Sonbhadra News: शेयर ट्रेडिंग का बड़ा खेल, चार पुलिसकर्मियों से 25 लाख उड़ाकर गैंग फरार, तीन पर FIR

Sonbhadra News : सोनभद्र में शेयर ट्रेडिंग के नाम पर साइबर ठगी, चार पुलिसकर्मियों से 25 लाख की धोखाधड़ी, तीन आरोपियों पर FIR दर्ज।

Update:2026-05-27 10:17 IST

Sonbhadra Cyber Fraud

Sonbhadra News: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में शेयर ट्रेडिंग और क्रिप्टो निवेश के नाम पर चल रहे एक बड़े साइबर खेल का पर्दाफाश हुआ है। यहां मोटे मुनाफे का सपना दिखाकर शातिर ठगों ने चार पुलिसकर्मियों को ही अपने जाल में फंसा लिया और करीब 25 लाख रुपये हड़पकर फरार हो गए। मामला खुलने के बाद साइबर थाने में तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

दस प्रतिशत मुनाफे का लालच

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, चोपन थाने में तैनात कांस्टेबल दीपक कुमार वर्मा ने साइबर थाने में दी गई तहरीर में बताया कि सितंबर 2024 में उनका संपर्क संजय कुमार, दानिश और सूफियान नाम के युवकों से हुआ। तीनों खुद को शेयर ट्रेडिंग और क्रिप्टो मार्केट का बड़ा जानकार बताकर “बाटब्रो”, “क्रॉस मार्केट” और “माइनक्रिप्टो” जैसी स्कीमों का प्रचार कर रहे थे। आरोपियों ने दावा किया कि निवेश करने पर हर महीने आठ से दस प्रतिशत तक पक्का मुनाफा मिलेगा। शुरुआत में भरोसा जीतने के लिए बड़े-बड़े सपने दिखाए गए और फिर धीरे-धीरे रकम निवेश कराने का खेल शुरू हो गया।

मुनाफे का सपना दिखाकर खाते किए खाली

दीपक कुमार ने आरोपियों की बातों में आकर 28 सितंबर से 15 दिसंबर 2024 के बीच अलग-अलग माध्यमों से 10 लाख 70 हजार रुपये निवेश कर दिए। कुछ दिन तक उन्हें भरोसे में रखा गया, लेकिन जब लाभ और मूल रकम वापस मांगने की बात आई तो आरोपी टालमटोल करने लगे।

इतना ही नहीं, ठगों ने लालच का एक और जाल फेंकते हुए कहा कि अगर दो लाख रुपये और लगाए जाएं तो इस बार 30 प्रतिशत मासिक मुनाफा मिलेगा। इस पर शक गहराने लगा। जांच-पड़ताल में पता चला कि जिन कंपनियों और स्कीमों का प्रचार किया जा रहा था, उनका कोई वैध रजिस्ट्रेशन तक नहीं है।

खाकी को ही बना डाला निशाना

वहीं दीपक कुमार ने जब अपने स्तर से जानकारी जुटानी शुरू की तो पूरे गिरोह की परतें खुलती चली गईं। पता चला कि यह गैंग सिर्फ एक पुलिसकर्मी नहीं, बल्कि कई वर्दीधारियों को अपना शिकार बना चुका है। जांच में सामने आया कि रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में तैनात कांस्टेबल जितेंद्र कुमार से 7 लाख 80 हजार रुपये, मिर्जापुर में तैनात हेड कांस्टेबल उपेंद्र नाथ से 1 लाख 53 हजार रुपये और सीओ घोरावल कार्यालय में तैनात कांस्टेबल अखिलेश्वर नाथ गुप्ता से 5 लाख रुपये की ठगी की गई।चारों पुलिसकर्मियों से कुल करीब 25 लाख रुपये की रकम साइबर ठगों ने उड़ा दी।

साइबर थाना हरकत में, आरोपियों की तलाश तेज

मामला उजागर होने के बाद साइबर थाना पुलिस ने संजय कुमार, दानिश और सूफियान के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य गंभीर धाराओं में FIRदर्ज कर ली है। साइबर थाना प्रभारी धीरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल लेनदेन की जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश के लिए टीम लगा दी गई है। यहीं यह मामला एक बार फिर बता रहा है कि ऑनलाइन निवेश और फर्जी ट्रेडिंग स्कीमों का जाल किस तेजी से फैल रहा है। ऊंचे मुनाफे के नाम पर साइबर गिरोह पहले भरोसा जीतते हैं और फिर लाखों रुपये समेटकर गायब हो जाते हैं।

Tags:    

Similar News