Shamli News: अंकित बालियान हत्याकांड में फर्जी सोशल मीडिया आईडी चलाने वाला गिरफ्तार
Shamli News: शामली में हरियाणवी कलाकार अंकित बालियान हत्याकांड में फरार आरोपी सत्यम कात्यायन के नाम से फर्जी फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट चलाने वाले बिहार निवासी अंकित यादव को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
Shamli News
Shamli News: जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र में हरियाणवी कलाकार अंकित बालियान हत्याकांड में सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर लोगों को भ्रमित करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने हत्याकांड में फरार चल रहे शूटर सत्यम कात्यायन के नाम से फेसबुक और इंस्टाग्राम पर फर्जी अकाउंट बनाए थे। इन अकाउंट के माध्यम से सत्यम के पुराने फोटो और वीडियो पोस्ट किए जा रहे थे। पुलिस के अनुसार, लोगों को भ्रमित करने के साथ ही फॉलोअर्स और व्यूज बढ़ाना भी आरोपी का उद्देश्य था।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से फर्जी आईडी संचालित करने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन बरामद किया है। वहीं, इस कार्रवाई के बीच मृतक अंकित बालियान की पत्नी सीमा ने वीडियो बयान जारी कर पुलिस की कार्यप्रणाली पर कई गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए पुलिस के खुफिया तंत्र और साइबर क्राइम टीम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए हैं।
क्या है पूरा मामला?
आपको बता दें कि 26 अगस्त 2026 को शामली शहर में हरियाणवी कलाकार अंकित बालियान की निर्मम हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने घटना के पांच दिन बाद, 31 अगस्त 2026 को मुठभेड़ के दौरान हत्याकांड में शामिल दो शूटरों को मार गिराया था। वहीं, मामले में शामिल सत्यम कात्यायन और आर्यन संधू फरार चल रहे थे।इस मामले में कोतवाली शामली पुलिस ने 25 नवंबर को संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद एसपी एनपी सिंह के निर्देश पर सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट की जांच शुरू की गई।साइबर सेल की जांच में सामने आया कि फेसबुक और इंस्टाग्राम पर सत्यम कात्यायन के नाम से फर्जी अकाउंट बनाए गए थे। इन अकाउंट पर अंकित बालियान हत्याकांड में फरार आरोपी सत्यम के पुराने फोटो और वीडियो पोस्ट किए जा रहे थे।जांच में पता चला कि इन फर्जी अकाउंट को बिहार के मधेपुरा जिले के धैलाढ़ थाना क्षेत्र के रतनपुरा गांव निवासी अंकित यादव पुत्र गणेश यादव संचालित कर रहा था। आरोपी ने फर्जी फेसबुक और इंस्टाग्राम आईडी बनाने के लिए अपने चाचा झोलो उर्फ मोहन यादव और पिता गणेश यादव के मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल किया था।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वर्तमान में राजस्थान के श्रीगंगानगर में प्लास्टर का काम करता है। कुछ महीने पहले अंकित बालियान नाम के व्यक्ति की हत्या हुई थी। इस मामले से जुड़े लोगों के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे थे।
संयुक्त कार्रवाई में आरोपी गिरफ्तार
कोतवाली शामली और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने शुक्रवार, 27 नवंबर को आरोपी अंकित यादव को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से फर्जी सोशल मीडिया आईडी संचालित करने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली शामली में मुकदमा अपराध संख्या 516/26 के तहत आईटी एक्ट की धारा 66C में कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में कोतवाली शामली के प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार और सर्विलांस सेल प्रभारी कर्मवीर सिंह अपनी टीम के साथ शामिल रहे।
मृतक की पत्नी ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
इस कार्रवाई से एक दिन पहले ही मृतक अंकित बालियान की पत्नी सीमा ने वीडियो बयान जारी कर मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने आमजन की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाए।सीमा का आरोप है कि जब वह अपनी शिकायत लेकर कोतवाली जाती हैं तो पुलिस उन्हें दो-दो घंटे तक बैठाए रखती है और कोई स्पष्ट जवाब नहीं देती। उन्होंने कहा कि अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस का साइबर क्राइम और खुफिया तंत्र प्रभावी तरीके से काम नहीं कर रहा है।मृतक की पत्नी ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह न्याय मिलने तक अपनी लड़ाई जारी रखेंगी। वहीं, पुलिस की ओर से फिलहाल फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट संचालित करने वाले युवक की गिरफ्तारी की जानकारी दी गई है। हत्याकांड के फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर आगे की कार्रवाई जारी है।