Shravasti News: नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म मामले में 72 घंटे के भीतर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Shravasti News: मल्हीपुर पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार एक आरोपी और एक बाल अपचारी को 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

Update:2026-08-06 21:29 IST

नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म मामले में 72 घंटे के भीतर पुलिस की बड़ी कार्रवाई (Photo- Newstrack)

Shravasti News: श्रावस्ती के मल्हीपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने 72 घंटे के भीतर बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे एक आरोपी और एक विधि विरुद्ध बाल अपचारी को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। दोनों को आदर्श इंटर कॉलेज जमुनहा के पास से गिरफ्तार किया गया और विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय भिनगा के समक्ष पेश किया गया।

क्या था पूरा मामला

पुलिस के अनुसार 03 अगस्त 2026 को चमरपुरवा, थाना मल्हीपुर निवासी एक महिला ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी नाबालिग पुत्री को गांव से करीब 500 मीटर दूर ननकऊ मौर्या के बाग में पिकअप वाहन में बैठाकर ले जाया गया, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। महिला की तहरीर के आधार पर थाना मल्हीपुर में मुकदमा अपराध संख्या 125/26 के तहत धारा 70(2) बीएनएस तथा 5(जी) और 6 पाक्सो एक्ट में मामला दर्ज किया गया था।

मुखबिर की सूचना पर दबोचे गए दोनों आरोपी

पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के आदेश पर अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह और क्षेत्राधिकारी भिनगा भरत पासवान के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक महेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मामले से जुड़े आरोपी आदर्श इंटर कॉलेज जमुनहा के पास मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर एक फरार आरोपी और एक विधि विरुद्ध बाल अपचारी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार किए गए आरोपी

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बेलरी, थाना मल्हीपुर निवासी हंसराम उर्फ हसनू पुत्र सहज राम और बेलरी का ही एक विधि विरुद्ध बाल अपचारी शामिल है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय भिनगा के समक्ष पेश कर दिया।

पुलिस टीम ने निभाई अहम भूमिका

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक महेन्द्र कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल ज्ञानेन्द्र कुमार यादव, हेड कांस्टेबल गोविन्द कुमार, कांस्टेबल अमरेन्द्र चौधरी और कांस्टेबल बृजेश कुमार शामिल रहे। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

एसएसपी ने कही यह बात

पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों में पुलिस की जीरो टॉलरेंस की नीति है। ऐसे जघन्य मामलों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पाक्सो से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि उन्हें सजा दिलाई जा सके।

Tags:    

Similar News