UP Global Investors Summit 2023: पीएम मोदी ने ठोकी यूपी की पीठ, बोले-बदल गई है पहचान, देश के विकास की अगुवाई कर रहा उत्तर प्रदेश

UP Global Investors Summit 2023: अपने संबोधन की शुरुआत में प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश से सांसद होने के कारण दुनिया भर से आए निवेशकों का प्रदेश में स्वागत किया।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2023-02-10 08:43 GMT

PM Modi (Newstrack.com)

UP Global Investors Summit 2023: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यहां तीन दिवसीय यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का शुभारंभ करते हुए उत्तर प्रदेश को अपार संभावनाओं वाला प्रदेश बताया। उन्होंने कहा कि पिछले 6 वर्षों के दौरान यूपी ने नई पहचान बनाई है। यूपी को कभी बीमारू राज्य माना जाता था। यहां की कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए जाते थे। आज उत्तर प्रदेश सुशासन के लिए जाना जा रहा है। देश की मजबूत होती हुई अर्थव्यवस्था में उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी भूमिका है। भारत आज दुनिया के लिए ब्राइट स्पॉट बन गया है तो यूपी भारत की ग्रोथ को ड्राइव करने वाला अहम नेतृत्व दे रहा है।

अपने संबोधन की शुरुआत में प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश से सांसद होने के कारण दुनिया भर से आए निवेशकों का प्रदेश में स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने पिछले छह वर्षों के दौरान उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा का विस्तार से जिक्र करते हुए निवेशकों से उत्तर प्रदेश में निवेश करने की अपील की। पीएम ने कहा कि एक तरफ डबल इंजन सरकार का इरादा और दूसरी तरफ संभावनाओं से भरा उत्तर प्रदेश। इससे बेहतर साझेदारी हो ही नहीं सकती। इसलिए इस बेहतरीन मौके को गंवाना नहीं चाहिए।

सांसद होने के कारण यूपी के प्रति विशेष स्नेह

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यूपी के लिए मेरे मन में अलग स्नेह है। यूपी के लोगों के लिए मेरी अलग जिम्मेदारी है क्योंकि मैं यहां से सांसद भी हूं। पिछले 5-6 सालों में यूपी ने नई पहचान बनायी है। आज यूपी एक आशा व उम्मीद का प्रदेश बन चुका है। यहां के माइक्रो इकोनॉमिक फंडामेंटल को बारीकी से देखा जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश को सुशासन और गुड गवर्नेंस के लिए जाना जा रहा है। उत्तर प्रदेश की पहचान बेहतर कानून व्यवस्था, शांति और स्थिरता से भरे हुए प्रदेश के रूप में स्थापित हुई है।

उत्तर प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाने की दिशा में काफी काम किया गया है और उसके बेहतर परिणाम नजर आ रहे हैं। बिजली की कनेक्टिविटी के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। सरकार की ओर से निवेशकों की समस्याएं दूर करने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। इसलिए निवेशक निश्चिंत भाव से यहां निवेश कर सकते हैं।

पांच अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट वाला प्रदेश

प्रधानमंत्री ने कहा कि बहुत जल्द यूपी देश के उस इकलौते राज्य के तौर पर जाना जाएगा जहां पांच अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे हैं। डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर से यूपी सीधे समुद्र के रास्ते से गुजरात से जुड़ेगा। भारत में सोशल, फिजिकल और डिजिटल इंफ्रा में जो काम हुआ, उसका लाभ यूपी को भी मिला है। यूपी सोशली एंड फाइनेंशली कनेक्टेड हो चुका है। सरकारी प्रक्रिया सरल हो रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ऑउट ऑफ कंपल्सन नहीं बल्कि आउट ऑफ कनविक्शन रिफॉर्म करता है। नई वैल्यू और सप्लाई चेन विकसित करने के लिए यूपी नया चैंपियन बनकर उभर रहा है। पीएम ने कहा कि यह न्यू इंडिया के विकास को आगे बढ़ा रहा है। बिजली से लेकर कनेक्टिविटी तक हर क्षेत्र में सुधार हुआ है और राज्य का समग्र विकास हो रहा है।

