Siddharthnagar News: इंजीनियर इमरान लतीफ की परिषद में एंट्री, समर्थकों में खुशी, पार्टी में बढ़ा कद

Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर के इंजीनियर इमरान लतीफ को AAP की राष्ट्रीय परिषद में जगह मिली। समर्थकों ने खुशी जताते हुए बधाई दी।

Update:2026-08-12 15:51 IST

Siddharthnagar News(Photo-Social Media)

Siddharthnagar News: आम आदमी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में पार्टी संगठन को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभा रहे इंजीनियर इमरान लतीफ़ को बड़ी जिम्मेदारी देते हुए राष्ट्रीय परिषद का सदस्य नियुक्त किया है। उनके राष्ट्रीय परिषद में शामिल होने की खबर से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर है। कार्यकर्ताओं ने इसे उत्तर प्रदेश, विशेषकर पूर्वांचल के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।

इंजीनियर इमरान लतीफ़ वर्तमान में आम आदमी पार्टी, उत्तर प्रदेश के प्रांतीय अध्यक्ष (बौद्ध प्रांत) के रूप में संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार सक्रिय हैं। पार्टी के विभिन्न अभियानों, जनहित के मुद्दों और संगठनात्मक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी रही है। विशेष रूप से पूर्वांचल में पार्टी के संगठन विस्तार और कार्यकर्ताओं को एकजुट करने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

राष्ट्रीय परिषद का सदस्य बनाए जाने पर इंजीनियर इमरान लतीफ़ ने पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “यह जिम्मेदारी मेरे लिए सम्मान के साथ-साथ बहुत बड़ी जवाबदेही भी है। पार्टी नेतृत्व ने मुझ पर जो विश्वास जताया है, उसके लिए मैं दिल से आभार व्यक्त करता हूं। मैं पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ इस जिम्मेदारी को निभाऊंगा और पार्टी के संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ आम जनता के मुद्दों को राष्ट्रीय मंच तक मजबूती से पहुंचाने का प्रयास करूंगा।”

उन्होंने कहा, “आम आदमी पार्टी देश की राजनीति में आम आदमी की आवाज को मजबूत करने का काम कर रही है। राष्ट्रीय परिषद में मिली जिम्मेदारी के बाद मेरा प्रयास रहेगा कि उत्तर प्रदेश, विशेषकर पूर्वांचल के कार्यकर्ताओं और आम जनता की आवाज को और प्रभावी ढंग से राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया जाए। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और कार्यकर्ताओं को सम्मान व भागीदारी दिलाना मेरी प्राथमिकताओं में रहेगा।”

जिला अध्यक्ष जलाल चौधरी ने इंजीनियर इमरान लतीफ़ को बधाई देते हुए कहा, “इमरान लतीफ़ को राष्ट्रीय परिषद का सदस्य बनाया जाना पूरे जिले के कार्यकर्ताओं के लिए गौरव की बात है। उन्होंने संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार मेहनत की है। उनकी सक्रियता और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है। हमें पूरा विश्वास है कि वह राष्ट्रीय स्तर पर भी पार्टी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।”

यूथ विंग प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल चौधरी ने कहा, “इमरान लतीफ़ का कार्यकर्ताओं और युवाओं के बीच मजबूत जुड़ाव है। राष्ट्रीय परिषद में उनकी नियुक्ति उनके संघर्ष और मेहनत का सम्मान है। हमें उम्मीद है कि वह राष्ट्रीय मंच पर युवाओं और आम जनता की आवाज को मजबूती से उठाएंगे और पार्टी संगठन को नई ऊर्जा देंगे।”

इंजीनियर इमरान लतीफ़ के राष्ट्रीय परिषद का सदस्य बनाए जाने पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि इमरान लतीफ़ का AAP में लगातार बढ़ता कद उनके संगठनात्मक अनुभव, सक्रियता और जमीनी स्तर पर किए जा रहे कार्यों का परिणाम है।

इंजीनियर इमरान लतीफ़ को बधाई देने वालों में जिला अध्यक्ष जलाल चौधरी, जिला महासचिव प्रदीप पाण्डेय, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सुभाष चंद्र आर्या, डुमरियागंज ब्लॉक अध्यक्ष नोमान उस्मानी, मिठवल ब्लॉक अध्यक्ष राम करण गौड़, भनवापुर ब्लॉक अध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, खुनियांव ब्लॉक अध्यक्ष सोहन आर्य, यूथ विंग प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल चौधरी, संतोष पाण्डेय, इमरान खान, रावी रिज़वी, तारिक हाश्मी, अब्बास काज़मी, सद्दाम सिद्दीकी आदि शामिल हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि राष्ट्रीय परिषद में इंजीनियर इमरान लतीफ़ की मौजूदगी से उत्तर प्रदेश, विशेषकर पूर्वांचल में आम आदमी पार्टी के संगठन को और मजबूती मिलेगी तथा क्षेत्र के जनसरोकारों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी आवाज मिलेगी।

Tags:    

Similar News