Mission 2022: यूपी में कांग्रेस पार्टी करेगी गठबंधन, प्रियंका गांधी ने दिया संकेत

प्रियंका गांधी ने यूपी विधानसभा चुनाव में गठबंधन के संकेत दिये हैं उन्होंने कहा कि इससे इनकार नहीं किया जा सकता है।

Written By :  Rahul Singh Rajpoot
Newstrack :  Network
Update: 2021-07-18 16:20 GMT

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, सोशल मीडिया 

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में अपनी खोई जमीन को वापस लाने के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पूरी ताकत झोंक दी हैं। अपने तीन दिवसीय दौरे के दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को चुनाव तैयारियों में जुटने का निर्देश दिया है। प्रियंका गांधी ने अपने नेताओं से कहा कि वह ज्यादा से ज्यादा जनता से जुड़े और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने बीजेपी सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करने का आवाहन किया है। प्रियंका गांधी ने पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों से कहा है कि अगर उन्हें चुनाव लड़ना है तो उन्हें टिकट दिया जाएगा लेकिन नेता जनता के बीच अधिक समय बिताएं।

गठबंधन से इनकार नहीं

प्रियंका गांधी ने यूपी में कांग्रेस पार्टी अकेले चुनाव लड़ेगी या किसी के साथ गठबंधन करेगी इस मुद्दे पर कहा है कि हम खुले विचारों वाले हैं, चुनाव के लिए अन्य दलों के साथ गठबंधन से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि कोई भी गठबंधन पार्टी के हितों की कीमत पर नहीं होगा।

आरोपों का दिया जवाब

वहीं प्रियंका गांधी के चुनावी समय में यूपी का दौरा करने के आरोपों के बारे में पूछे जाने पर कहा कि वह उत्तर प्रदेश में 'राजनीतिक पर्यटक'' नहीं हैं और वह पिछले करीब डेढ़ साल से विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी हैं तथा पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के लगातार संपर्क में हैं। अब वह उत्तर प्रदेश में ज्यादा समय देंगी।

बीजेपी पर आरोप

प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में बड़े-बड़े दावे कर सत्ता हथियाने वाली भारतीय जनता पार्टी की असलियत अब जनता के सामने आ चुकी है। कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव में बीजेपी की इन्हीं नाकामियों को जनता के सामने रखेगी।

शनिवार को लखीमपुर का किया दौरा

अपने तीन दिन के दौरे के दूसरे दिन प्रियंका गांधी लखीमपुर खीरी पहुंचीं थीं। यहां उन्होंने ब्लॉक प्रमुख चुनाव के नामांकन के दौरान अभद्रता का शिकार हुईं दो महिलाओं से मुलाकात की। प्रियंका गांधी का लखीमपुर दौरा अचानक तय हुआ था। प्रियंका गांधी ने यहां पसगंवा गांव में सपा उम्मीदवार रितु सिंह और उनकी प्रस्तावक अनीता यादव से बातचीत कर विपक्षी दलों को भी एक संदेश दिया। बता दें ब्लॉक प्रमुख के नामांकन के दौरान बीजेपी और सपा उम्मीदवारों के बीच कई जगह झड़प हुई थी। लखीमपुर में सपा समर्थित उम्मीदवार रितु सिंह के नामांकन के दौरान उनकी प्रस्तावक अनीत यादव के साथ बदसलूकी की गई थी। दो-तीन लोगों ने उनकी साड़ी खींचने की कोशिश की थी। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। आरोप था कि बीजेपी के समर्थकों ने महिला के साथ अभद्रता की थी।

शुक्रवार को गांधी प्रतिमा पर दो घंटे का मौन व्रत

वहीं अपने दौरे के पहले दिन प्रियंका गांधी जैसे ही लखनऊ पहुंचीं सबसे पहले हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा पहुंचीं वहां उन्होंने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर मौन व्रत पर बैठीं थीं। करीब दो घंटे के मौन व्रत में प्रियंका गांधी के साथ हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे। उन्होंने योगी सरकार के खिलाफ विरोध में ये मौन व्रत रखा था। हालांकि इस मौन व्रत मामले में हजरतगंज पुलिस ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू समेत 500 खिलाड़ियों पर मुकदमा दर्ज किया है। 

Tags:    

Similar News