Independence Day 2022: CM योगी बोले- प्रकृति भी परमात्मा के साथ दे रही आशीर्वाद, यूपी को बनाएंगे 'उत्तम प्रदेश'

15 august 2022 in Lucknow: पूरे देश में आज आजादी का 75वां वर्ष धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजधानी लखनऊ में तिरंगा फहराया।

Written By :  Rahul Singh Rajpoot
Newstrack :  Ashutosh Tripathi
Update: 2022-08-15 04:37 GMT

यूपी CM योगी आदित्यनाथ ने फहराया तिरंगा

Click the Play button to listen to article

Independence Day 2022 in Lucknow : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज स्वतंत्रता दिवस के मौके पर छठी बार लगातार विधानसभा में तिरंगा फहराकर प्रदेश की जनता को अपनी शुभकामनाएं दी। आजादी के अमृत महोत्सव पर उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, वीर सैनिकों, पद्म विभूतियों को पुरस्कृत कर आजादी के नायकों को नमन किया। मुख्यमंत्री ने झंडारोहण के बाद अपने संबोधन में जहां सरकार की योजनाओं को गिनाया, वहीं उत्तर प्रदेश को विकास के पथ पर कैसे आगे ले जाना है इस बारे में भी अपनी बात जनता के सामने रखी।

मुख्यमंत्री योगी ने किसान, नौजवान, महिला, सुरक्षा, विकास, उद्योग, नौकरी, स्वास्थ्य, शिक्षा को लेकर क्या कार्य कर रही है यह भी उत्तर प्रदेश की जनता को अवगत कराया। उन्होंने 2022 के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मिली ऐतिहासिक जीत और खुद के लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने पर जनता के भरोसे का आभार जताया।

कला और संस्कृति क्षेत्र में खास योगदान देने वालों को मिला सम्मान

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर सोमवार को राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान राजधानी लखनऊ में रंगारंग कार्यक्रम भी हुए। राजधानी के विधान भवन में सीएम योगी ने तिरंगा फहराया। ध्वजारोहण के बाद सीएम योगी ने कला और संस्कृति के क्षेत्र में खास योगदान देने वाली शख्सियतों को सम्मानित किया। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों तथा शहीदों के परिजनों को भी सम्मानित किया। इसके अतिरिक्त योग के क्षेत्र में पद्म श्री स्वामी शिवानंद को भी सम्मानित किया।

'प्रकृति भी परमात्मा के साथ मिलकर आशीर्वाद दे रही'

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा, 'हर घर तिरंगा' के माध्यम से भारत के 130 करोड़ लोग आज अपनी आन, बान और शान के साथ जुड़े हैं। उन्होंने कहा, हमें अपने देश और देश के संसदीय लोकतंत्र पर गर्व होना चाहिए। उन्होंने कहा, हर वर्ष जब राष्ट्रीय उत्सव मनाया जाता था तब या तो बारिश होती या भीषण गर्मी पड़ती थी। मगर, इस बार मौसम सुहावना है। अर्थात प्रकृति भी परमात्मा के साथ मिलकर हमें आशीर्वाद दे रही है। सीएम योगी ने कहा, पूरे देश ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ कोरोना महामारी में साथ दिया। उत्तर प्रदेश की जनता ने भी कोरोना काल में हमारा सहयोग किया।'

'75 वर्षों में देश ने लंबी यात्रा तय की है'

सीएम योगी ने अपने संबोधन की शुरुआत में ही सबको बधाई दी। बोले, 'आजादी के 75 वर्षों का देश आज साक्षी बन रहा है। इन 75 वर्षों में देश ने लंबी यात्रा तय की है। यह 'अमृत काल' की नई कार्ययोजना के साथ आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करता है। सीएम योगी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को शत-शत नमन किया। साथ ही, देश पर प्राण न्योछावर करने वाले वीर सपूतों को भी याद किया।' 

'दीर्घायु होने की कामना करता हूं'

विधान भवन में प्रदेशवासियों के नाम अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा, 'आज हम सब इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्य समारोह से जुड़े हुए हैं। इस मंच पर बैठे स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, वीरता पुरस्कार से अलंकृत भारत के वीर सैनिक और उनके परिजन और पद्म पुरस्कारों से सम्मानित प्रदेश की विभूतियां भी यहां बैठी हैं। प्रदेश की विभिन्न विभूतियों का इस अवसर पर अभिनंदन करते हुए इनके स्वस्थ और दीर्घायु होने की कामना करता हूं।'

