Raebareli News: योग दिवस की पूर्व संध्या पर चला विशेष स्वच्छता अभियान, रेवतीराम परिसर में हुई सफाई
Raebareli News: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर नगर पालिका ने रेवतीराम तालाब परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता और स्वास्थ्य का संदेश दिया।
योग दिवस की पूर्व संध्या पर चला विशेष स्वच्छता अभियान, रेवतीराम परिसर में हुई सफाई (Photo- Newstrack)
Raebareli News: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर रायबरेली नगर पालिका परिषद द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। यह अभियान मुख्यमंत्री के निर्देश एवं जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के आदेश के क्रम में आयोजित किया गया। नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी स्वर्ण सिंह के नेतृत्व में शहर के ऐतिहासिक रेवतीराम तालाब परिसर में व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाया गया, जिसमें नगर पालिका के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा सभासदों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
स्वच्छ वातावरण और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के बारे में जानकारी दी गई
अभियान के दौरान तालाब परिसर से कूड़े-कचरे का निस्तारण कराया गया, झाड़ियों की कटाई की गई तथा पूरे क्षेत्र को स्वच्छ और आकर्षक बनाने का कार्य किया गया। इसके साथ ही लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए जनजागरूकता गतिविधियां भी संचालित की गईं। उपस्थित लोगों को स्वच्छ वातावरण और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
अधिशासी अधिकारी स्वर्ण सिंह ने कहा कि योग और स्वच्छता दोनों ही स्वस्थ जीवन के महत्वपूर्ण आधार हैं। योग दिवस के आयोजन को सफल बनाने के लिए सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई और नागरिकों की सहभागिता बेहद आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने की अपील भी की।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने की शपथ
कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, सभासदों एवं उपस्थित नागरिकों ने स्वच्छता बनाए रखने तथा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने की शपथ ली। नगर पालिका परिषद ने नागरिकों से आह्वान किया कि वे स्वच्छ एवं स्वस्थ रायबरेली के निर्माण में अपना योगदान दें और स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत बनाएं।