Shravasti News: राप्ती नदी में नहाने के दौरान बड़ा हादसा, दो बच्चों की मौत से मचा कोहराम

Shravasti News: श्रावस्ती के भिनगा क्षेत्र में राप्ती नदी में नहाने गए पांच बच्चों में से दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई, जबकि तीन को सुरक्षित बचा लिया गया।

Update:2026-05-07 20:46 IST

Shravasti News

Shravasti News: श्रावस्ती जिले के भिनगा कोतवाली क्षेत्र में बृहस्पतिवार की शाम एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ जिसने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। भखला पुल के पास राप्ती नदी में नहाने गए पांच बच्चों के साथ अचानक बड़ा हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार बच्चे गर्मी से राहत पाने के लिए नदी में नहाने पहुंचे थे लेकिन पानी की गहराई का अंदाजा न लग पाने के कारण सभी बच्चे गहरे पानी की तरफ चले गए। इसी दौरान दो बच्चे डूब गए और उनकी मौत हो गई जबकि तीन बच्चों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा तफरी मच गई और मौके पर भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। भिनगा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू कराया गया। नदी में गोताखोरों को भी उतारा गया लेकिन डूबे हुए दोनों बच्चों का अब तक पता नहीं चल सका है। इस घटना ने एक शादी समारोह की खुशियों को भी गम में बदल दिया क्योंकि बताया जा रहा है कि सभी बच्चे रिश्तेदारी में आए हुए थे।

रेस्क्यू अभियान जारी, घायलों का जिला अस्पताल में इलाज

मिली जानकारी के अनुसार कुल पांच बच्चे नदी में नहाने गए थे जिनमें से तीन बच्चे अभिषेक, राहुल और विनय को सुरक्षित निकाल लिया गया। इन सभी को तुरंत संयुक्त जिला अस्पताल भिनगा भेजा गया जहां उनका इलाज जारी है। वहीं प्रेम प्रकाश और एक अन्य बच्चा अभी तक लापता हैं जिनकी तलाश लगातार जारी है।घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी भिनगा भरत पासवान मौके पर पहुंचे और पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। प्रशासन ने एसडीआरएफ टीम को भी सूचना दी है जो स्थानीय गोताखोरों के साथ मिलकर सर्च ऑपरेशन चला रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सभी बच्चे गर्मी के कारण नदी में नहाने गए थे और अचानक गहराई में चले जाने से यह हादसा हुआ। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आवश्यक विधिक कार्रवाई भी की जा रही है जबकि रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।

Tags:    

Similar News