UP Board: प्रिंसिपल को मारी थी गोली, जेल में रहकर की पढ़ाई और इंटर में हासिल कर लिये इतने नंबर

UP Board: यूपी बोर्ड में सीतापुर का एक कैदी गुरविंदर सिंह अच्छे नंबर से पास हुआ। दो साल पहले अपने ही प्रिंसिपल को मारी थी गोली।

Report :  Aniket Gupta
Update: 2024-04-21 10:04 GMT

UP Board: यूपी बोर्ड ने बीते दिन यानी शनिवार को 10वीं और 12वीं का रिजल्ट घोषित कर दिया। इसमें सीतापुर जिले के ऐसे कैदी ने परीक्षा पास की जिसने कभी अपने प्रिंसिपल पर अवैध असलहे से गोलियां चलाई थीं। कैदी का नाम गुरविंदर सिंह है। गोली चलाने के बाद से ही गुरविंदर जेल में बंद था। तब से जेल में रहकर गुरविंदर ने पढ़ाई की इस साल इंटर की परीक्षा पास कर ली है।

जेल में रहकर पश्चाताप करने की ठानी

दरअसल, यह पूरा मामला यूपी के सीतापुर जिले के रेउसा इलाके का है, जहां गुरविंदर सिंह नाम के एक व्यक्ति ने अपने ही प्रिंसिपल पर गोली चला दी थी। इसके बाद से वह हत्या के प्रयास के मामले में विचाराधीन कैदी है। जानकारी के अनुसार, इस मामले के बाद आरोपी गुरविंदर सिंह ने जेल में रहकर अपने जीवन को नए तरीके से जीने की कोशिश की और उसने अपनी गलती का पश्चाताप करने का ठान लिया।

सहपाठी के साथ हुआ था विवाद

घटना साल 2022 के सितंबर महीने की है। गुरविंदर सिंह उस समय कक्षा 12वीं का छात्र था। उस समय गुरविंदर ने सीतापुर के आदर्श स्वरूप इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल राम सिंह वर्मा पर गोलियां चलाई थीं। दरअसल, सीट पर बैठने को लेकर गुरविंदर सिंह का झगड़ा उसके सहपाठी के साथ हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि उसने सहपाठी को पीट दिया। मामला जब प्रिंसिपल तक पहुंचा तो इसपर उन्होंने गुरविंदर को फटकार लगाई। डांटने के बाद गुरविंदर सिंह प्रिंसिपल से नाराज हो गया था।

सिर में मारी थी गोली

इसके बाद एक दिन स्कूल का प्रिंसिपल राम सिंह वर्मा निर्माण भवन में निरीक्षण कर रहे थे। उसी दौरान गुरविंदर सिंह ने प्रिंसिपल पर अवैध असलहे से गोलियां चला दी। गोली चलने से भयभीत होकर प्रिंसिपल राम सिंह ऑफिस की तरफ भागे तो गुरविंदर ने उनका पीछा किया और दोबारा फायरिंग की। दोबारा फायरिंग में गोली उनके प्रिंसिपल के सिर में लग गई। घायल होने के बाद तत्काल प्रिंसिपल को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद उनकी जान बच गई।

गुरविंदर ने प्राप्त किए 195 अंक

मामले के बाद पुलिस ने गुरविंदर को हत्या के प्रयास में गिरफ्तार कर लिया। अब गुरविंदर सिंह ने जेल में पश्चाताप करते हुए पढ़ाई की और इंटर का एग्जाम दिया। कल उसने इंटर के परीक्षा परिणाम में अच्छे अंक प्राप्त किए। जेल प्रशासन के अनुसार, गुरविंदर सिंह को अपनी गलती का अहसास हुआ और फिर उसने पढ़ाई की और इंटर की परीक्षा पास की है। बता दें, कैदी गुरविंदर ने इंटर में 500 में से 195 अंक प्राप्त किए हैं। उन्होंने आगे कहा कि गुरविंदर को सिलेबस के लिए सभी जरूरी पुस्तकें उपलब्ध कराई गई थी।

Tags:    

Similar News