Azamgarh Lok Sabha By-Election : BJP प्रत्याशी निरहुआ ने किया नामांकन, पार्टी अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह रहे मौजूद
आजमगढ़ में उपचुनाव के लिए नामांकन के अंतिम दिन निरहुआ ने नामांकन कर दिया। उनके साथ भाजपा के स्वतंत्र देव सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सहित कई नेता मौजूद रहे।;
bjp candidate dinesh lal yadav nirahua
Azamgarh Lok Sabha By-Election 2022 : आजमगढ़ लोकसभा उप चुनाव के लिए नामांकन के आखिरी दिन सोमवार को नेताओं और अभिनेता का जमावड़ा देखने को मिला। लोगों में जबरदस्त उत्सुकता रही। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रत्याशी व भोजपुरी स्टार दिनेश लाल यादव निरहुआ जहां दिन में करीब 12:30 बजे कलेक्ट्रेट में नामांकन स्थल पर पहुंचे। वहीं, उनसे पहले बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह यहां पहुंच गए थे। नामांकन के लिए स्वतंत्र देव सिंह के पीछे बीजेपी के प्रत्याशी निरहुआ भी प्रवेश किए। इस दौरान आपाधापी की स्थिति भी देखने को मिली। इससे पूर्व निरहुआ की तरफ से नामांकन के लिए रोड शो निकालने की बात की गई थी। लेकिन, काफी उहापोह के बीच निरहुआ बिना रोड शो के नामांकन के लिए पहुंच गए।
आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव में बीजेपी प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ जब सोमवार को अपना नामांकन करने पहुंचे तो उनके फैंस में खासा उत्साह देखने को मिला। निरहुआ सोमवार दोपहर आजमगढ़ कलेक्ट्रेट पहुंचे। दिनेश लाल यादव के साथ उत्तर प्रदेश बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद रहे। बता दें कि, दिनेश लाल यादव निरहुआ ने साल 2019 में भी लोकसभा का चुनाव लड़ा था। तब उन्हें समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव से हार का सामना करना पड़ा था। इस बार उप चुनाव में फिर पार्टी ने उन्हें ही अपना उम्मीदवार बनाया है।
रास्ता भटक गए निरहुआ
बताया जा रहा है कि, बीजेपी उम्मीदवार निरहुआ आज जब नामांकन के लिए बिन्नानी गार्डेन से निकले, तो कलेक्ट्रेट पहुंचने में रास्ता भटक गए। फिर, उन्हें घूमकर नामांकन स्थल तक पहुंचना पड़ा। नामांकन के दौरान आजमगढ़ शहर में बीजेपी के नेताओं सहित कई भोजपुरी सितारे नजर आए। आज शहर में भोजपुरी फिल्म स्टार पवन सिंह, आम्रपाली दुबे समेत कई अन्य हस्तियों के पहुंचने से आम जनता को भीड़ का सामना करना पड़ा। निरहुआ के साथ प्रस्तावक के रूप में बीजेपी के वरिष्ठ नेता अरविंद जायसवाल, पूर्व विधायक वंदना सिंह तथा अखिलेश मिश्रा मौजूद रहे।