Sonbhadra News: बेलगाम मिलिट्री स्कूल में रेणुकूट के रोमल का चयन, मेहनत और अनुशासन ने दिलाई कामयाबी
Sonbhadra News: सोनभद्र के रेणुकूट निवासी रोमल ओंकार ने कॉमन एंट्रेंस टेस्ट में शानदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल बेलगाम में जगह बनाई।
बेलगाम मिलिट्री स्कूल में रेणुकूट के रोमल का चयन, मेहनत और अनुशासन ने दिलाई कामयाबी (Photo- Newstrack)
Sonbhadra News: सोनभद्र। रेणुकूट के लिए गर्व का क्षण उस समय सामने आया, जब हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड में सुरक्षा विभाग से जुड़े मेजर (सेवानिवृत्त) देवेंद्र ओंकार के पुत्र रोमल ओंकार का चयन देश के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल, बेलगाम में हो गया। कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (सीईटी) में शानदार प्रदर्शन कर रोमल ने यह उपलब्धि हासिल की है। उनकी सफलता से हिंडाल्को परिवार, विद्यालय और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।
अनुशासन ने दिलाई सफलता
वर्तमान में रोमल ओंकार रेणुकूट स्थित आदित्य बिड़ला पब्लिक स्कूल के छात्र हैं। प्रारंभ से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर और अनुशासित रहे रोमल ने कठिन प्रतिस्पर्धा के बीच अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल में प्रवेश पाना आसान नहीं माना जाता, क्योंकि यहां देशभर से हजारों विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होते हैं और सीमित सीटों पर चयन होता है। ऐसे में रेणुकूट के छात्र का चयन पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात बन गया है।
रोमल की इस उपलब्धि के पीछे उनके परिवार का मार्गदर्शन और अनुशासित माहौल भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके पिता मेजर (सेनि.) देवेंद्र ओंकार भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दे चुके हैं और वर्तमान में हिंडाल्को में सुरक्षा प्रबंधन से जुड़े रहे हैं। वहीं उनकी माता एक प्रतिष्ठित बैंकिंग संस्था में कार्यरत हैं। परिवार ने हमेशा रोमल को शिक्षा, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण की प्रेरणा दी, जिसका परिणाम आज इस बड़ी सफलता के रूप में सामने आया है।
विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा
विद्यालय के शिक्षकों ने भी रोमल की मेहनत और लगन की सराहना की। शिक्षकों का कहना है कि रोमल शुरू से ही पढ़ाई के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास और अनुशासन पर विशेष ध्यान देते रहे हैं। उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।
इस उपलब्धि पर हिंडाल्को प्रबंधन, आदित्य बिड़ला पब्लिक स्कूल परिवार और सहकर्मियों ने मेजर देवेंद्र ओंकार एवं उनके पुत्र रोमल को शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने विश्वास जताया कि रोमल भविष्य में भी इसी तरह सफलता की नई ऊंचाइयों को छूकर क्षेत्र और देश का नाम रोशन करेंगे।