Lucknow News: महिला पहलवानों का लखनऊ में जारी कैंप रद्द, 'साई' ने अपने खर्चे पर पहलवानों और कोचों को घर वापस भेजा

Lucknow News: महिला पहलवानों द्वारा भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष ब्रजभूषण शरण पर लगाए गए आरोपों के बाद महिला पहलवानों का लखनऊ के साई सेंटर में शुरू हुआ कैंप रद्द कर दिया गया है।

Written By :  Raj Kumar Singh
Update: 2023-01-19 03:57 GMT

‘साई’ ने अपने खर्चे पर पहलवानों और कोचों को घर वापस भेजा (Pic: Social Media)

Lucknow News: महिला पहलवानों द्वारा भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष ब्रजभूषण शरण सिंह पर लगाए गए आरोपों के बाद महिला पहलवानों का लखनऊ के साई सेंटर में शुरू हुआ कैंप रद्द कर दिया गया है। देश भर के महिला पहलवानों का नेशनल कैंप बुधवार से ही शुरू हुआ था। सेंटर में 6 महिला पहलवान, 2 प्रशिक्षक, दो फिजियोथेरेपिस्ट और एक मसाजर मौजूद थे। इन सभी को भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) अपने खर्चे पर इनके घर वापस भेज रहा है।

दरअसल, इस कैंप के लिए जो नाम चुने गए थे उनमें से कई आए ही नहीं थे। कई पहलवान दिल्ली में जंतर मंतर पर भारतीय कुश्ती संघ और इसके अध्यक्ष सांसद ब्रज भूषणशरण सिह के खिलाफ धरने पर बैठ गए थे। इनमें जानी मानी पहलवान विनेश पवार भी शामिल थीं। ऐसे में इस कैंप का औचित्य पहले ही सवालों के घेरे में था। विरोध कर रहे पहलवानों का कहना है कि जब तक ब्रजभूषण शरण सिंह पर कार्रवाई नहीं होगी तब तक वे लोग किसी भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग नहीं लेगें।

लखनऊ में आयोजित किए जाने वाले इस कैंप में देश की 40 महिला पहलवानों को भाग लेना था। इसके साथ ही इस कैंप में राष्ट्रीय स्तर के 13 कोच भी शामिल होने थे। ये कैंप मार्च के अंत तक करीब दो माह से कुछ अधिक समय तक चलना था। इस कैंप में प्रदर्शऩ के आधार पर दिल्ली में 28 मार्च से 2 अप्रैल तक एशियन चैंपियनशिप और 16 से 24 सितंबर तक सर्बिया के बेलग्रेड में होने वाली विश्व चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए भेजा जाना था। कैंप के रद्द होने से भारतीय कुश्ती को बड़ा झटका लगा है। अब महिला पहलवानों की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के तैयारी कैसे होगी इस पर बड़ा सवाल लग गया है। भारत में खेलों को लेकर किस तरह राजनीति चलती है और उसका कितना बुरा असर खेल और खिलाड़ियों पर पड़ता है इसका एक बड़ा उदाहरण ये घटनाक्रम है।

Tags:    

Similar News