×

बंगाल में अब राम बनाम दुर्गा, भाजपा के खिलाफ TMC को मिला बड़ा हथियार

श्चिम बंगाल में जय श्रीराम के नारे के जरिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को घेरने में जुटी भाजपा को तृणमूल कांग्रेस की ओर से भी तीखा जवाब मिल रहा है।

Roshni Khan
Published on: 15 Feb 2021 7:06 AM GMT
बंगाल में अब राम बनाम दुर्गा, भाजपा के खिलाफ TMC को मिला बड़ा हथियार
X
बंगाल में अब राम बनाम दुर्गा, भाजपा के खिलाफ TMC को मिला बड़ा हथियार (PC: social media)

नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल में जय श्रीराम के नारे के जरिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को घेरने में जुटी भाजपा को तृणमूल कांग्रेस की ओर से भी तीखा जवाब मिल रहा है। तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा पर मां दुर्गा के अनादर का आरोप लगाते हुए उसे घेरना शुरू कर दिया है।

ये भी पढ़ें:इटावा: पंचायत चुनाव नहीं लड़ेगी प्रसपा, सपा से गठबंधन पर शिवपाल का बड़ा बयान

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी भी इस जंग में कूद गए हैं। उन्होंने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष पर मां दुर्गा के अपमान का आरोप लगाया है। दोनों दलों के बीच इसे लेकर जुबानी जंग शुरू हो चुकी है और इसका सियासी फायदा उठाने की कोशिश की जा रही है।

घोष के इस बयान पर भड़की टीएमसी

दरअसल इस पूरे मामले की शुरुआत एक टीवी चैनल की ओर से आयोजित कार्यक्रम के दौरान हुई। कार्यक्रम के दौरान घोष ने कहा था कि भगवान राम एक वीर सम्राट थे और हम लोगों उन्हें अवतार के रूप में मानते हैं। हम राम के पूर्वजों के नाम जानते हैं। क्या हमारे पास देवी दुर्गा के पूर्वजों के बारे में कोई जानकारी है? इसीलिए राम को आदर्श राजा और मर्यादा पुरुषोत्तम के रूप में जाना जाता है। हमारे यहां बंगाल में रामायण का बंगाली संस्करण भी है।

बंगाल की धरती पर मां दुर्गा का अपमान

घोष की ओर से की गई इस टिप्पणी को लेकर सियासी माहौल लगातार गरमाता जा रहा है। तृणमूल कांग्रेस ने घोष के इस बयान को हाथों-हाथ लपक लिया है और इसे बंगाल के लोगों की धार्मिक भावनाओं का अपमान बताया है। तृणमूल कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से जारी बयान में इसे अकल्पनीय बताया गया है।

god god (PC: social media)

पार्टी का कहना है कि दिलीप घोष ने बंगाल की पवित्र मिट्टी पर देवी दुर्गा का अपमान किया है। राज्य के लोग शक्ति और प्रेरणा की प्रतीक के रूप में मां दुर्गा की पूजा करते हैं। हिंदुत्व के मुक्ति रक्षक होने का दावा करने वाले लोग ही बंगाल में देवी दुर्गा का अपमान करने में जुटे हुए हैं।

ममता के भतीजे ने भी भाजपा को घेरा

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे और टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने भी घोष पर मां दुर्गा का अपमान करने का आरोप लगाया है। साउथ 24 परगना में एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग मां दुर्गा का अनादर करते हैं। इनके मन में मां लक्ष्मी और मां सरस्वती के प्रति भी कोई सम्मान की भावना नहीं है।

उन्होंने कहा कि अमित शाह जय श्रीराम के नारे को लेकर ममता दीदी को घेरने में जुटे हुए हैं जबकि दीदी जय सियाराम खुद बोलती हैं। भाजपा को महिलाओं का सम्मान करना सीखना होगा।

ऐसे हिंदुत्व से भाजपा को नहीं होगा फायदा

टीएमसी सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने भी घोष को घेरते हुए कहा कि दुर्गा की परिकल्पना केवल बंगाल में ही नहीं है बल्कि यह हिंदुत्व का स्तंभ है। उन्होंने कहा कि घोष ने यह कहकर मां दुर्गा के अस्तित्व को चुनौती दी है कि क्या हम उनके 14 पुरखों का नाम ले सकते हैं?

घोष का यह रवैया शर्मनाक है। वे दुर्गा का अपमान करने और हिंदुओं को बांटने का काम कर रहे हैं। ऐसे हिंदुत्व से भाजपा को कोई फायदा होने वाला नहीं है।

दिलीप घोष ने पेश की सफाई

तृणमूल कांग्रेस की ओर से किए जा रहे विरोध का जवाब देते हुए दिलीप घोष का कहना है कि इस पार्टी के लोग न दुर्गा को जानते हैं और न राम को। दुर्गा हमारी देवी हैं और यही कारण है कि हम उन्हें राजनीति में नहीं लाते हैं। राम हमारे राजा थे।

उन्होंने कहा कि जय श्रीराम के नारे से भड़कने वाले लोग हमें धार्मिक भावना सिखाने की कोशिश कर रहे हैं। टीएनसी धर्म को राजनीति में और राजनीति को धर्म में लाती है। ऐसे लोग बंगाल की धरती पर कभी सफल होने वाले नहीं हैं।

टीएमसी के हाथ लगा बड़ा मौका

पिछले दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में जय श्रीराम के नारे पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बिदकने से भाजपा को बड़ा हथियार मिल गया था। भाजपा नेता लगातार इसे लेकर ममता बनर्जी पर हमला करने में जुटे हुए हैं। भाजपा के शीर्ष नेताओं जगत प्रकाश नड्डा और अमित शाह ने भी इसे लेकर ममता बनर्जी पर हमला बोला था ।

pm-modi pm-modi (PC: social media)

ये भी पढ़ें:JEE 2020 की परीक्षा को लेकर एक और मौका मांग रहे अभ्यर्थियों की याचिका SC ने खारिज की

अब दिलीप घोष के बयान के बाद टीएमसी नेताओं को भी बड़ा हथियार मिल गया है और उन्होंने मां दुर्गा के अपमान का आरोप लगाते हुए भाजपा को घेरना शुरू कर दिया है। सियासी जानकारों का कहना है कि दोनों दलों के बीच चल रही सियासी जंग में भाजपा को जवाब देने के लिए टीएमसी ने अब मां दुर्गा का सहारा लेना शुरू कर दिया है। अब देखने वाली बात यह होगी कि भाजपा की ओर से इसका किस तरह जवाब दिया जाता है।

रिपोर्ट- अंशुमान तिवारी

दोस्तों देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Roshni Khan

Roshni Khan

Next Story