Shravasti News: महिला से दुष्कर्म का 15 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
Shravasti News: भिनगा जंगल मामले में फरार चल रहे आरोपी को राप्ती नदी किनारे मंदिर के पास पुलिस ने दबोचा, कोर्ट में किया पेश।
Shravasti News
Shravasti News: कोतवाली भिनगा क्षेत्र के जंगल में महिला से दुष्कर्म और मारपीट के मामले में फरार चल रहे 15,000 के इनामी वांछित अभियुक्त को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को राप्ती नदी के किनारे भखलापुल स्थित मंदिर के पास से पकड़ा गया।
गिरफ्तारी पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह व क्षेत्राधिकारी नगर भरत पासवान के कुशल मार्गदर्शन में की गई। टीम का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक राज प्रकाश सिंह ने किया।
क्या था मामला
गत 19 जून 2026 को पीड़िता ने कोतवाली भिनगा में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि जंगल में उसके साथ दुष्कर्म और मारपीट की गई। इस पर थाना कोतवाली भिनगा में मु0अ0सं0 276/2026 धारा 64(1), 115(2), 352, 351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया।
विवेचना के दौरान साक्ष्य संकलन के आधार पर जय जय राम चौहान पुत्र जिलेदार चौहान निवासी गौतमबुद्ध नगर, खेदूपुरवा थाना कोतवाली भिनगा का नाम प्रकाश में आया। अभियुक्त के फरार होने पर पुलिस अधीक्षक द्वारा गत 22 जुलाई 2026 को उसकी गिरफ्तारी पर 15,000 रूपया का पुरस्कार घोषित किया गया था।
इस तरह हुई गिरफ्तारी
आज मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने भखलापुल, राप्ती नदी के किनारे मंदिर के पास दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसे आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। इसके बाद जेल भेज दिया गया है।
आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त जय जय राम चौहान के खिलाफ पहले से भी मु0अ0सं0 22/2026 धारा 309(4), 352, 351(3), 351(2) बीएनएस का मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम
1. प्रभारी निरीक्षक राज प्रकाश सिंह, थाना कोतवाली भिनगा
2. उप निरीक्षक विवेक राठौर
3. कांस्टेबल विपिन कुमार
4. कांस्टेबल संदीप कुमार
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनपद में महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।