बांग्लादेश में फिर सुलगने लगी सियासी आग! शेख हसीना की वापसी की चर्चा के बीच दो धमाके
Dhaka Airport Blast: शेख हसीना की संभावित वापसी की चर्चा के बीच ढाका एयरपोर्ट के पास दो देसी बम धमाके हुए, जिनमें तीन लोग घायल हो गए। इस घटना के बाद बांग्लादेश में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
Bangladesh Bomb Blast
Dhaka Airport Blast: बांग्लादेश में राजनीतिक हालात एक बार फिर तनावपूर्ण होते नजर आ रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित वापसी की चर्चाओं के बीच राजधानी ढाका में बम धमाकों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। सोमवार रात अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास दो देसी बम विस्फोट हुए, जिनमें तीन राहगीर घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है। ढाका के साथ-साथ उन इलाकों में भी निगरानी बढ़ाई जा रही है, जिन्हें शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग का मजबूत गढ़ माना जाता है।
एयरपोर्ट के आसपास दो जगह हुए बम धमाके
पुलिस के मुताबिक, सोमवार रात पहला विस्फोट हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बाहरी गेट के पास हुआ। वहीं, दूसरा देसी बम हवाई अड्डे के नजदीक जसीमउद्दीन इलाके में फ्लाईओवर के पास फटा। दोनों घटनाओं में तीन राहगीरों को मामूली चोटें आई हैं।
ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, एयरपोर्ट पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी कामरुल इस्लाम तालुकदार ने बताया कि उपद्रवियों ने फ्लाईओवर से दो बम फेंके थे। विस्फोट के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाते हुए संवेदनशील स्थानों पर निगरानी तेज कर दी है।
शेख हसीना की वापसी की चर्चा के बीच क्यों बढ़ा तनाव?
बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव की एक बड़ी वजह पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित वापसी को लेकर चल रही चर्चाएं हैं। अगस्त 2024 में छात्रों के नेतृत्व में हुए आंदोलन के बाद उनकी सरकार गिर गई थी। इसके बाद हसीना बांग्लादेश छोड़कर भारत आ गई थीं और तब से यहीं रह रही हैं।
अवामी लीग के गढ़ माने जाने वाले इलाकों में बढ़ेगी सुरक्षा
बांग्लादेश में पिछले कुछ दिनों के दौरान ट्रेनों, बसों और बैंकों में आगजनी की घटनाएं हुई हैं। पुलिस ने इनमें से कई मामलों के लिए अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया है। इन घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने संभावित हिंसा रोकने के लिए विशेष रणनीति तैयार की है।
बंगाली दैनिक 'प्रोथोम आलो' की मंगलवार की रिपोर्ट के मुताबिक, ढाका, गोपालगंज और अवामी लीग के प्रभाव वाले दूसरे जिलों में सुरक्षा के खास इंतजाम किए जा रहे हैं। दिसंबर के पूरे महीने इन इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रखने की योजना है। इसके अलावा खुफिया एजेंसियों को भी निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
64 जिलों के पुलिस अधिकारियों को मिले निर्देश
बढ़ते तनाव के बीच पुलिस महानिरीक्षक (IGP) मो. अली हुसैन फकीर ने देशभर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को विशेष निर्देश जारी किए हैं। इनमें सभी 64 जिलों के पुलिस अधीक्षक, आठ महानगरों के पुलिस आयुक्त और आठ रेंज के उप-महानिरीक्षक शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों को तोड़फोड़ और हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियों का जोर संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने और किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोकने पर है। एयरपोर्ट के पास हुए धमाकों के बाद देश में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।