Pilibhit News: भाजपा पालिकाध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल का कार्यकाल पूर्ण, विकास कार्यों की लगाई झड़ी

Pilibhit News: पालिकाध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ने कहा कि शेष कार्यकाल में भी शहर के विकास के लिए कई नई परियोजनाओं पर कार्य किया जाएगा और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास जारी रहेगा।

Update:2026-05-27 18:27 IST

Pilibhit News: पीलीभीत नगर पालिका परिषद की भाजपा अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल का तीन वर्ष का कार्यकाल बुधवार को पूर्ण हो गया। इस अवसर पर नगर पालिका द्वारा कराए गए विकास कार्यों की चर्चा पूरे शहर में रही। पालिकाध्यक्ष के कार्यकाल में सड़क, प्रकाश, पेयजल, पार्कों के सुंदरीकरण और सफाई व्यवस्था समेत कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को धरातल पर उतारा गया।

जानकारी के अनुसार 27 मई 2023 को डॉ. आस्था अग्रवाल ने अपने 27 सभासदों के साथ पालिकाध्यक्ष पद की शपथ ग्रहण की थी। भाजपा की ओर से पहली बार किसी महिला अध्यक्ष ने पीलीभीत नगर पालिका की कमान संभाली थी। इससे पहले करीब 30 वर्षों तक निर्दलीय चेयरमैनों का वर्चस्व रहा, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप था कि नगर क्षेत्र में अपेक्षित विकास कार्य नहीं हो पाए थे।

तीन वर्षों के कार्यकाल में नगर पालिका द्वारा 154 से अधिक सड़कों का निर्माण कराया गया, जबकि 20 बड़े नालों का निर्माण कार्य भी पूरा किया गया। शहर की प्रकाश व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 173 हाईमास्ट लाइटें तथा 45, 50, 60 और 90 वॉट की लगभग 6900 एलईडी लाइटें लगवाई गईं।

नौगवां फ्लाईओवर पर लगाए गए 69 विशेष पोल शहर की पहचान पीलीभीत टाइगर रिजर्व और बांसुरी नगरी की थीम को दर्शाते हैं। इसके साथ ही नेहरू पार्क, दामोदर पार्क और नकटादाना चौराहे पर नए पार्क का निर्माण व सुंदरीकरण कर शहर की सुंदरता बढ़ाने का प्रयास किया गया।


मुख्य बाजार स्थित ऐतिहासिक घंटाघर का भी जीर्णोद्धार कराया गया, जहां नई क्लॉक वॉच लगाई गई है। अब हर घंटे घंटाघर से ध्वनि सुनाई देती है, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

इसके अलावा मीरापुर गांव में कान्हा गौशाला का निर्माण, ऐतिहासिक गौरीशंकर मंदिर जाने वाले मार्गों का निर्माण और सौंदर्यीकरण, गांधी स्टेडियम में खिलाड़ियों की प्रतिमाएं स्थापित कराने जैसे कार्य भी कराए गए। पालिकाध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ने कहा कि शेष कार्यकाल में भी शहर के विकास के लिए कई नई परियोजनाओं पर कार्य किया जाएगा और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास जारी रहेगा।

Tags:    

Similar News