×

Aaj Ka Mausam: कश्मीर, हिमाचल प्रदेश में होगी भारी बर्फबारी, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान में मौसमी करवट से होगी बारिश

Aaj Ka Mausam: उत्तर भारत के क्षेत्रों में अभी मौसमी सिस्टम काफी मजबूत है। इस बात की गवाही आसमान में मौजूद बादल दे रहे हैं। मौसम विभाग के विशेषज्ञों का मानना है, कि आने वाले कई दिनों तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों सहित मैदानी राज्यों में भी बारिश देखने को मिलेगी।

aman
Written By aman
Published on: 3 Jan 2022 11:00 PM GMT (Updated on: 3 Jan 2022 11:00 PM GMT)
America today weather
X

America Weather: अमेरिका में हुआ 25 घंटे का दिन (Social Media)

Aaj Ka Mausam 04 January 2022 : नए साल का चौथा दिन आज आ गया। कितनी जल्दी बीत गया न तीन दिन। लेकिन, हम मौसम की खबर के साथ आपके लिए हर दिन बने हैं। तो चलिए समय न गंवाते हुए जानते हैं मंगलवार 4 जनवरी को कैसा रहेगा देशभर में मौसम का हाल। उत्तर भारत के क्षेत्रों में अभी मौसमी सिस्टम काफी मजबूत है। इस बात की गवाही आसमान में मौजूद बादल दे रहे हैं। मौसम विभाग (Mausam Vibhag) के विशेषज्ञों का मानना है, कि आने वाले कई दिनों तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों सहित मैदानी राज्यों में भी बारिश देखने को मिलेगी। ताजा जानकारी ये है कि पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) जम्मू-कश्मीर के ऊपर आया हुआ है, लेकिन इसके ठीक पीछे एक नया विक्षोभ 5 जनवरी को दस्तक देने वाला है। इन सिस्टमों का व्यापक प्रभाव रहेगा। इससे सर्कुलेशन भी बनेंगे। पहाड़ों पर तो पहले से बादल हैं जिनमें इजाफा होगा, लेकिन मैदानी इलाकों में भी घने बदल देखने को मिल सकते हैं। पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल और सिक्किम में भी घने बादल नजर आ रहे हैं, जो पश्चिमी विक्षोभ का ही नतीजा हैं। देश के शेष मैदानी भागों में 4 जनवरी को कोई मौसमी हलचल दिखाई नहीं दे रहा है। वहीं, दक्षिण भारत में अब आसमान से बादल छंटने लगे हैं। मौसमी बदलाव शुरू हो गया है।


Aaj kaisa rahega mausam- मंगलवार या 4 जनवरी के मौसम की बात करें तो पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कई जगहों पर हल्की से मध्यम और कुछ जगहों पर भारी वर्षा और बर्फबारी का पूर्वानुमान है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कई जगहों पर मध्यम से भारी बारिश का अनुमान आने वाले दिनों के लिए जताया जा रहा है। ये तब होगा जब पहाड़ों में ऊपर से धीरे-धीरे मौसमी सिस्टम हिमाचल और उत्तरखंड की और बढ़ेंगे। मौसम विभाग (mausam vibhag) का पूर्वानुमान है, कि आने वाले दिनों में पहाड़ी क्षेत्रों में एक हफ्ते में रिकॉर्ड बारिश और हिमपात दर्ज की जाएगी। जिससे इन इलाकों में सामान्य जनजीवन प्रभावित होगा। वहीं,, मैदानी इलाकों की स्थिति देखें तो पंजाब, हरियाणा, राजस्थान के पश्चिमी हिस्से और दिल्ली में कई जगहों पर घने बादल दिखाई दे सकते हैं। मंगलवार को दिल्ली को छोड़ शेष तीनों राज्यों में हल्की वर्षा या बूंदाबांदी हो सकती है। राजस्थान में जैसलमेर, जोधपुर और बाड़मेर में मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। चूरू, गंगानगर, अजमेर और जयपुर के आसपास के इलाकों में भी कुछ स्थानों पर वर्षा होने की संभावना है। 4 जनवरी को दिल्ली में भी दोपहर बाद कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी संभव है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में राजस्थान और हरियाणा की तरफ से बादल पहुंचेंगे। गाजियाबाद, नोएडा, गुरुग्राम के क्षेत्रों में भी बारिश हो सकती है।


4 January 2022 Mausam- मौसम पूर्वानुमान में बताया जा रहा है, कि राजस्थान में मौसमी गतिविधियां 5 जनवरी से बढ़ जाएंगी। इसी तरह, 4 जनवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गौतम बुद्धनगर, अलीगढ़, आगरा, बागपत, बदायूं, सहारनपुर में हल्की वर्षा का अनुमान जताया जा रहा है। लेकिन, 5 जनवरी से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश बढ़ेगी। धीरे-धीरे जब बादल आगे बढ़ेंगे तो उत्तर प्रदेश के पूर्वी भाग में वर्षा अपना असर दिखाएगी। 4 जनवरी तक यूपी के अधिकांश हिस्सों में तापमान में गिरावट जारी रहेगी, जो धीरे-धीरे बढ़ने लगेगा। लेकिन, एक बात जो खास है कि तापमान बढ़ने के बावजूद वातावरण में नमी और हवा की रफ़्तार कम होने के चलते घना कोहरा इन क्षेत्रों में देखने को मिलेगा। बरेली, अलीगढ, आगरा, ललितपुर, झांसी, कानपुर, लखनऊ, महोबा, चित्रकूट, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी से लेकर प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, बलिया आदि में कई जगहों पर मध्यम से घना कोहरा छा सकता है। वहीं, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल के गंगीय क्षेत्रों, उप हिमालयी भागों और सिक्किम में कई जगहों पर मध्यम से घना कोहरा छाने का अनुमान है। कहीं-कहीं दृश्यता शून्य तक जा सकती है। तो ऐसे में गुजारिश ही कि इन क्षेत्रों के निवासी सावधानीपूर्वक सफर करें। शेष कोई बड़ा बदलाव इस हिस्से में नहीं है।


अगले 24 घंटों के दौरान मौसम का हाल- मध्य भारत में ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश महाराष्ट्र, गुजरात में मुख्यतः 4 जनवरी को मौसम शुष्क रहेगा। लेकिन जिस तरह से सिस्टम आगे बढ़ रहा है, तो आने वाले दिनों में यहां भी बदलाव देखने को मिलेंगे। 4 जनवरी को कच्छ के इलाके में बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है। यही स्थिति मेहसाणा, सावन पाठा, बनासकांठा के इलाकों में देखने को मिल सकती है। मध्य प्रदेश में भी मंगलवार को बादल पहुंचेंगे। गुना, रतलाम, मंदसौर और आसपास के इलाकों में हल्की वर्ष भी देखने को मिल सकती है। मध्य प्रदेश में बारिश बढ़ने की संभावना 5 और 6 जनवरी से है। दक्षिण में तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल में भी अब मौसम शुष्क रहेगा। गौरतलब है कि बीते दिनों में तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में रिकॉर्ड बारिश दर्ज हुई थी, वहां भी अब मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। यहां कुछ इलाकों में दिन में तापमान बढ़ सकता है। लेकिन, शेष मौसम खुशनुमा और आरामदायक रहेगा। तो ये था आज के मौसम का हाल।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story