ट्रम्प-हैरिस चुनावी डिबेट: जानिए क्या क्या हुआ

US Presidential Debate: 2024 के आम चुनाव चक्र की पहली और संभवतः एकमात्र बहस थी। इस बहुप्रतीक्षित नब्बे मिनट के मुक़ाबले में दोनों ने एक-दूसरे पर कटाक्ष किए।

Written By :  Neel Mani Lal
Update:2024-09-11 11:24 IST

ट्रम्प - हैरिस चुनावी डिबेट  (photo: social media ) 

US Presidential Debate: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के बीच 10 सितंबर रात (भारत में 11 सितंबर की सुबह) एक गरमागरम बहस हुई, जिसमें गर्भपात, इमिग्रेशन, इज़राइल, अर्थव्यवस्था और कई अन्य मुद्दों पर वार और पलटवार हुए। इस बहस के संचालक "एबीसी न्यूज़" के मॉडरेटरों ने भी ट्रम्प को घेरने का कोई मौका नहीं छोड़ा।

आइए जानते हैं कि इस पूरी बहस में क्या क्या हुआ

- डोनाल्ड ट्रम्प और कमला हैरिस के बीच चुनावी बहस 10 सितंबर की रात पेंसिल्वेनिया प्रान्त के फिलाडेल्फिया में नेशनल कॉन्स्टिट्यूशन सेंटर में हुई। ये 2024 के आम चुनाव चक्र की पहली और संभवतः एकमात्र बहस थी। इस बहुप्रतीक्षित नब्बे मिनट के मुक़ाबले में दोनों ने एक-दूसरे पर कटाक्ष किए और बार-बार एक-दूसरे पर झूठ बोलने का आरोप लगाया।

- डोनाल्ड ट्रंप और कमला हैरिस पहली बार बहस के मंच पर मिले। उपराष्ट्रपति ने हाथ मिलाते समय पूर्व राष्ट्रपति को अपना परिचय "कमला हैरिस" के रूप में दिया।

मॉडरेटर दागते रहे सवाल

- बहस की शुरुआत एबीसी न्यूज के मॉडरेटर डेविड मुइर और लिन्सी डेविस के सवालों से हुई। वैसे ये दोनों पूरी बहस के दौरान ट्रम्प को चुनौती देते रहे। जबकि हैरिस की कई गलतबयानी को छुआ तक नहीं।

- बहस समाप्त होने के बाद, ट्रम्प ने कहा कि यह उनकी "अब तक की सबसे अच्छी बहस थी, खासकर इसलिए क्योंकि यह तीन बनाम एक के बीच थी।"

- मॉडरेटर ने अर्थव्यवस्था से शुरुआत की - सबसे पहले उपराष्ट्रपति से सवाल किया कि क्या अमेरिकी "चार साल पहले की तुलना में बेहतर स्थिति में हैं?" हैरिस ने सीधे सवाल का जवाब नहीं दिया। इसके बजाय, हैरिस ने दावा किया कि ट्रम्प रोजमर्रा की वस्तुओं पर "बिक्री कर" लगाना चाहते थे, लेकिन ट्रम्प ने उस दावे को "गलत बयान" बताकर खारिज कर दिया।

मॉडरेटर ने भी इस पर अपनी बात रखी और कहा कि ट्रम्प की अन्य देशों पर टैरिफ लगाने की योजना से उपभोक्ताओं पर अधिक लागत आएगी। लेकिन ट्रम्प ने बिडेन-हैरिस प्रशासन की उच्च मुद्रास्फीति की ओर इशारा करते हुए इसे "हमारे देश के इतिहास में सबसे खराब" कहा, जबकि अपने प्रशासन के तहत रिकॉर्ड-अर्थव्यवस्था का बखान किया।

हैरिस पर निशाना

- ट्रंप ने हैरिस पर स्पष्ट नीतियों की कमी के लिए हमला करते हुए कहा कि उनका पिछला रिकॉर्ड और "तीन साल पहले और चार साल पहले जो कुछ भी वह मानती थीं, वह सब खोखला है।" उन्होंने कहा, "अब वह मेरी फिलॉसफी पर जा रही हैं।" "वास्तव में, मैं उन्हें एक "मेक अमेरिका ग्रेट अगेन" टोपी भेजने वाला था।"

