Raebareli News: गायब हुआ आरिफ का सारस दोस्त, वन विभाग में हड़कंप

Raebareli News: सारस पक्षी को वन विभाग द्वारा रायबरेली के सलोन के समसपुर पक्षी विहार से अचानक गायब हो जाने पर सोशल मीडिया पर चर्चाएं शुरू हो गई है।

Update: 2023-03-23 07:40 GMT
आरिफ और सारस की दोस्ती (फोटो: सोशल मीडिया )

Raebareli News: अमेठी के जामो से आरिफ और उनके साथी सारस पक्षी को अधिकारियों ने जुदा किया था। अब दोस्त पक्षी बुधवार को गायब हो गया है। जिससे वन विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। आरिफ का हमसफर सारस पक्षी को वन विभाग द्वारा रायबरेली के सलोन के समसपुर पक्षी विहार से अचानक गायब हो जाने पर सोशल मीडिया पर चर्चाएं शुरू हो गई है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी ट्वीट कर बातों बातों में अपनी बात लिख डाली और रायबरेली की कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी अपने फेसबुक अकाउंट पर आरिफ और सारस की दोस्ती के बारे में बातों बातों में इशारा किया है।

मामला रायबरेली के सलोन का है जहां पर मंगलवार को आरिफ के घर से लाये गए सारस पक्षी को समसपुर पक्षी विहार में छोड़ा गया था। अब सारस पक्षी का पक्षी विहार में लोकेशन नही मिल रहा है। वह विभाग के अधिकारियो के मुताबिक बुधवार चार बजे के बाद से सारस को नही देखा गया है। सारस पक्षी उस समय चर्चा में आया था, जब आरिफ नाम के शख्स के साथ उसकी दोस्ती के किस्से सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। खुद सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आरिफ और सारस की दोस्ती देखने जामो पहुँचे थे।

मंगलवार को वन विभाग के अधिकारी आरिफ के घर पहुँचे थे। विभागीय अधिकारियों ने आरिफ को बताया कि सारस को स्वतंत्र वातावरण देने के लिए उसे खुले वातावरण में छोड़े जाने का आदेश हुआ है। जिसके बाद सारस को सलोन के समसपुर पक्षी विहार में लाकर छोड़ा गया था। बुधवार चार बजे से सारस लापता है। क्षेत्रीय वन अधिकारी रूपेश श्रीवास्तव ने बताया कि चार बजे तक सारस को देखा गया था। इसके बाद से उसे नही देखा गया। टीम राउंड पर खोजबीन करने में जुटी हुई है।

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लिखा कि भाजपाइयों को प्रेम के पर्यावरण से ही प्रेम नहीं है, चाहे वो प्रेम इंसान-इंसान के बीच हो या फिर इंसान-परिंदों के बीच हो। दूसरों को दुख देकर, उनके दुख में अपना सुख ढूँढनेवाले कभी ख़ुश नहीं रह सकते।

प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी कही ये बात

कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि अमेठी के रहने वाले आरिफ और एक सारस पक्षी की दोस्ती, जय-वीरू की तरह थी। साथ-साथ रहना, साथ खाना, साथ आना-जाना... उनकी दोस्ती इंसान की जीवों से दोस्ती की मिसाल है। आरिफ ने उनके प्रिय सारस को घर के सदस्य की तरह पाला, उसकी देखभाल की, उससे प्यार किया। ऐसा करके उन्होंने पशु-पक्षियों के प्रति इंसानी फर्ज की नजीर पेश की है जो कि काबिल-ए-तारीफ है। हाल ही में ‘द एलिफेंट व्हिस्‍पर्स’ को ऑस्कर मिला, जिसकी कहानी भी एक हाथी और इंसान की संवेदनशील कहानी है। ये कहानियां हमें इसलिए भावुक करती हैं क्योंकि मनुष्य का जीवन और पर्यावरण में पाये जाने वाले जितने भी सहजीवन हैं, दोनों एक-दूसरे के पूरक हैं।

हमें हमारे पशु-पक्षी, पेड़-जंगल, पहाड़, ग्लेशियर, समुद्र, नदियां सबको बचाना है, सबकी हिफाजत करनी है। सुंदर और स्वस्थ पर्यावरण ही सुंदर जीवन दे सकता है और इंसान व वन्य जीवों के बीच प्रेम की ऐसी कहानियां हमें प्रेरणा देती हैं। सरकारों का भी यही काम है कि ऐसी कहानियों से प्रेरणा लें और वन्य जीवों व इंसानों के बीच मोहब्बत भरे रिश्ते से संवेदना के मोती चुनें।

Tags:    

Similar News