Libya Flood Update: डेनियल तूफान के कहर से दहला लीबिया, विनाशकारी बाढ़ ने करीब 20 हजार लोगों की ली जान, कई लापता

Libya Flood Update: तूफान के कारण आई विनाशकारी बाढ़ ने खासकर देश के पूर्वी तट पर बसे डेर्ना शहर में सबसे भीषण तबाही मचाई है।

Written By :  Krishna Chaudhary
Update: 2023-09-14 03:07 GMT

Libya Flood Update  (photo: social media )

Libya Flood Update: दुनिया के प्रमुख तेल उत्पादक देशों में शुमार अफ्रीकी मुस्लिम देश लीबिया इन दिनों प्रकृति का भयानक दंश झेल रहा है। भूमध्यसागर में उठे तूफान ने देश के तटीय इलाके में ऐसा कहर बरपाया है कि जिसकी कल्पना मुश्किल है। तूफान के कारण आई विनाशकारी बाढ़ ने खासकर देश के पूर्वी तट पर बसे डेर्ना शहर में सबसे भीषण तबाही मचाई है। शहर की खौफनाक तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। पूरा शहर उजड़ा और वीरान लग रहा है।

समुद्र तट के किनारे बसा यह शहर किसी जमाने में अहम अफ्रीका एवं मध्य-पूर्व में अहम व्यापारिक केंद्र हुआ करता था। मगर आज शहर में लाशों का ढ़ेर लगा हुआ है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, डेर्ना में मृतकों की तादाद करीब 20 हजार के पार पहुंच गई है। घायलों और लापता होने वाले लोगों की संख्या भी हजारों में है। दुनिया के कई देश और अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं करीब एक दशक से गृह युद्ध का सामना कर रहे इस देश की मदद को आगे आए हैं।

डेर्ना शहर की खौफनाक दास्तान

डेर्ना शहर का मुआयना करने वाले लीबिया सरकार के एक मंत्री ने वहां के खौफनाक मंजर के बारे में बताया। उन्होंने तबाही का जो वर्णन किया वह भयावह है। उन्होंने कहा, हर जगह घरों में, सड़कों पर और समुद्र में शव ही शव दिखाई पड़ रहे थे। खोज और बचाव की टीम टूटी हुई इमारतों और सड़कों पर तैर रही लाशों को बरामद कर रही है। बचाव काम में लगे इमाद अल-फराह नामक शख्स ने बताया कि जहां भी जाइए वहां आपको मृत पुरूष, महिलाएं और बच्चे दिखाई देते हैं। शहर के घरों से लाशों के सड़ने की बू आ रही है।

रेस्क्यू ऑपरेशन में हो रही दिक्कत

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी देश की फौज को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बचाव अभियान में लगे करीब 123 फौजी लापता बताए जा रहे हैं। इसलिए सेना भी बेबस नजर आ रही है। बाहर से मदद भी नहीं पहुंच पा रही क्योंकि देश में मौजूदा चुनिंदा हवाई अड्डे इस लायक नहीं बचे हैं कि वहां कोई हैवी कार्गो एयरक्राफ्य लैंड कर सके।

40 हजार से अधिक लोग विस्थापित

संयुक्त राष्ट्र की संस्था रेड क्रास ने बताया कि डेर्ना में करीब 40 हजार से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं। डेनियल तूफान से लीबिया के कई पूर्वी तटीय शहर प्रभावित हुए है मगर डेर्ना पूरी तरह बर्बाद हो चुका है। शहर के अंदर बने बांध के टूटने से लगभग पूरा शहर बह गया। सालों से गृह युद्ध के कारण देश का बुनियादी ढांचा पहले ही चरमरा चुका है और अब इस भयानक प्राकृतिक आपदा ने एक तरह से देश के घुटने के बल ला दिया है।

Tags:    

Similar News