Raebareli News: रायबरेली में शिक्षा व्यवस्था पर डीएम का बड़ा एक्शन, स्कूल चलो अभियान और निपुण मिशन को लेकर दिए सख्त

Raebareli News: रायबरेली डीएम सरनीत कौर ब्रोका ने समग्र शिक्षा अभियान की समीक्षा बैठक में डीबीटी, निपुण भारत मिशन, आरटीई नामांकन, स्कूल चलो अभियान, पीएम पोषण योजना और विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

Update:2026-06-20 20:01 IST

Raebareli News: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जनपद की जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में शनिवार को समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा विभाग की प्रगति, आधारभूत सुविधाओं, छात्र नामांकन तथा निपुण भारत मिशन सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) योजना की समीक्षा करते हुए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए कि नामांकित छात्रों का डेटा तत्काल सत्यापित कराया जाए। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को विद्यालय परिसरों से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों की शिफ्टिंग तथा शेष विद्यालयों में विद्युत संयोजन का कार्य एक सप्ताह के भीतर पूरा कराने के निर्देश दिए।

बैठक में निपुण भारत मिशन की प्रगति पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को विशेष अभियान चलाकर शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप रायबरेली को निपुण जनपद घोषित कराने के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए। वहीं, आरटीई के तहत ऑनलाइन पोर्टल से आवंटित 2411 छात्रों का संबंधित विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने को कहा।

डीएम ने आगामी 1 जुलाई से शुरू होने वाले ‘स्कूल चलो अभियान’ को सफल बनाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार तथा पिछले वर्ष की तुलना में अधिक नामांकन कराने पर जोर दिया। साथ ही, सत्र 2025-26 में कक्षा 8 उत्तीर्ण कर चुके सभी विद्यार्थियों का कक्षा 9 में शत-प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने पीएम पोषण योजना के तहत निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण एवं स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध कराने तथा रसोइयों को समय पर मानदेय भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा जर्जर विद्यालय भवनों के ध्वस्तीकरण, निर्माणाधीन कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के कार्यों को शीघ्र पूर्ण कर हैंडओवर करने तथा विद्यालयों की बाउंड्रीवाल निर्माण में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News