यूपी में बाल विवाह के खिलाफ योगी सरकार का बड़ा अभियान, 23.16 लाख लोगों ने ली शपथ

Child Marriage Free India Campaign: उत्तर प्रदेश में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत अब तक 23.16 लाख से अधिक लोगों को शपथ दिलाई गई और 2.82 लाख से ज्यादा जागरूकता गतिविधियां आयोजित हुईं। प्रदेश के सभी 75 जिलों में 21 दिसंबर 2026 तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

Update:2026-11-28 12:36 IST

  Yogi Adityanath 

Child Marriage Free India Campaign: उत्तर प्रदेश में बाल विवाह रोकने के लिए योगी सरकार की ओर से प्रदेशव्यापी अभियान चलाया जा रहा है। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के संकल्प के साथ संचालित ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ के तहत अब तक प्रदेश में 23.16 लाख से अधिक लोगों को बाल विवाह के खिलाफ शपथ दिलाई जा चुकी है। इसके अलावा 2.82 लाख से अधिक जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गई हैं। प्रदेश के सभी 75 जिलों में विभागीय समन्वय और जनभागीदारी के जरिए अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है। इसका उद्देश्य बाल विवाह रोकने के साथ बच्चों की शिक्षा और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करना है। बाल विवाह से जुड़े संकेतकों के मामले में उत्तर प्रदेश की स्थिति राष्ट्रीय औसत से बेहतर बताई गई है।

75 जिलों में मजबूत किया गया बाल विवाह रोकथाम का तंत्र

अपर मुख्य सचिव, महिला एवं बाल विकास विभाग के दिशा-निर्देशों पर महिला कल्याण विभाग के समन्वय से अभियान संचालित किया जा रहा है। जिलाधिकारियों की निगरानी में शिक्षा, पंचायती राज, पुलिस और स्वास्थ्य सहित संबंधित विभाग सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

बाल विवाह की रोकथाम के लिए जनपद, तहसील, ब्लॉक और ग्राम स्तर पर बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारी नामित किए गए हैं। वहीं, ग्राम पंचायतों की भागीदारी से निर्धारित मानदंडों के अनुसार गांवों को बाल विवाह मुक्त घोषित करने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है।

21 दिसंबर तक चलेगा विशेष अभियान, परिवारों से किया जा रहा संवाद

महिला कल्याण विभाग की निदेशक सी. इंदुमति ने बताया कि 21 अक्टूबर से 21 दिसंबर 2026 तक अभियान के तीनों विषयगत क्षेत्रों में एक साथ गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसके तहत शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम, परिवारों से संवाद और धार्मिक एवं सामुदायिक नेतृत्व की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

सामूहिक विवाह आयोजनों में निर्धारित मानदंडों का पालन कराने, अभिलेखों का सत्यापन करने और नियमित निगरानी पर भी जोर दिया जा रहा है। हेल्पलाइन पर दूसरे राज्यों से संबंधित बाल विवाह की सूचनाएं भी मिल रही हैं। ऐसे मामलों में महिला कल्याण विभाग संबंधित राज्यों और जिलों के अधिकारियों के साथ समन्वय कर समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध करा रहा है।

27 नवंबर को सभी जिलों में हुए जागरूकता कार्यक्रम

बाल विवाह, अल्पायु विवाह और जबरन विवाह के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर 27 नवंबर को प्रदेश के सभी जिलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, ग्राम पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों, धार्मिक संगठनों और किशोर-किशोरियों ने हिस्सा लिया।

सामूहिक शपथ और संवाद के माध्यम से बाल विवाह रोकने के साथ बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया। इस दौरान नागरिकों से अपील की गई कि बाल विवाह की आशंका या जानकारी मिलने पर चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181 अथवा आपातकालीन सेवा 112 पर सूचना दें।

2024 में शुरू हुआ था बाल विवाह मुक्त भारत अभियान

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार ने 27 नवंबर 2024 को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की शुरुआत की थी। इसके तहत लगातार 100-100 दिनों के अभियान तीन चरणों में संचालित किए जा रहे हैं।

पहले चरण में विद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में शपथ, संवाद, निबंध और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। दूसरे चरण में धर्मगुरुओं, धार्मिक संस्थानों और विवाह सेवा प्रदाताओं को अभियान से जोड़ा गया। वहीं, तीसरे चरण में ग्राम पंचायतों और नगर निकायों के जरिए सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया गया। उत्तर प्रदेश में भी इसी अभियान के तहत जागरूकता और रोकथाम की गतिविधियां लगातार जारी हैं।

Tags:    

Similar News