संघीय लोकतंत्र पर गौरव की अनुभूति होनी चाहिए

सीएम योगी ने कहा, 'भाइयों-बहनों हम सब देश की आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम से जुड़े हैं। हम सबको अपने देश पर, अपने देश के संघीय लोकतंत्र पर गौरव की अनुभूति होनी चाहिए। आजादी के अमृत महोत्सव के इस अवसर पर एक साथ उत्साह और उमंग के साथ जोड़कर दिखाई दे रहे हैं। सामान्यता हर वर्ष आजादी का उत्सव होता था या तो बरसात होती थी या फिर इतनी भीषण गर्मी होती थी कि सामान्य परिस्थितियों में इस प्रकार के समारोह में खड़ा होना एक दूर की कौड़ी नजर आती थी। लेकिन आज जब देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है तो ये सुहाना मौसम इस बात की गवाही दे रहा है कि प्रकृति भी परमात्मा के साथ मिलकर आजादी के इस अमृत महोत्सव हम सब को आशीर्वाद प्रदान कर रही है।

कोरोना में टीम भावना से किया काम 

वास्तव में हम सब को इस आयोजन पर गौरव की अनुभूति क्यों ना हो वह याद कीजिए। जब कोरोना महामारी इस सदी की सबसे बड़ी त्रासदी के रूप में हम सब के सामने आई की तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवाहन पर एकजुट होकर हम सब करोना महामारी से सामना करने के लिए खड़े हो गए। हमें उत्तर प्रदेश की जनता पर पूरा विश्वास था कि वह अपना पूरा सहयोग, अनुशासन के साथ डबल इंजन की सरकार के साथ जुड़ेगी।वह हम सबके साथ हम सबके सामने एक प्रमाण भी है। कोरोना काल में जिस मजबूती के साथ कार्यक्रमों को आगे बढ़ाया गया। टेस्ट, टीकाकरण वह सबके सामने है। इसीलिए जब सामूहिक रूप से हम सब टीम भावना के साथ काम करते हैं उसका रिजल्ट भी हमको सामूहिक दिखाई देता है।

उत्तर प्रदेश के लोगों ने मिसाल कायम किया 

कोरोना में सबको आशंका थी कि इस बड़े राज्य में क्या होगा, लेकिन जिस तरह से उत्तर प्रदेश के लोगों ने मिलकर यह लड़ाई लड़ी वह एक मिसाल बना। आज उत्तर प्रदेश तेजी से आगे बढ़ने वाला राज्य है। सर्वाधिक टीका करने वाला राज्य है, सर्वाधिक खाद्यान्न उपलब्ध करने वाला राज्य है, सबसे बड़ी आबादी वाला राज्य होने के बावजूद हर जनपद में कोविड-19 के टेस्ट को सुविधा को उपलब्ध कराने का भी राज्य है. सीएम योगी ने कहा जब कार्य होगा तो परिणाम भी सामने आएगा।

2022 के चुनाव में रचा इतिहास

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी ने विधानसभा चुनाव 2022 का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, कि उत्तर प्रदेश के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ जब कोई सरकार 5 वर्ष का सफलतम कार्य पूरा करने के बाद दोबारा आई हो। यह 40 वर्षों के बाद उत्तर प्रदेश की जनता को देखने मिला है। यह उत्तर प्रदेश की जनता का भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार पर भरोसे का प्रतीक है। यह उत्तर प्रदेश के इतिहास में पहली बार हो रहा है जब उत्तर प्रदेश का कोई मुख्यमंत्री 5 साल का कार्यकाल अच्छी तरह से पूरा करने के बाद फिर से पूरी तत्परता के साथ खड़ा होकर कार्य कर रहा हो। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री ने एक भारत को श्रेष्ठ भारत एक नारा दिया है, सबका साथ सबका विश्वास सबका प्रयास का जो मूल मंत्र लेकर आगे बढ़ रहे हैं। हम लोग उसी रास्ते पर आगे बढ़ते हुए कार्य कर रहे हैं। सर्व समाज के लिए समग्र विकास की कार्य योजना को मजबूती के साथ आगे बढ़ाया है। आज उसके परिणाम भी हमारे सामने हैं। सेवा, सुरक्षा, सुशासन यह हमारी प्राथमिकता है। 

