Nobel Prize : गूगल डीपमाइंड के वैज्ञानिकों ने जीता केमिस्ट्री का नोबेल पुरस्कार

Nobel Prize : डीपमाइंड के ब्रिटिश संस्थापक डेमिस हसाबिस और कंपनी के अल्फाफोल्ड प्रोटीन भविष्यवाणी सॉफ्टवेयर के डेवलपमेंट का नेतृत्व करने वाले वैज्ञानिक जॉन जम्पर को पुरस्कार का आधा आधा हिस्सा मिलेगा।

Report :  Neel Mani Lal
Update:2024-10-09 16:25 IST

Nobel Prize : गूगल डीपमाइंड के दो वैज्ञानिकों और एक अमेरिकी बायोकेमिस्ट को प्रोटीन की संरचना की भविष्यवाणी और डिजाइन करने में सफलता के लिए केमिस्ट्री यानी रसायन विज्ञान में 2024 का नोबेल पुरस्कार दिया गया है।

डीपमाइंड के ब्रिटिश संस्थापक डेमिस हसाबिस और कंपनी के अल्फाफोल्ड प्रोटीन भविष्यवाणी सॉफ्टवेयर के डेवलपमेंट का नेतृत्व करने वाले वैज्ञानिक जॉन जम्पर को पुरस्कार का आधा आधा हिस्सा मिलेगा।

पुरस्कार का दूसरा हिस्सा वाशिंगटन विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डेविड बेकर को दिया गया, जिनके कम्प्यूटेशनल शोध से पूरी तरह से नए प्रकार के प्रोटीन का निर्माण हुआ है। स्टॉकहोम में रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज द्वारा बताया गया है कि विजेताओं को "कम्प्यूटेशनल प्रोटीन डिजाइन और प्रोटीन संरचना भविष्यवाणी" के लिए 11 मिलियन स्वीडिश क्रोनर (8,10,00,000 रुपये) का पुरस्कार दिया जाएगा।

पिछले वर्ष रसायन विज्ञान का पुरस्कार तीन वैज्ञानिकों को क्वांटम डॉट्स पर उनके शोध के लिए दिया गया था, जो कि कुछ नैनोमीटर व्यास वाले सूक्ष्म कण होते हैं। इन कणों में असाधारण रूप से चमकीले रंग का प्रकाश फैलाने करने की क्षमता होती है और इनका उपयोग इलेक्ट्रॉनिक्स और मेडिकल इमेजिंग सहित दैनिक जीवन के विभिन्न पहलुओं में किया जाता है।

नोबेल पुरस्कार

नोबेल पुरस्कारों की घोषणाएँ छह दिनों तक चलती हैं। ये 7 अक्टूबर को शुरू हुईं और पहली घोषणा में अमेरिकी विक्टर एम्ब्रोस और गैरी रुवकुन को चिकित्सा पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

भौतिकी का पुरस्कार जॉन हॉपफील्ड और जेफ्री हिंटन को दिया गया, जो मशीन लर्निंग के दो संस्थापक हैं। भौतिकी में 2024 के नोबेल पुरस्कार विजेताओं ने अपने क्षेत्र के उपकरणों का उपयोग करके ऐसे तरीके विकसित किए हैं, जिन्होंने आधुनिक मशीन लर्निंग की नींव रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

साहित्य पुरस्कार की घोषणा 10 अक्टूबर को की जाएगी, उसके बाद 11 अक्टूबर को नोबेल शांति पुरस्कार की घोषणा की जाएगी अर्थशास्त्र पुरस्कार की घोषणा 14 अक्टूबर को की जाएगी।

Tags:    

Similar News