मानसून सत्र से पहले यूपी में शुरू हुआ पोस्टर वॉर! PDA पाठशाला के विरोध में BJP नेता ने लगवाया पोस्टर, लिखा- 'अखिलेश यादव माफ़ी मांगे'

UP News: यूपी में मानसून सत्र से पहले बीजेपी और सपा आमने-सामने हैं। PDA पाठशाला के विरोध में भाजपा नेता ने अखिलेश यादव से माफ़ी मांगने की मांग करते हुए पोस्टर लगवाए। पूजा शुक्ला पर FIR भी दर्ज।

Update:2025-08-11 09:27 IST

UP News

UP News: उत्तर प्रदेश में आज यानि सोमवार से मानसून सत्र आगामी चार दिनों के लिए शुरू होने वाला है लेकिन इससे ठीक पहले बीजेपी की ओर से एक बार फिर पोस्टर वॉर की शुरुआत कर दी गई है। दरअसल, योगी सरकार की ओर से लिए गए स्कूल मर्जर के फैसले को लेकर समाजवादी पार्टी लखनऊ के अलग-अलग हिस्सों में PDA पाठशाला आयोजित कर रही थी। इसी PDA पाठशाला को लेकर अब बीजेपी भी हमलावर हुई है। सोमवार को भाजपा नेता की ओर से मुख्यमंत्री आवास के पास चौराहे पर एक पोस्टर लगाया गया है, जिसमें सपा मुखिया अखिलेश यादव को माफी मांगने के लिए कहा गया है।

भाजपा एमएलसी व प्रदेश महामंत्री ने CM आवास के पास लगवाया पोस्टर

आपको बता दें कि सपा की PDA पाठशाला पर हमला बोलते हुए भाजपा के एमएलसी व प्रदेश महामंत्री सुभाष यदुवंश ने यह पोस्टर मुख्यमंत्री आवास के पास लगवाया है। भाजपा नेता की ओर से पोस्टर के जरिये पीडीए पाठशाला में A फॉर अखिलेश व D फॉर डिम्पल पढ़ाने पर माफ़ी मांगने को कहा गया है। पोस्टर में लिखा गया है कि सपा के पीडीए पाठशाला का काला सच। प्रदेश का कौन अभिभावक अपने बच्चों को यह पढ़ाना चाहता है। इसके साथ ही आगे लिखा है कि सपा मुखिया अखिलेश यादव को माफ़ी मांगनी चाहिए। 

सपा नेत्री पर पूर्व में दर्ज हो चुकी है FIR

आपको बता दें कि लखनऊ में जैसे-जैसे PDA पाठशाला की शुरुआत हुई, वैसे-वैसे शहर के अलग-अलग थानों में सपा नेताओं पर मुकदमों का दौर शुरू हो गया। इसी के साथ ही बीते दिनों लखनऊ के बीकेटी क्षेत्र में समाजवादी पार्टी द्वारा संचालित PDA पाठशाला अब विवादों में घिर गई है। सपा नेत्री पूजा शुक्ला पर सरकारी प्राथमिक विद्यालय के बंद परिसर में जबरन ताला तोड़कर अवैध रूप से शिक्षण गतिविधियां संचालित करने का आरोप लगाकर बेसिक शिक्षा विभाग की तहरीर पर पुलिस ने पूजा शुक्ला और अन्य अज्ञात लोगों पर FIR दर्ज की है।

Tags:    

Similar News