- ट्रम्प ने हैरिस पर "मार्क्सवादी" होने का आरोप लगाया और कहा कि अगर वह चुनी जाती हैं, तो उनकी नीतियाँ बदल जाएँगी और यह हमारे देश का अंत होगा।

- ट्रम्प ने हैरिस पर अर्थव्यवस्था के लिए कोई योजना नहीं होने का आरोप लगाया - विशेष रूप से बढ़ती मुद्रास्फीति से निपटने के लिए। ट्रम्प ने कहा कि उन्होंने बिडेन की योजना की नकल की ह4। और यह 'रन, स्पॉट, रन' जैसे चार वाक्यों की तरह है, जो सिर्फ यह कहते हैं कि, ओह, हम करों को कम करने की कोशिश करेंगे। जबकि उनके पास कोई योजना नहीं है।

- हैरिस ने पलटवार करते हुए कहा कि ट्रम्प के पास आपके लिए कोई योजना नहीं है और इसके बजाय अमेरिकियों को अवसर अर्थव्यवस्था की पेशकश की।

- ट्रम्प ने सीमा सुरक्षा और अमेरिका में अवैध इमिग्रेशन के मुद्दे पर ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने कहा कि बिडेन-हैरिस प्रशासन की नीतियाँ रिकॉर्ड संख्या में अवैध प्रवास के साथ देश के लिए आपदा रही हैं। ट्रम्प ने कहा कि उन नीतियों ने हमारे देश को नष्ट कर दिया है।

- इसके बाद, हैरिस ने हेरिटेज फाउंडेशन के प्रोजेक्ट 2025 पर बात की और दावा किया कि ट्रंप विस्तृत और खतरनाक योजना के रूप में प्रोजेस्ट 2025 को कार्यान्वित करने का इरादा रखते हैं। बता दें कि ट्रंप ने बार-बार उस योजना में शामिल होने से इनकार किया है और उन्होंने बहस में फिर दोहराया कि उनका प्रोजेक्ट 2025 से कोई लेना-देना नहीं है।

- ट्रंप फिर अवैध आव्रजन के मसले पर वापस चले गए, और कहा कि ओहायो के स्प्रिंगफील्ड में, अवैध प्रवासी कुत्तों को खा रहे हैं, बिल्लियों को खा रहे हैं, वे वहां रहने वाले लोगों के पालतू जानवरों को खा रहे हैं। टेलीविजन पर लोग कहते हैं कि मेरे कुत्ते को ले जाया गया और उसका इस्तेमाल खाने के लिए किया गया।

- गर्भपात के मामले में कमला हैरिस ने दावा किया कि ट्रम्प एक राष्ट्रीय गर्भपात प्रतिबंध लगाएंगे, जिसमें कोई अपवाद नहीं होगा - जबकि ट्रम्प ने कुछ क्षण पहले कहा था कि वह बलात्कार, अनाचार और माँ के जीवन सहित गर्भपात के लिए अपवादों में विश्वास करते हैं।ट्रम्प ने बार-बार कहा है कि वह राष्ट्रीय गर्भपात प्रतिबंध पर हस्ताक्षर नहीं करेंगे। ट्रम्प ने कहा, जहाँ तक गर्भपात प्रतिबंध का सवाल है, मैं इसके पक्ष में नहीं हूँ, लेकिन इससे कोई फर्क नहीं पड़ता, क्योंकि यह मुद्दा अब राज्यों के हाथ में चला गया है।

- बहस के दौरान हैरिस ने बार बार ट्रंप को निशाने पर लिया। उन्होंने ट्रम्प की रैलियों पर सवाल उठाए। ट्रम्प की कानूनी चुनौतियों को उजागर किया और अमेरिकी संसद पर हमले के लिए हिंसक भीड़ को उकसाने का आरोप लगाया। हालांकि, ट्रंप ने इस बात पर ज़ोर दिया कि उन्होंने प्रदर्शनकारियों से "शांतिपूर्ण और देशभक्तिपूर्ण" प्रदर्शन करने का आग्रह किया था। ट्रम्प ने तत्कालीन हाउस स्पीकर नैन्सी पेलोसी और वाशिंगटन डी.सी. मेयर म्यूरियल बोसर पर 10,000 नेशनल गार्ड सैनिकों की तैनाती के उनके प्रस्ताव को नज़रअंदाज़ करने का आरोप लगाया। ट्रंप ने कहा कि उस दिन की घटना के लिए पेलोसी "जिम्मेदार" थीं।

Tags:    

Similar News