Siddharthnagar News: विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर डीएम सख्त

Siddharthnagar News: नोडल और सहायक नोडल अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी, मतदान केंद्रों पर रैंप, बिजली, शौचालय और साफ-सफाई समेत सभी मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त करने के निर्देश।

Update:2026-11-23 22:06 IST

 विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर डीएम सख्त (Photo- Newstrack)

Siddharthnagar News:  विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 को सकुशल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की तैयारियों को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में बैठक हुई। मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह की उपस्थिति में आयोजित बैठक में नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराते हुए सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी नोडल अधिकारी अपने सहायक नोडल अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्वाचन संबंधी तैयारियों की कार्ययोजना बनाएं और निर्धारित समय में कार्य पूरा कराएं। उन्होंने मतदान कार्मिकों की व्यवस्था एवं प्रशिक्षण, स्वीप कार्यक्रम, शिकायत प्रकोष्ठ, कॉल सेंटर, कंट्रोल रूम, सी-विजिल, आदर्श आचार संहिता, कानून व्यवस्था, ईवीएम-वीवीपैट, परिवहन, मतपत्र, वेबकास्टिंग, वीडियोग्राफी, चिकित्सा व्यवस्था और मतगणना स्थल की व्यवस्थाओं सहित विभिन्न कार्यों के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी।

डीएम ने मतदान कार्मिकों, मास्टर ट्रेनर, सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट का प्रशिक्षण समय से कराने का निर्देश दिया। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। सी-विजिल एप पर आदर्श आचार संहिता से संबंधित शिकायतों पर भी त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि आचार संहिता लागू होने के बाद राजनीतिक दलों के पोस्टर, बैनर, होर्डिंग और वॉल पेंटिंग हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। नगरीय क्षेत्रों में यह जिम्मेदारी अधिशासी अधिकारियों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जिला पंचायत राज अधिकारी निभाएंगे। स्वीप के तहत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने और आइकॉन बनाने पर भी जोर दिया।

जिलाधिकारी ने सभी मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर वहां रैंप, शौचालय, बिजली, साफ-सफाई सहित आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित कराने को कहा। मतदान में इस्तेमाल होने वाले वाहनों की व्यवस्था एक दिन पहले करने तथा नामांकन, पोलिंग पार्टियों की रवानगी और मतगणना स्थल पर टेंट व बैरिकेडिंग की व्यवस्था समय से पूरी कराने के निर्देश दिए।

बैठक में डीएफओ नीला एम., एडीएम संदीप कुमार श्रीवास्तव, एडीएम न्यायिक ज्ञान प्रकाश, जिला विकास अधिकारी राजमणि वर्मा, परियोजना निदेशक अनिल कुमार, डीसी मनरेगा संदीप सिंह, एआरटीओ सहित सभी संबंधित नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News