मनीला में आज मोदी-ट्रंप की मुलाकात, दो साल बाद हो रही क्वाड की बड़ी बैठक; किन मुद्दों पर होगी चर्चा?
Modi Trump Meeting Manila: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और डोनाल्ड ट्रंप आज मनीला में क्वाड बैठक में शामिल होंगे। दो साल बाद हो रहे इस सम्मेलन में कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।
Modi Trump Meeting
Modi Trump Meeting Manila: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मंगलवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला में एक मंच पर नजर आएंगे। दोनों नेता क्वाड (QUAD) देशों के शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस बैठक में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के राष्ट्राध्यक्ष शामिल होंगे। करीब दो साल बाद हो रही इस बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। पीएम मोदी समेत चार राष्ट्राध्यक्षों की इस मुलाकात पर पूरी दुनिया की नजर है। व्हाइट हाउस ने मंगलवार शाम क्वाड नेताओं की बहुपक्षीय बैठक में ट्रंप की भागीदारी की पुष्टि की। यह ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में पहला क्वाड लीडर्स समिट होगा।
शाम को होगी क्वाड नेताओं की बैठक
मनीला में मंगलवार शाम क्वाड देशों के चारों नेता बैठक करेंगे। इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज शामिल हैं। रिपोर्ट के अनुसार, यह बैठक मनीला के स्थानीय समायनुसार शाम 6:15 बजे होगी। इससे पहले सितंबर 2024 में अमेरिका के डेलावेयर में क्वाड नेताओं की बैठक हुई थी। इस बार फिलीपींस की राजधानी मनीला में यह सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। खास बात यह है कि फिलीपींस क्वाड का सदस्य नहीं है।
क्वाड बैठक में किन मुद्दों पर होगी चर्चा?
इस बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। जिसमें हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा, समुद्री व्यापारिक रास्तों की सुरक्षा, महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति और नई तकनीकों में सहयोग जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठ सकते हैं। चारों देशों के बीच महत्वपूर्ण खनिजों की सप्लाई चेन को मजबूत करने और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा होने की संभावना है।
इसके अलावा दक्षिण चीन सागर में समुद्री सुरक्षा भी एजेंडे का अहम हिस्सा हो सकती है। इस क्षेत्र से दुनिया का बड़ा व्यापारिक आवागमन होता है। ऐसे में यहां जहाजों की सुरक्षित आवाजाही और अंतरराष्ट्रीय समुद्री कानूनों का पालन महत्वपूर्ण मुद्दा है।
चीन यात्रा से पहले ट्रंप की अहम बैठक
अगर देखा जाए तो इस क्वाड बैठक का समय काफी अहम है। इसकी वजह यह है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 19 नवंबर को शेनझेन में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ त्रिपक्षीय बैठक में हिस्सा लेने वाले हैं। ऐसे में चीन यात्रा से ठीक पहले मनीला में क्वाड नेताओं का एक साथ आना अंतरराष्ट्रीय कूटनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है हालांकि, क्वाड देश इस समूह को किसी एक देश के खिलाफ गठबंधन नहीं बताते हैं।
दो साल बाद हो रही क्वाड की बैठक
क्वाड में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं। इस समूह का उद्देश्य हिंद-प्रशांत क्षेत्र को स्वतंत्र, खुला और सुरक्षित बनाए रखने के लिए सहयोग करना है। क्वाड नेताओं की पिछली बैठक सितंबर 2024 में अमेरिका के डेलावेयर में हुई थी। उस समय तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने इसकी मेजबानी की थी। भारत को 2025 में क्वाड सम्मेलन की मेजबानी करनी थी, लेकिन कुछ कारणों से यह बैठक आयोजित नहीं हो सकी थी। अब मनीला में होने वाला सम्मेलन ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में क्वाड नेताओं की पहली शिखर बैठक होगी।
PM मोदी की फिलीपींस यात्रा क्यों है अहम?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 से 18 नवंबर तक फिलीपींस की यात्रा पर हैं। इस दौरान वह 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें ईस्ट एशिया समिट में भी हिस्सा ले रहे हैं। भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करना इस यात्रा का प्रमुख उद्देश्य है। भारत और आसियान देशों के बीच व्यापार, समुद्री सुरक्षा, कनेक्टिविटी और तकनीकी सहयोग जैसे मुद्दों पर भी बातचीत हो रही है। इस लिहाज से मनीला में मोदी और ट्रंप का एक मंच पर आना और क्वाड नेताओं की बैठक कई अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर महत्वपूर्ण संदेश दे सकती है।