24 भारतीय थे सवार, तभी स्टेट ऑफ होर्मुज में LPG टैंकर पर गिरा मिसाइल, इंजन रूम में लगी आग
होर्मुज जलडमरूमध्य में हमले का शिकार हुए LPG टैंकर ‘तारा गैस’ पर सवार सभी 24 भारतीय सुरक्षित हैं।
Strait of Hormuz: स्टेट ऑफ होर्मुज में सोमवार को मिसाइल हमले का शिकार हुए पनामा के झंडे वाले LPG टैंकर ‘तारा गैस’ पर सवार सभी 24 भारतीय सुरक्षित हैं। केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जहाज के 25 सदस्यों वाले पूरे क्रू में से किसी को भी चोट नहीं आई है। सरकार लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और जहाज का प्रबंधन संभालने वाली कंपनी के संपर्क में है।
सोनोवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि सभी 24 भारतीय नागरिकों समेत जहाज के पूरे 25 सदस्य सुरक्षित हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार भारतीय नाविकों की सुरक्षा और उनके हालचाल को लेकर लगातार निगरानी कर रही है। जहाज प्रबंधन कंपनी के साथ संपर्क बनाए रखा गया है, ताकि क्रू की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
ओमान के पास हुआ था टैंकर पर हमला
ब्रिटेन के यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) ने सोमवार को एक तीसरी पार्टी की रिपोर्ट के हवाले से बताया था कि स्टेट ऑफ होर्मुज से गुजर रहे एक टैंकर पर हमला हुआ। यह घटना ओमान के खासाब से करीब 7 समुद्री मील उत्तर में हुई।
रिपोर्ट के मुताबिक, हमले के बाद जहाज का संचालन प्रभावित हुआ और उसके इंजन रूम में आग लग गई। हालांकि, UKMTO ने जहाज पर सवार क्रू की राष्ट्रीयता की पुष्टि नहीं की थी। उसने बताया था कि क्रू सुरक्षित है, लेकिन जहाज को कितना नुकसान पहुंचा है और समुद्र में प्रदूषण का कोई असर हुआ है या नहीं, इसकी जानकारी सामने नहीं आई थी।
UKMTO ने इस रास्ते से गुजरने वाले दूसरे जहाजों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी देने की सलाह दी है। अधिकारियों की ओर से घटना की जांच की जा रही है।
होर्मुज में चार तेल टैंकरों को नुकसान, नौसैनिक बारूदी सुरंग से लगी आग
इस बीच ईरान ने दावा किया है कि पिछले 24 घंटों के दौरान होर्मुज जलडमरूमध्य और उसके आसपास चार तेल टैंकरों को नुकसान पहुंचा है। समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक, ईरानी नौसेना ने बताया कि चौथे टैंकर में नौसैनिक बारूदी सुरंग से टकराने के बाद आग लग गई।
ईरानी नौसेना के अनुसार, यह घटना होर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्वी हिस्से में हुई। नौसेना ने आरोप लगाया कि टैंकर प्रतिबंधित समुद्री क्षेत्र से गुजर रहा था और उसके नेविगेशन सिस्टम बंद थे।
ईरान के सरकारी प्रसारक IRIB पर जारी बयान में नौसेना के जनसंपर्क विभाग ने शिपिंग कंपनियों को चेतावनी दी है। उसने कहा कि देश की सशस्त्र सेनाओं के साथ तालमेल किए बिना प्रतिबंधित समुद्री क्षेत्रों में प्रवेश न करें।