UP Election 2022: पूर्व मंत्री रंगनाथ मिश्र के साथ टिकट कटने पर रोने वाले मनीष रावत भाजपा में शामिल

विधानसभा चुनाव से ठीक पहले दल बदलने के सिलसिले में आज दो और नेताओं ने आज भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। जिसमें पूर्व कैबिनेट मंत्री रहे रंगनाथ मिश्रा और पूर्व विधायक रहे मनीष रावत शामिल है।

Newstrack :  Bishwajeet Kumar
Written By :  Shreedhar Agnihotri
Update: 2022-01-29 10:41 GMT

दुसरे दल के नेताओं को बीजेपी की सदस्यता ग्रहण करवाते स्वतंत्र देव सिंह | तस्वीर: आशुतोष त्रिपाठी, न्यूज़ट्रैक 

लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election) के पहले नेताओं का एक दल से दूसरे दल में जाने का काम लगातार जारी है। आज एक बार फिर दूसरे दलों के कुछ नेताओं  ने भाजपा (BJP) की सदस्यता ली है। इसमें पूर्व कैबिनेट मंत्री रंगनाथ मिश्र (Rangnath Mishra) और समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) से सीतापुर के पूर्व विधायक मनीष रावत (Manish Rawat) शामिल हैं। आज भाजपा के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह (Swatantradev Singh) ने इन नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई।

रंगनाथ मिश्र भाजपा की राजनाथ सिंह सरकार के अलावा मायावती सरकार में भी मंत्री रह चुके हैं। मनीष रावत हाल ही में टिकट कटने पर फूटफूट कर रोए थें। वह सपा ने हाथी का साथ छोड़कर साइकिल पर सवारी करने वाले डॉक्टर हरगोविंद भार्गव (Dr. Hargobind Bhargava) को उनकी जगह सिधौली विधानसभा से सपा का प्रत्याशी बनाया है। सपा के पूर्व विधायक मनीष रावत पूर्व सांसद सुशीला सरोज के दामाद हैं। सपा ने सुशीला सरोज को मोहनलालगंज से प्रत्याशी बनाया है।

यूपी सरकार में मंत्री रहे रंगनाथ को आय से अधिक संपत्ति मामले में रंगनाथ मिश्रा का नाम आया था लेकिन बाद में उको बरी कर दिया है। बता दें अक्टूबर 2012 में भदोही जिले के औराई थाने में रंगनाथ मिश्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

इस मौके पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सभी नवागन्तुको का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) के नेतृत्व की केन्द्र सरकार व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) के नेतृत्व की प्रदेश भाजपा सरकार ने गांव, गरीब, किसान की खुशहाली की प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया है। भाजपा सरकार में प्रदेश गुण्डा, माफियाओं से मुक्त हुआ है। भाजपा सरकार में ही बहन, बेटियां सुरक्षित है। आज प्रदेश सरकार गरीब को मकान के साथ ही पढ़ाई और दवाई की भी पूरी व्यवस्था कर रही है। किसान के खाते में सम्मान निधि पहुंच रही है।

उन्होंने कहा कि जब जनता साथ न हो तो खीझ इस प्रकार ही निकलती है। पिछले चुनाव में तो परिवार वालों आपकी खीज झेली और बर्दाश्त की थी, अब जनता पर खीझ न उतारें। ऐसी हरकतों से आपको फोटो और प्रचार तो मिल सकता है वोट नहीं। इस बार जनता का वोट सपा के गुंडाराज, दंगाराज की वापसी न होने के लिए फिर से पड़ने वाला है और जेलवासियों, बेलवासियों की वापसी नहीं होने वाली है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने पार्टी में सभी का स्वागत करते हुए कहा कि आप अपने-अपने जिलों में पहुंचकर फिर एक बार भाजपा सरकार बनाने के लिए प्राणार्पण से जुटिये।

Tags:    

Similar News