UP Election 2022: चुनाव ड्यूटी से लौट रहे महाराष्‍ट्र पुलिस पर प्रयागराज में हमला, ईंट-पत्थर से हमले में बस क्षतिग्रस्त

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के अगले यानी छठे चरण के अंतर्गत संत कबीर नगर में 3 मार्च को मतदान प्रक्रिया होनी है। प्रयागराज में सफलतापूर्वक चुनाव संपन्न कराने के बाद ये पुलिस बल संतकबीर नगर के लिए जा रही थी।

Update: 2022-02-28 08:32 GMT

prayagraj attacked on maharashtra police bus

UP Election 2022 : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (UP Election 2022) के तहत पांचवें चरण का चुनाव रविवार को संपन्न हुआ। चुनाव ड्यूटी से लौट रहे महाराष्‍ट्र पुलिस की बस पर प्रयागराज में अराजक तत्वों ने हमला बोल दिया। पुलिस बल पर यह हमला थरवई थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार 28 फरवरी की सुबह हुआ। उपद्रवियों ने पुलिस वाहन पर ईंट-पत्थर  और लोहे को रॉड से हमला किया। इस अचानक हुए हमले में जहां बस के शीशे टूट गए वहीं, वाहन में सवार पुलिस के जवानों को चोटें भी आई। लेकिन, हमले के बाद पुलिस के जवान ने उपद्रवियों को खदेड़ा। उन्होंने भाग रहे दो उत्पात मचाने वालों को पकड़ लिया, जबकि अन्य भागने में सफल रहे। 

आपको बता दें, कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 (UP Election) के अगले यानी छठे चरण के अंतर्गत संत कबीर नगर (Sant Kabir Nagar) में 3 मार्च को मतदान प्रक्रिया होनी है। प्रयागराज में सफलतापूर्वक चुनाव संपन्न कराने के बाद ये पुलिस बल संतकबीर नगर के लिए जा रही थी। बता दें, कि ये सभी महाराष्ट्र पुलिस के जवान हैं।

क्या था मामला? 

सामान्य दिन की तरह पुलिस जवानों को लेकर रोडवेज बस प्रयागराज से संत कबीर नगर के लिए जा रही थी। जानकारी के अनुसार, सुबह नौ बजे के करीब ये सभी थरवई थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर थानापुर गांव के सामने से गुजर रहे थे। इसी दौरान वाहन के ओवरटेक को लेकर स्थानीय कुछ युवकों से बस चालक की कहासुनी हो गई। जिसने बाद में विवाद का रूप ले लिया। विवाद कर रहे युवक ने अन्य साथियों को भी बुला लिया। सभी ने मिलकर पुलिस बल पर हमला कर दिया। इन उपद्रवियों ने ईंट-पत्थर चलाए, जिससे रोडवेज बस का शीशा टूट गया। हालांकि, किसी को गंभीर चोट नहीं आई।

पुलिस जवानों ने दो उत्पातियों को पकड़ा 

इस अचानक हुए हमले से अंदर बैठे जवान हरकत में आए। तुरंत एक्शन लेते हुए जवान नीचे उतरे और उपद्रवियों को खदेड़ा। इस दौरान उन्होंने भाग रहे दो उपद्रवियों को पकड़ लिया। जबकि, पथराव कर रहे अन्‍य शरारती तत्व भागने में सफल रहे। राष्ट्रीय राजमार्ग पर थाना पुर गांव के सामने हुई इस घटना की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी सहसों दयाराम, थाना प्रभारी सरायइनायत सुशील कुमार दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

थरवई थाने की पुलिस दर्ज कर रही मुकदमा

हादसे के वक़्त मौजूद महाराष्ट्र पुलिस की तहरीर पर पकडे गए दोनों युवकों के खिलाफ पुलिस कार्यवाही की जा रही है। पुलिस पूछताछ कर रही है। पकड़े गए दो युवकों में शिव प्रकाश विश्वकर्मा निवासी चकिया थाना सराय इनायत एवं महेंद्र यादव निवासी बगई कला थाना सराय इनायत को पकड़ लिया गया है। थरवई थाने की तरफ से बताया गया है कि  प्रयागराज से चुनाव संपन्न कराकर संत कबीर नगर जिला के लिए जा रही महाराष्ट्र पुलिस की बस के साथ यह घटना घटी। केस दर्ज किया रहा है। क्षतिग्रस्त बस को मरम्मत के लिए भेज दिया गया है। तत्काल दूसरी बस से जवानों को भेजा गया है।

Tags:    

Similar News