UP Election 2022 : इन राजनेताओं की पत्नियां बहा रही प्रचार में अपना पसीना

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का आगाज हो चुका है, राज्य में दो चरणों का मतदान संपन्न भी हो गया है बाकी के 5 चरणों के मतदान के लिए राजनेता और राजनीतिक दल अपना पूरा जोर लगा रहे हैं।

Newstrack :  Bishwajeet Kumar
Written By :  Shreedhar Agnihotri
Update: 2022-02-15 12:32 GMT

प्रतीकात्मक तस्वीर

लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव (UP assembly elections) में जहां एक तरफ पार्टी के प्रत्याशी दिन रात एक किए हुए हैं वहीं उनकी पत्नियां भी लगातार चुनाव मैदान में मोर्चा संभाले हुए हैं। दो चरण के मतदान के बाद जिन पांच चरणों का मतदान बचा हुआ है उसमें अपने पति की जीत के लिए उनकी पत्नियां महिलाओं के साथ जनसम्पर्क करने के अलावा अन्य आवश्यक जिम्मेदारियां भी निभा रही हैं।

नमृता पाठक-बृजेश पाठक

योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ब्रजेश पाठक (Brajesh Pathak) की पत्नी नमृता पाठक (Namrita Pathak) साधारण गृहणी होने तक सीमित नहीं हैं, वह बल्कि राजनीति अपनी अच्छी पकड रखती है। वह विधानसभा का चुनाव भी लड चुकी है। 2012 के विधानसभा चुनाव में बसपा ने नम्रता पाठक को उन्नाव सदर विधानसभा सीट (Unnao Sadar Assembly seat) से टिकट दिया  लेकिन वह तीसरे नंबर पर रही। मायावती (Mayawati) की सरकार के दौरान ब्रजेश पाठक की पत्नी नम्रता पाठक राज्य महिला आयोग (State women commission) की उपाध्यक्ष रह चुकी हैं, उन्हें राज्यमंत्री का दर्जा दिया गया था।

अनीता महाना-सतीश  महाना

अपने राजनीतिक जीवन में आठवीं बार विधानसभा का चुनाव लड़ रहे कैबिनेट मंत्री सतीष महाना (Satish Mahana) जहां अपनी विधानसभा महाराजपुर के साथ कानपुर की अन्य विधानसभाओं आर्यनगर और छावनी में भी पार्टी के पक्ष में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। वहीं हर चुनाव मे अपने पति का साथ देने वाली उनकी पत्नी अनीता महाना (Anita Mahana) फिर से इस चुनाव में महिलाओं की टोली बनाकर गली गली घूमकर कमल के लिए वोट मांग रही हैं।

तंजीम फातिमा-मो. आजम खां-  

पूर्व कैबिनेट मंत्री मो. आजम खां (Azam Khan) इस बार जेल में रहकर चुनाव लड रहे हैं। उनके बेटे अब्दुल्ला आजम (Abdullah Azam) भी चुनाव मैदान में हैं। इस  कारण आजम खां की पत्नी तंजीम फातिमा (Tanzeem Fatima) के ऊपर चुनाव प्रचार की डबल जिम्मेदारी है। यह बात अलग है कि नौ बार विधायक रह चुके मो आजम खां के पास कार्यकर्ताओं की लम्बी फौज है। पर पहली बार तंजीम फातिमा अपने दम पर पूरा चुनाव मैनेज कर रही हैं।

राजकुमारी-केशव प्रसाद मौर्य  

प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य (Keshav Prasad Maurya) सिराथू से फिर चुनाव मैदान में उतरे हैं। इन दिनों उनके ऊपर पार्टी के प्रचार प्रसार की बडी जिम्मेदारी है। इसलिए उनकी पत्नी राजकुमारी मौर्य (Rajkumari Maurya) पूरे क्षेत्र मे अपने दोनो बेटों के साथ चुनाव प्रचार करने में जुटी है। वह हर घर जाकर महिलाओं से भाजपा के पक्ष में मतदान करने का आग्रह कर रही हैं।

अभिलाषा शर्मा-नंद गोपाल गुप्ता

बसपा सरकार के बाद भाजपा में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता (Nand Gopal Gupta) उर्फ नंदी एक बार फिर इलाहाबाद की दक्षिण सीट से उम्मीदवार हैं। वह तो चुनाव प्रचार में लगे है। साथ ही उनकी पत्नी अभिलाषा शर्मा (Abhilasha Sharma) भी चुनाव मैदान में उतरकर पार्टी का प्रचार कर रही है। वह इलाहाबाद की मेयर भी है जिसके कारण उनका कार्यकर्ताओं से अच्छा तादाम्य है। अभिलाषा शर्मा कई मौकों पर उनके साथ रहती है तो कभी कभार खुद महिला कार्यकर्ताओं के साथ चुनाव प्रचार करने में लगी है।

नीता  सिंह-सिद्धार्थनाथ सिंह

प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह (Siddharthnath Singh) एक बार फिर चुनाव मैदान में हैं। प्रचार प्रसार का काम तेज हो गया है जिसे देखते हुए उनकी पत्नी डॉ. नीता सिंह भी प्रयागराज की गलियों में जाकर पति के लिए प्रचार अभियान चला रही हैं. जबकि फूलपुर विधायक प्रवीण पटेल की पत्नी गोल्डी पटेल भी पीछे नहीं हैं।  करछना से उम्मीदवार पीयूष रंजन निषाद की पत्नी शकुंतला निषाद, फाफामऊ से गुरु प्रसाद मौर्य की पत्नी कृष्णा देवी मौर्य, हंडिया से अपना दल एस के राकेश धर त्रिपाठी की पत्नी प्रमिला त्रिपाठी आदि भी अपने-अपने पति के लिए पति प्रचार अभियान में लगी हुई है। .

Tags:    

Similar News