सरकार की उपलब्धियां

सीएम योगी ने कहा, 'पिछले 5 वर्ष में दो करोड़ 61 लाख परिवारों के पास शौचालय हो जाना, 45 लाख लोगों को आवास उपलब्ध कराना, एक करोड़ 50 लाख से अधिक परिवारों के घर नि:शुल्क बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने का कार्यक्रम साकार करके दिखाया है। उन्होंने कहा, कोरोना वायरस में 15 करोड़ गरीबों को राशन उपलब्ध कराने का कार्य हो या फिर 10 करोड़ गरीबों के बीच आयुष्मान भारत या मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के माध्यम से स्वास्थ्य बीमा का कवर होने का माध्यम हो, या फिर आजाद भारत के 70 वर्षों के बाद खाने के इधन के लिए भटकने वाले गरीबो के लिए प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के माध्यम से 1.70 करोड़ लोगों को निशुल्क गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने का कार्यक्रम। यह सभी कार्यक्रम उत्तर प्रदेश में सफलतापूर्वक लागू किए गए हैं।' 

तेजी से आगे बढ़ रहा उत्तर प्रदेश

सीएम योगी ने कहा, 'उत्तर प्रदेश की जो सबसे बड़ी समस्या कानून व्यवस्था थी। आज वही पूरे देश में नजीर बन गई है। गुंडे, माफिया अपराधियों के खिलाफ सरकार की 'जीरो टॉलरेंस नीति' का ही नतीजा है कि आज उत्तर प्रदेश में निवेश को बढ़ावा मिल रहा है। आज पूरे देश और दुनिया के निवेश का सबसे आकर्षण के रूप में उत्तर प्रदेश है। राज्य सरकार के कड़े प्रयासों के बीच 'ईज आफ डूइंग' में उत्तर प्रदेश नंबर दो पर पहुंचा है। 2017 के पहले ही यह 14वें स्थान पर था। 5 साल में यह दूसरे पर पहुंचा है। पिछले 5 सालों में इसे दोगुना करने में हमें सफलता प्राप्त हुई। जो प्रधानमंत्री के दिखाए हुए मार्गदर्शन पर चलकर हासिल किया। उत्तर प्रदेश को अगले 5 वर्षों में उत्तर प्रदेश के अर्थव्यवस्था को चार गुणा करने की 1 ट्रिलियन डॉलर इकोनामी बनाने के लक्ष्य को लेकर कार्य कर रहे हैं।'

विभागों का 10 सेक्टरों में बंटवारा

सीएम योगी ने यूपी के विकास के लिए विभागों को 10 सेक्टरों में बांटा है। जिसमें कृषि उत्पादन, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास, सामाजिक सुरक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, नगरीय विकास, ग्रामीण विकास, पर्यटन एवं संस्कृति, शिक्षा, राजस्व संग्रह तथा सुरक्षा जैसे विभिन्न सेक्टरों में उसे समायोजित करते हुए हम लोगों ने कार्य करना प्रारंभ किया है। प्रदेश की अर्थव्यवस्था का मुख्य आधार कृषि है। इस देश में और उत्तर प्रदेश में खाद्यान्न उत्पादन में आत्मनिर्भरता की मिसाल कायम की है। लेकिन, इतने भर से हम सब चैन से नहीं बैठने वाले हैं। विगत 5 वर्ष के अंदर अन्नदाता किसानों के हितों के लिए सरकार ने अनेक कार्यक्रम चलाए हैं। 3.50 लाख करोड़ रुपए डीवीडी के माध्यम से हम लोगों ने अन्नदाता किसानों के खाते में भेजने का कार्य किया है। उत्तर प्रदेश की राज्य की अनंत संभावनाओं को देखना है तो आज यह देखना होगा कि यहां हमारे कलाकार जब अपनी प्रस्तुति दे रहे थे भोजपुरी के भी थे, अवधी, ब्रज भी थी और बुंदेली भी थी। जो एक साथ जोड़कर भारत का दृश्य प्रस्तुत कर रही थी।