गंगा किनारे नेचुरल फार्मिंग की शुरुआत

पीएम मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में गंगा के किनारे 5 किलोमीटर के क्षेत्र में नेचुरल फार्मिंग शुरू हो चुकी है। प्रदेश में डेयरी, फिशरीज और फूड प्रोसेसिंग के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। फल और सब्जियों को लेकर इस प्रदेश में काफी डायवर्सिटीज हैं। इस क्षेत्र में अभी भी प्राइवेट सेक्टर की भागीदारी काफी सीमित है। फूड प्रोसेसिंग के क्षेत्र में हमारी सरकार पीएलआई स्कीम लेकर आई है। उन्होंने निवेशकों से इस स्कीम का लाभ उठाने की अपील की।

इंफ्रास्ट्रक्चर पर सरकार का खास फोकस

इंफ्रास्ट्रक्चर पर आज सरकार रिकॉर्ड खर्च कर रही है और हर वर्ष हम इसे बढ़ा रहे हैं। इसलिए आपके लिए इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश के नए मौके बन रहे हैं। स्वास्थ्य, शिक्षा में भी निवेश के अनेक अवसर हैं। ग्रीन ग्रोथ के जिस रास्ते पर भारत चल पड़ा है। उसमें मैं आपको विशेष तौर पर आमंत्रित करता हूं। इस बार बजट में हमने 35,000 करोड़ रुपए सिर्फ एनर्जी ट्रांजिशन के लिए रखे हैं।

भारतीय अर्थव्यवस्था तेजी से हो रही मजबूत

उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया इस बात को मानती है कि भारत की अर्थव्यवस्था काफी तेजी से आगे बढ़ रही है। महामारी के दौर से बाहर निकल कर भारत फास्टेस्ट ग्रोइंग इकोनॉमी कैसे बना, इस पर भी सोचने की जरूरत है। दरअसल इसका सबसे बड़ा कारण लोगों की सोच में बदलाव आना है। लोगों का भरोसा बढ़ा है और इस कारण देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है। आज भारत का हर नागरिक भारत को जल्द विकसित होते देखना चाहता है। देश के लोगों की यह आशा ही विकास के कार्यों में तेजी ला रही है।

मिलेट्स को लेकर सरकार का बड़ा अभियान

प्रधानमंत्री ने कहा कि मिलेट्स को लेकर हमने एक बड़ा अभियान शुरू किया है। इस बार के बजट में मोटे अनाज को श्रीअन्न नाम दिया गया है। मोटे अनाज में काफी पौष्टिकता है और यह सुपरफूड है। दुनिया इस वर्ष को इंटरनेशनल ईयर आफ मिलेट्स के रूप में मना रही है। मोटे अनाज की पैदावार के लिए हम किसानों को मोटिवेट करने में जुटे हुए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत स्किल और स्पीड के रास्ते पर चल पड़ा है। उत्तर प्रदेश में स्किल डेवलपमेंट के लिए काफी काम किए जा रहे हैं। इसका भी उत्तर प्रदेश में निवेश करने वालों को काफी फायदा मिलेगा।

भारत की समृद्धि से दुनिया की समृद्धि

पूरी दुनिया में आज मेड इन इंडिया डिफेंस इक्विपमेंट की डिमांड बढ़ रही है। सरकारी इस काम को गति देने की कोशिश में जुटी हुई है। फूड प्रोसेसिंग के लिए स्कीम लेकर आए हैं। इसका लाभ जनता को मिलेगा। सरकार का प्रयास है कि इनपुट से लेकर पोस्ट हारवेस्ट मैनेजमंट तक किसानों के लिए बने। देशभर में स्टोरेज कैपिसिटी के लिए बजट में प्रावधान किया गया है। छोटे निवेशकों के लिए बढ़िया मौका है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की समृद्धि में ही दुनिया की समृद्धि निहित है। भारत के उज्जवल भविष्य में ही दुनिया के उज्जवल भविष्य की गारंटी छुपी हुई है। इसलिए समृद्धि की इस यात्रा में निवेशकों की भागीदारी काफी महत्वपूर्ण है। ग्लोबल समिट के शुरुआत के मौके पर आयोजित कार्यक्रम को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन उद्योगपति मुकेश अंबानी, बिरला ग्रुप के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला और टाटा संस के चेयरमैन चंद्रशेखर ने भी ने भी संबोधित किया।

Tags:    

Similar News