Shravasti News: किसानों को अनुदान पर मिलेगा बीज, निःशुल्क मिनीकिट के लिए 16 अगस्त तक बुकिंग

Shravasti News: श्रावस्ती में रबी 2026-27 के लिए किसानों को अनुदान पर बीज और निःशुल्क बीज मिनीकिट उपलब्ध कराए जाएंगे। 16 अगस्त तक बुकिंग और 17 अगस्त को ई-लॉटरी के माध्यम से लाभार्थियों का चयन होगा।

Update:2026-08-06 18:38 IST

Shravasti News

Shravasti News: रबी सत्र 2026-27 में किसानों को बेहतर उत्पादन के लिए कृषि विभाग की ओर से बड़ी सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार गुप्ता ने बताया कि राजकीय कृषि बीज भंडारों के माध्यम से गेहूं, जौ, चना, मटर, मसूर, राई/सरसों और अलसी के बीज अनुदान पर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके साथ ही किसानों को निःशुल्क बीज मिनीकिट भी वितरित किए जाएंगे।योजना के तहत प्रथम चरण की बुकिंग 2 जुलाई 2026 से शुरू हो चुकी है, जो 16 अगस्त 2026 तक जारी रहेगी। लाभार्थियों का चयन 17 अगस्त को ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।

ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से होगी बुकिंग

जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि किसान कृषि विभाग की वेबसाइट www.agriculture.up.gov.in पर जाकर स्वयं ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। इसके अलावा किसान अपने नजदीकी राजकीय कृषि बीज भंडार पर पहुंचकर ऑफलाइन माध्यम से भी बुकिंग करा सकते हैं।उन्होंने बताया कि योजना के तहत दूसरे और तीसरे चरण की बुकिंग भी निर्धारित अंतराल पर खोली जाएगी। प्रत्येक चरण में तीन दिन तक बुकिंग की सुविधा रहेगी। सोमवार से बुधवार तक आवेदन लिए जाएंगे, गुरुवार को ई-लॉटरी होगी और शुक्रवार से रविवार तक पुनः बुकिंग की प्रक्रिया चलेगी। इसके बाद अगले सोमवार को ई-लॉटरी के जरिए चयन किया जाएगा।

तिलहन उत्पादन बढ़ाने पर विशेष जोर

जनपद में तिलहन फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। इसके तहत किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान पर 10 कुंतल तोरिया बीज उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं, 20 कुंतल तोरिया बीज मिनीकिट निःशुल्क वितरित किए जाएंगे।जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित समय के भीतर अपनी बुकिंग अवश्य करा लें। समय पर आवेदन नहीं करने वाले किसानों को बाद में इस सुविधा का लाभ मिलना कठिन हो सकता है। योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए किसान अपने विकासखंड स्थित राजकीय कृषि बीज भंडार से संपर्क कर सकते हैं।

Tags:    

Similar News