खेती, किसानी में सुधार

उत्तर प्रदेश में अनंत संभावनाएं छुपी हैं। इन संभावनाओं को सृजित करने का हम सबके सामने अवसर आया है। प्रकृति में अनंत संभावनाओं को आगे बढ़ाने के लिए विगत 5 वर्षो के अंदर वर्षों से लंबित उन सभी योजनाओं को जो सिंचाई की समस्याएं बनती थी। उन्हें हमने पूरा किया। 21 लाख हेक्टेयर से अधिक भूमि को सिंचाई के लिए व्यवस्था उपलब्ध कराई। लेकिन, किसान की लागत कम हो, खेती की लागत कम हो, पैदावार ज्यादा हो, हम फिर से कैसे इसे प्राकृतिक खेती से जोड़ सकें. इस पर कार्य कर रहे हैं। आज प्राकृतिक खेती में उत्तर प्रदेश अपने 25 जनपदों को पवित्र गंगा के साथ कई नदियों से जोड़ा है. बुंदेलखंड सहित 27 जिलों को तकनीक के साथ जोड़कर आगे बढ़ाने का कार्य किया है. केंद्र सरकार के सहयोग से भी इसे आगे बढ़ाया जा रहा है। हम सब इस विश्वास के साथ कार्य कर रहे हैं कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश की वर्तमान अन्नदाता किसानों के द्वारा जो उत्पादन होता है उस पर हम 4 गुना वृद्धि करने की कार्य योजना को आगे बढ़ा रहे हैं। प्रदेश के अंदर प्राकृतिक खेती के लिए भारत का प्रतीक गोवंश महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का कार्य करेगा। इसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार गोवंश के संरक्षण के लिए आश्रय केंद्रों का निर्माण करा रही है। इन सभी का लालन-पालन हो रहा है. इस पर कई योजना शुरू की गई है. हम अपने अन्नदाता किसानों की आमदनी को बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।

निवेश को बढ़ाया

उत्तर प्रदेश में 4 लाख करोड़ का निवेश करने की सफलता प्राप्त की है। एक जनपद एक उत्पाद के साथ रोजगार, नौकरी की संभावनाओं आगे बढ़ाने का कार्य किया है। विगत 5 वर्ष के अंदर 5 लाख नौजवानों को नौकरी प्रदान करने की सफलता किया है। 1.60 लाख नौजवानों को विभिन्न प्रकार की रोजगार के साथ सफलता पूर्वक जोड़ने में सफलता प्राप्त किया है। 60 लाख से अधिक लोगों को परंपरागत उद्योग हस्तशिल्प और कारीगरों को रोजगार के साथ जोड़ने में सफलता प्राप्त हुई है। आज प्रवेश डाटा सेंटर के नए हब के रूप में स्थापित हो रहा है। डिफेंस कॉरिडोर के माध्यम से उत्तर प्रदेश देश की सुरक्षा व्यवस्था और रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भरता के आत्मनिर्भरता के तौर पर आगे बढ़ रहा है। उद्यमियों को सुविधा देने के लिए आगरा, कानपुर, और गोरखपुर में फैक्ट्री कॉन्प्लेक्स की योजना को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा, हम लोगों ने तय किया है 2023 की जनवरी फरवरी माह में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट उत्तर प्रदेश में करेंगे। जिसमें 10 लाख करोड़ रुपए के निवेश लाकर के उत्तर प्रदेश के अंदर रोजगार और स्किल डेवलपमेंट के कार्यक्रम के साथ हर परिवार के एक सदस्य को रोजगार, नौकरी से जोड़कर कार्य करेंगे। 

 कनेक्टिविटी हुई बेहतर

सीएम योगी ने आगे कहा, 'प्रदेश में पिछले 5 वर्षों में कनेक्टिविटी को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर काम किया है। आज उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस वे के रूप में जाना जाता है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे राज को समर्पित हो चुका है। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस वे, बलिया लिंक एक्सप्रेस वे और गंगा एक्सप्रेस वे का कार्य प्रगति पर है। इंटर स्टेट कनेक्टिविटी को बढ़ावा देते हुए पड़ोसी राज्य झारखंड, बिहार, उत्तराखंड समेत सभी राज्यों के साथ अपनी कनेक्टिविटी के साथ जोड़ने का कार्य किया है। यह सभी कार्यक्रम युद्ध स्तर पर आगे बढ़े हैं। उत्तर प्रदेश में आज जिला मुख्यालय को फोरलेन की कनेक्टिविटी से और तहसील, ब्लाक मुख्यालय को 2 लेन के साथ और हर गांव में बेहतर कनेक्टिविटी देने के लिए हम सब युद्ध स्तर पर कार्य कर रहे हैं। मेट्रो जो आधुनिक तकनीक ट्रांसपोर्ट की सुविधा है। उत्तर प्रदेश देश के अंदर सर्वाधिक शहर मेट्रो से जुड़े हुए। 5 शहर वर्तमान में हमारे मेट्रो से जुड़े हुए हैं। आगरा में भी मेट्रो का कार्य तेजी से चल रहा है। आज नो एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश के अंदर क्रियाशील है. जहां से 80 जगह की कनेक्टिविटी प्राप्त हो रही है। आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश में 5 इंटरनेशनल हवाई अड्डे होंगे जो राज्य का पहला प्रदेश होगा।'

Tags:    

Similar News