Jaunpur Mein Barish: भारी बारिश से जौनपुर में कई हादसे, कच्ची दीवार गिरने से चार की मौत, 3 गंभीर

Jaunpur Mein Barish: जौनपुर में कई स्थानों पर कच्चे मकान ढह गए हैं, जिसके मलबे में दबकर कई लोगों की मौत हो गई है।

Report :  Kapil Dev Maurya
Published By :  Shreya
Update: 2021-09-16 09:49 GMT

बारिश के चलते गिरा मकान (फोटो साभार- सोशल मीडिया) 

Jaunpur Mein Barish: यूपी की राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में जबरदस्त बारिश हो रही है। वहीं, जौनपुर में दो दिन से हो रही लगातार बारिश अब जानलेवा साबित होने लगी है। इस बरसात की वजह से अब तक कई लोगों की जान चली गई है। कई स्थानों पर कच्चे मकान ढह गए हैं, जिससे मलबे में दबकर कई लोगों की मौत हो गई। वहीं, कई लोग घायल हो गए। सुजानगंज और सिकरारा थाना क्षेत्र में हुए हादसे में एक परिवार के तीन लोग और एक महिला की मौत हो गई। जबकि कई जगहों पर कच्चे मकान ढहने से आधा दर्जन लोग घायल हो गए हैं। 

मिली जानकारी के अनुसार, थाना सुजानगंज क्षेत्र स्थित सरायखानी गांव में भरत लाल जायसवाल (38 वर्षीय) अपने परिवार के साथ बुधवार की रात सो रहे थे। आज सुबह तड़के लगभग चार बजे अचानक उनके कच्चे मकान की दीवार ढह गई, जिससे मलबे में परिवार के पांच सदस्य दब गए। इनमें भरत लाल (38), उनकी पत्नी गुलाबा देवी (34) और बेटी साक्षी (10), भाभी रेखा देवी (45) और भांजी काजल (12) शामिल थी।

वहीं खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और सभी लोगों को मलबे से बाहर निकाला। इसके बाद सभी को आनन फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुजानगंज ले जाया गया। जहां पर भरत लाल, गुलाबा देवी और साक्षी को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि घायल रेखा और काजल का इलाज जारी है। दूसरी ओर सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

जिले में दूसरी घटना में महिला की मौत

दूसरी ओर जनपद मुख्यालय से 15 किमी दूर थाना सिकरारा क्षेत्र स्थित सकलदेल्हा गांव निवासी उर्मिला देवी (47) बुधवार को अपने कच्चे मकान में सो रही थीं। आधी रात के बाद करीब एक बजे उसके कच्चे मकान की जर्जर दीवार गिर गई महिला मलबे में वह दब गई। आसपास के लोगों ने उसे मलबे से बाहर निकाला और इलाज के लिए बरईपार बाजार स्थित एक निजी चिकित्सक के पास ले गए। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों के मुताबिक. महिला उर्मिला छप्पर में अकेले ही सो रही थीं।

विकास खण्ड धर्मापुर क्षेत्र के रत्तीपुर गांव के मेवा लाल का पुत्र सोनू कुमार अपने रिहायशी मड़हे में सो रहा था। रात के लगभग एक बजे लगातार बारिश के चलते मड़हा धराशाई हो गया। जिससे सोनू कुमार दब गया। किसी तरह आसपास के लोगों ने मड़हे में से सोनू को बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस से इलाज के लिए अस्पताल भेजा। सोनू कुमार को गर्दन और पैर में गम्भीर चोट आई हैं।

इसी तरह थाना गौराबादशाहपुर क्षेत्र स्थित मैरा दखान गांव में वर्षात के चलते रिहायशी कच्चा मकान गिर गया। जिससे हजारों के खाद्यान्न का नुकसान हो गया है। थाना मीरगंज क्षेत्र में बारिश के चलते बभनियांव (डिहवा) गांव निवासी राममूर्ति सरोज का कच्चा मकान गिर गया। जिसमें रह रहे परिवार के लोगों ने किसी तरह से भाग कर अपनी जान तो बचा ली लेकिन गृहस्थी का सारा सामान दबकर नष्ट हो गया है। इस तरह यह मौसम जनपद में एक भयानक आफत बन गया है। 

दोस्तों देश और दुनिया की खबरों को तेजी से जानने के लिए बने रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलो करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Tags:    

Similar News