मिश्रिख: सीएम योगी ने जनसभा को किया संबोधित, बोले- सपा वाले रामभक्तों पर गोली चलाते हैं

CM Yogi in Misrikh: आज सीएम योगी ने मिश्रिख में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया, जहां उन्होंने सपा-कांग्रेस को कई मुद्दों पर घेरा।

Report :  Aniket Gupta
Update: 2024-05-07 09:33 GMT

CM Yogi in Misrikh: लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण का मतदान आज यूपी की 10 सीटों पर हो रहा है। आज की वोटिंग के बाद यूपी की इन 10 सीटों पर 100 उम्मीदवारों की किस्मत भी ईवीएम की पेंटी में बंद हो जाएगी। पार्टियों के स्टार प्रचारक व कार्यकर्ता अब बाकी बचे चुनावों की तैयारियों में जुट गए हैं। इसी क्रम में आज यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ चुनावी जनसभा को संबोधित करने मिश्रिख पहुंचे, जहां उन्होंने विपक्षी पार्टियों पर जमकर हमला बोला।

ये लोग आपके आस्था से खिलवाड़ कर रहे हैं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मिश्रिख की जनता को संबोधित करते हुए कहा, दुनिया आज सीतापुर की तरफ देख रही है। सनातन को गाली देने का फैशन बन गया है। आपके आस्था के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। सनातन विरोधी कहां ठहर पाएंगे। सीएम योगी ने आगे कहा, नैमिषारण्य के विकास के लिए वोट करें। यहां हवाई सेवा की शुरूआत करने जा रहे हैं।

बीजेपी सरकार में फ्री में राशन मिल रहा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संबोधित करते हुए कहा कि नैमिष के हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा। प्रभु श्रीराम पर विश्वास करने वाला ही काम करेगा। विपक्षियों पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि राम भक्तों पर गोली चलाने वाले काम नहीं कर सकते। सबका एक ही नारा है फिर एक बार 400 पार। हमने बदलते भारत को देखा है। दुनिया में भारत ने अपना सम्मान बढ़ाया है। हमने धारा 370 समाप्त किया है। बदलते भारत में लगातार विकास हो रहे हैं। बीजेपी सरकार में 80 करोड़ लोगों को फ्री में राशन मिल रहा है। सीएम योगी ने कहा कि पहले की सरकारों में बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं थीं। अब भाजपा की सरकार में योजनाओं का पैसा दिल्ली, लखनऊ से सीधे गरीब के खाते तक पहुंच रहा है। 12 करोड़ घरों में शौचालय बन गए हैं।

माफियाओं के समर्थक हैं ये लोग

सीएम योगी ने अपने संबोधन में कांग्रेस और सपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब वोट हाथ या साइकिल को जाता था तो अयोध्या, काशी के मंदिरों में हमला होता था। सपा सरकार के समय प्रदेश में हमले होते थे। अखिलेश यादव आए तो आतंकवादियों के मुकदमे वापस लिए। राम भक्तों पर झूठे मुकदमे किए। तनीक भी शर्म नहीं आई। जब प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर समाजवादी पार्टी ने कुछ नहीं कहा, लेकिन माफिया मुख्तार अंसारी की मौत पर उसके घर तक गए। ये समाजवादी पार्टी वाले रामभक्तों पर गोली चलाते हैं और माफियाओं के समर्थक हैं। इन लोगों से बदला लेने का समय है।

Tags:    

Similar News