Kashi Vishwanath Temple: बाबा विश्वनाथ के दरबार में 100 बार हाजिरी लगाने वाले पहले CM बने योगी

Kashi Vishwanath Temple: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्री काशी विश्वनाथ धाम में सौवीं बार हाजिरी लगाने वाले प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं। मुख्यमंत्री ने शनिवार को 100वीं बार काशी स्थित बाबा विश्वनाथ के दरबार में दर्शन-पूजन किया है।

Update: 2023-03-19 10:06 GMT
काशी विश्वनाथ धाम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (फोटो: सोशल मीडिया))

Kashi Vishwanath Temple: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्री काशी विश्वनाथ धाम में सौवीं बार हाजिरी लगाने वाले प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं। मुख्यमंत्री ने शनिवार को 100वीं बार काशी स्थित बाबा विश्वनाथ के दरबार में दर्शन-पूजन किया है। योगी आदित्यनाथ प्रदेश के पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं जो औसतन हर 21 दिन में बाबा विश्वनाथ के धाम में दर्शन पूजन करने के लिए पहुंचे।
बाबा विश्वनाथ के धाम की तरह काशी के कोतवाल माने जाने वाले बाबा कालभैरव के दरबार में भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सौ बार हाजिरी लगा चुके हैं। मुख्यमंत्री के रूप में योगी आदित्यनाथ अब तक 113 बार काशी का दौरा कर चुके हैं।

शनिवार को सौवीं बार किया दर्शन-पूजन
योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री के रूप में मार्च 2017 में प्रदेश की कमान संभाली थी। मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने लगातार मार्च 2023 तक करीब 72 महीने का कार्यकाल पूरा कर लिया है। मुख्यमंत्री के रूप में अपने पहले कार्यकाल मार्च 2017 से मार्च 2022 के दौरान योगी आदित्यनाथ ने करीब 74 बार बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 9 सितंबर 2022 को वाराणसी का सौवां दौरा किया था और तब उन्होंने 88वीं बार बाबा विश्वनाथ का दर्शन और पूजन किया था। सितंबर से 18 मार्च 2023 के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 12 बार बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगा चुके हैं। इस तरह मुख्यमंत्री ने शनिवार को 100वीं बार श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन और पूजन किया है।

बाबा विश्वनाथ के प्रति योगी की अगाध श्रद्धा
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के अर्चक डॉ नीरज कुमार पांडेय का कहना है कि सनातन धर्म और बाबा विश्वनाथ के प्रति मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगाध श्रद्धा रही है। अपने काशी दौरे के समय वे बाबा विश्वनाथ के धाम में पहुंचने की पूरी कोशिश करते हैं।
अपने कार्यकाल के दौरान 100 बार बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगाना बाबा के प्रति उनकी अगाध श्रद्धा का सबूत है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जब भी आते हैं तो षोडशोपचार पूजन के साथ बाबा विश्वनाथ का अभिषेक करते हैं। इसके साथ ही वे देश और प्रदेश के साथ संपूर्ण लोक के सर्वकल्याण की कामना भी करते हैं।

श्रद्धालुओं का पूरा ख्याल रखने का निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को अपने वाराणसी दौरे के दौरान श्री काशी विश्वनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी न होने देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ के दरबार में आने वाले हर श्रद्धालु की सुविधाओं का पूरा ख्याल रखा जाना चाहिए। श्री काशी विश्वनाथ के दरबार में ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए ताकि देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं को सुगमता से बाबा का दर्शन हो सके।

शनिवार को बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगाने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वर्ण शिखर को प्रणाम किया। इसके साथ ही उन्होंने मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं का अभिवादन भी स्वीकार किया। अपने साथ मौजूद अफसरों को उन्होंने निर्देश दिया की मंदिर परिसर में ऐसी व्यवस्था की जानी चाहिए ताकि श्रद्धालु यहां से अच्छी यादें लेकर जाएं। इस बात का विशेष ख्याल रखा जाना चाहिए कि भगवान का दर्शन करने में भक्तों को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।

Tags:    

Similar News