इटली के शहर को देखने पड़ रहे ऐसे भी दिन

Update: 2018-10-18 10:04 GMT
इटली के शहर को देखने पड़ रहे ऐसे भी दिन

नेपल्स: कभी मध्यवर्गीय इटलीवासियों के लिए सपनों की सैरगाह रहा वोलतुर्नो अब एक लुटापिटा समुद्रतटीय शहर बन गया है। यहां के निवासी अपने घरों के दरवाजे प्रवासियों को ठंडी बीयर और सेक्स परोसने के लिए खोलते हैं। कनेक्शन हाउस के नाम से जाने जा रहे इन समुद्रतटीय घरों में प्रवासियों को बिस्तर, बार और ब्रॉथेल (वेश्यालय) की सुविधा मिलती है। ऐसे माइग्रेंट्स जिनके पास न आज का कोई ठिकाना है और न कल का। उन्हें तो ये भी नहीं पता कि उन्हें जाना कहां है। ये लोग यूरोप में उमड़ते आ रहे उन प्रवासियों में शामिल हैं जो युद्ध या गरीबी से बचने के लिए मारे मारे फिर रहे हैं। प्रवासियों के अंतराष्ट्रीय संगठन के मुताबिक इस साल के शुरुआती छह महीनों में ही यूरोप के तटवर्ती देशों में 55 हजार प्रवासी आ चुके हैं। घर और नौकरी की उम्मीद में आए इनमें से ज्यादातर के पास कोई दस्तावेज नहीं हैं।

यह समुद्रतटीय इलाका नेपल्स के उत्तर में करीब 48 किलोमीटर दूर है। अब जर्जर हो चुका यह शहर रोमन साम्राज्य के पहले इट्रस्कन युग का है। सत्तर के दशक में यह नेपल्सवासियों के लिए गर्मियों में मौज मस्ती करने की जगह थी। 1980 में एक भीषण भूकम्प से ये इलाका बर्बाद हो गया। भूकंप में बेघर हुए ढाई लाख से ज्यादा लोगों के लिए इसे आपातकालीन घर में तब्दील कर दिया गया। सैलानी यहां से दूर हो गए और अर्थव्यवस्था के साथ साथ यहां की आलीशान इमारतें और खूबसूरत अपार्टमेंट जर्जर होते चले गए। अब वही घर अफ्रीकी प्रवासियों का ठिकाना बन गए हैं।

यह भी पढ़ें : सऊदी अरब के लापता पत्रकार खाशोग्गी की हत्या शैतान हत्यारों ने की होगी : ट्रंप

'डीडब्लू' की खबर के अनुसार, स्थानीय मेयर दिमित्री रूसो ने बताया कि किस तरह से यहां अनियमित तरीके से 1970 में घरों का निर्माण हुआ। दिमित्री रूसो ने कहा, 'हमारे पास करीब 30 हजार कमरे हैं जो अवैध तरीके से बनाए गए और अब यूं ही छोड़ दिए गए हैं।' ज्यादातर घरों में बुनियादी सीवेज जैसी सुविधाएं भी नहीं हैं और ये इंसानों के रहने लायक नहीं हैं। हालांकि इसके बाद भी सागर की लहरों के साथ जंग, भूख या गरीबी से बचने के लिए भाग कर आए प्रवासी यूरोप में एक नई जिंदगी की शुरूआत की उम्मीद लिए इन घरों में बस जाते हैं।

यहां की मुख्य सड़क अंटोनियो ग्रामसी से गुजरती एक अंधेरी कच्ची सड़क पर एक घर के पोर्च में हल्की सी रोशनी में एक सिगरेट पीती लड़की दिखाई देती है। हरी पोशाक वाली यह महिला घर की मालकिन है और हर किसी का स्वागत करती है। घर के भीतर छह अफ्रीकी पुरुष एक गोल मेज के चारों तरफ खाली बोतल के साथ बैठे हैं। एक इंसान एक नाइजीरियाई युवती के बालों की लटों को सफेद धागों से सजा रहा है। डाइनिंग रूम के एक तरफ एक खाली बेड भी है जिस पर कुछ खिलौने रखे हैं। कुछ पुरुष यहां सिर्फ गपशप करने या शराब और सिगरेट पीने के लिए आते हैं और कुछ किसी लड़की की तलाश में, जो 15-20 डॉलर में सेक्स के लिए तैयार हो जाती है। एक लड़की नाइजीरियाई चैनल पर आ रहा एक सीरियल देख रही है। नाईजीरिया के डेल्टा स्टेट की मूल वासी इस लड़की की आंखों में एक साल पहले तक अच्छे से पढऩे का सपना था। लेकिन टूरिन और फिर रोम के अप्रवासी केंद्र में रहने के दौरान उसका पहचान पत्र खो गया। इसके बाद बिना दस्तावेज वाले बेरोजगार आप्रवासियों के साथ उसे भी कासेल वोलतुर्नो भेजा दिया गया।

नेपल्स का एक गैरसरकारी संगठन इस इलाके में मानव तस्करी के खिलाफ लडऩे की कोशिश कर रहा है। इस संस्था से जुड़ी आंद्रेया मार्निरोली ने कहा, 'सारी लड़कियों ने उस आपराधिक संगठन से कर्ज ले रखा है जो इन्हें यहां ले कर आया है। 2016 में 11 हजार नाइजीरियाई महिलाएं इटली के समुद्र तटों पर आईं। 2017 में यह संख्या घट कर आधी हो गई। यह आंकड़े प्रवासियों के लिए बने एक अंतरराष्ट्रीय संगठन के हैं। इस संगठन के मुताबिक 10 में से एक महिला सेक्स के लिए तस्करी का शिकार हुई हो सकती है।

अफ्रीकी प्रवासी यहां पहले पहल अस्सी के दशक में आए। वे यहां टमाटरों के खेत में मजदूरी करते और यहां के बड़े बड़े घरों में किराए पर रहते थे। साल गुजरते गए और शहर में ऐसे लोगों की भी बड़ी तादाद हो गई जिनके पास दस्तावेज नहीं थे, उनकी नौकरी छूट गई थी और कोई पक्का काम नहीं था। कासेल वोलतुर्नो में बहुत सारे गरीब इटलीवासी भी आने लगे। ये लोग आसपास के शहरों में अपने गुजर बसर लायक कमाई नहीं कर पा रहे थे। नगर कार्यालय के मुताबिक यहां दर्ज लोगों की संख्या 26,300 है जिनमें महज 4,300 ही ऐसे हैं जो इटली के नहीं हैं। शहर में करीब ढाई हजार अफ्रीकी हैं और इनके साथ ही एक छोटी आबादी पूर्वी यूरोपीय देशों की है जिनमें ज्यादातर यूक्रेनी, पोलिश और रोमानियाई लोग हैं। हालांकि मेयर रूसो का कहना है कि वास्तव में यहां 15,000 से ज्यादा लोग रहते हैं जिनके नाम दर्ज नहीं हैं।कुछ खतरनाक समुद्री रास्तों को पार कर आए हैं तो कुछ कई सालों से इटली में हैं. बहुत से लोगों को तो यहां अफ्रीका से दूर अफ्रीका में रहने का मजा मिलता है। अफ्रीकी लोगों की वजह से खाना, गपशप और माहौल बहुत कुछ वहीं जैसा हो गया है।

Tags:    

Similar News