Shravasti News: बाल विवाह और पॉक्सो पर सख्ती, एएसपी ने जागरूकता व त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश
Shravasti News: श्रावस्ती में एएसपी की अध्यक्षता में AHTU और SJPU की मासिक समीक्षा बैठक हुई। बालश्रम, बाल विवाह और पॉक्सो मामलों पर सख्ती के साथ गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाने तथा पीड़ित बच्चों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए गए।
Shravasti News(Photo-Social Media)
Shravasti News: जिले में बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों पर रोक और उनके संरक्षण के लिए मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में थाना एएचटी और विशेष किशोर पुलिस इकाई (SJPU) की मासिक समीक्षा एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह ने की। यह बैठक पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन में हुई।
बाल सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा:
बैठक में सबसे पहले महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन, उत्तर प्रदेश लखनऊ द्वारा जारी SOP के अनुसार विवेचना, थानों पर नियुक्त बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों की भूमिका और जिले में कार्यरत NGO के सामने आ रही समस्याओं पर चर्चा की गई। एएसपी ने बाल गुमशुदगी, बाल श्रम, बाल विवाह, बाल भिक्षावृत्ति की रोकथाम और बाल श्रम से मुक्त कराए गए बच्चों के पुनर्वास को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बालश्रम, पॉक्सो एक्ट और बाल विवाह को रोकना पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाए।
गांव-गांव जाकर चलाएं जागरूकता अभियान:
एएसपी चंद्रकेश सिंह ने सभी बाल कल्याण अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र के गांवों में जाएं और चौपाल लगाकर लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणाम बताएं। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधानों और गांव के संभ्रांत लोगों को भी जिम्मेदारी दी जाए कि यदि बाल विवाह का कोई मामला संज्ञान में आए तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस और बाल कल्याण समिति (CWC) को दें। उन्होंने बाल अपराध से जुड़े संवेदनशील मामलों में त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही बाल संरक्षण से जुड़ी संस्थाओं के साथ समन्वय बनाकर संयुक्त अभियान चलाने और पीड़ित बच्चों को सरकार की योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।
ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में प्रभारी निरीक्षक AHTU लाल सिंह, SSB से निरीक्षक राहुल, थाना AHTU से रणविजय सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी मोहम्मद मुमताज, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष विश्राम पासवान, ग्रामीण बौद्ध कल्याण सेवा संस्थान से प्रेम बाबू गिरी, देहात इंडिया से यूसुफ व हंसराम, मां सरस्वती बालिका शिक्षा समिति से श्रवण कुमार श्रीवास्तव सहित AHTU, SJPU के अधिकारी-कर्मचारी और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी उपस्थित रहे। पुलिस ने कहा कि बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए जन सहभागिता जरूरी है। किसी को भी बालश्रम या बाल विवाह की जानकारी मिले तो वह तुरंत 112 या चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना दे।