर्ष 2024 के पश्चिम बंगाल ओबीसी मामले और आंध्र प्रदेश में मुस्लिम आरक्षण से जुड़े प्रकरण का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि न्यायालयों ने धर्म को अकेला आधार बनाकर आरक्षण देने पर सवाल उठाए हैं।

राजभर ने आंध्र प्रदेश में मुस्लिमों के लिए अलग आरक्षण देने की कोशिश का उल्लेख करते हुए कहा कि इसे न्यायालय में चुनौती मिली थी। इसी आधार पर उन्होंने अखिलेश यादव से पूछा कि वह मुस्लिमों को आरक्षण देने की बात किस संवैधानिक व्यवस्था के तहत कर रहे हैं।

‘संविधान बदलने की तैयारी तो नहीं’, राजभर ने उठाए सवाल

सुभासपा अध्यक्ष ने अखिलेश यादव के साथ उनके “दिल्ली वाले फॉरेनर भइया” को भी निशाने पर लिया। उन्होंने सवाल किया कि क्या सत्ता मिलने पर दोनों मुस्लिमों को आरक्षण देने के लिए संविधान में बदलाव करेंगे? राजभर ने आरोप लगाया कि सत्ता हासिल करने के लिए सपा और उसके सहयोगी संविधान की दुहाई देते हैं, लेकिन अपनी राजनीति के लिए उसी की व्यवस्था से छेड़छाड़ करना चाहते हैं।

उन्होंने “संविधान बचाओ” के नारे पर भी तंज कसा। राजभर ने कहा कि एक तरफ संविधान बचाने की बात की जा रही है, जबकि दूसरी तरफ उसे बदलने की मंशा दिखाई दे रही है। उन्होंने सपा और उसके सहयोगियों पर पहले भी बाबा साहेब के संविधान का सम्मान नहीं करने का आरोप लगाया।

मुस्लिमों को आरक्षण देने के लिए किसका कोटा काटेंगे?

राजभर ने आरक्षण में सेंध लगाने को लेकर कहा कि यह “किसी के बाप की बपौती नहीं है।” उन्होंने समानता और धर्मनिरपेक्षता को संविधान के मूल ढांचे का हिस्सा बताते हुए कहा कि संविधान में ऐसा कोई बदलाव किया भी गया तो वह न्यायिक समीक्षा के दायरे में आएगा।

मुस्लिमों के लिए अलग कोटे की मांग पर राजभर ने एससी, एसटी और ओबीसी की हिस्सेदारी का सवाल उठाया। उन्होंने अखिलेश यादव से पूछा कि यदि मुस्लिमों के लिए अलग कोटा दिया जाएगा तो एससी, एसटी और ओबीसी में किसके हिस्से से कटौती होगी? राजभर ने 50 प्रतिशत आरक्षण की सीमा का जिक्र करते हुए कहा कि मौजूदा सीमा के भीतर नया कोटा बनाया गया तो किसी न किसी आरक्षित वर्ग की हिस्सेदारी प्रभावित होगी। वहीं, इस सीमा से आगे जाने पर मामला न्यायालय में पहुंचेगा।

अखिलेश को चुनौती- ‘हिम्मत है तो कहें, संविधान बड़ा है’

अपनी पोस्ट के आखिर में ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा कि अगर वह खुद को संविधान का हिमायती मानते हैं तो साफ-साफ कहें कि उनके लिए “संविधान बड़ा है, कुरान छोटा।” उन्होंने दावा किया कि अखिलेश यादव की राजनीति को अब मुस्लिम समाज के साथ गैर-यादव पिछड़ा और बहुजन समाज भी समझने लगा है।

राजभर ने सपा की सत्ता में वापसी के दावे पर भी तंज कसा। उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि 2027 तो दूर, अगली पैदाइश में भी समाजवादी पार्टी की सरकार नहीं बनने वाली है।

Tags:    

Similar News