×

Aaj Ka Mausam : इन राज्यों में आज होगी बारिश, पंजाब से राजस्थान तक शीतलहर जारी

देश के उत्तरी भाग में पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। हालांकि, यह बहुत मजबूत नहीं है, बावजूद इसका असर जरूर दिखाई दे रहा है। गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख, उत्तराखंड के ऊपर बादल इसी विक्षोभ की वजह से बना हुआ है।

aman
Written By aman
Published on: 13 Jan 2022 11:30 PM GMT (Updated on: 13 Jan 2022 11:30 PM GMT)
weather today 2022 03 05 live updates india delhi
X

इन जगहों पर होगी भारी बारिश (social media) 

Aaj Ka Mausam 14 January 2022 : देश आज हर्षोल्लास के साथ मकर संक्रांति का पर्व मना रहा है। हम, हर रोज की तरह आज एक बार फिर आज के मौसम की जानकारी के साथ मौजूद हैं। तो चलिए जानते हैं कि मकर संक्रांति के दिन कैसा रहेगा देशभर में मौसम का हाल। देश के उत्तरी भाग में पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) बना हुआ है। हालांकि, यह बहुत मजबूत नहीं है, बावजूद इसका असर जरूर दिखाई दे रहा है। गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख, उत्तराखंड के ऊपर बादल इसी विक्षोभ की वजह से बना हुआ है। वहीं, दूसरी तरफ कर्नाटक से लेकर ओडिशा तक एक ट्रफ रेखा बनी हुई है। इस वजह से बादलों की आवाजाही देश के पूर्वी इलाकों में सक्रिय तौर पर देखी जा सकती है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना सर्कुलेशन लगातार पूर्वी हवाओं को दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत की तरफ धकेल रहा है। जिससे दक्षिणी राज्यों के अलावा कुछ हिस्से मध्य भारत के भी प्रभावित हो रहे हैं। तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के ऊपर बादल इसी सर्कुलेशन का असर है। इन स्तिथियों के बीच अगले 24 घंटे कैसा रहेगा देशभर में मौसम का हाल, आइये जानते हैं।

Aaj kaisa rahega mausam- मौसमी सिस्टम पर नजर डालें तो अनुमान जताया जा रहा है, कि 14 जनवरी को पूर्वी और मध्य भारत में मौसमी गतिविधियां होंगी। ओडिशा के ऊपर 48 घंटों से घने बादल छाए हुए हैं। इस कारण ओडिशा और छत्तीसगढ़ के कई शहरों में बारिश भी हो रहे हैं। इन दोनों राज्यों में कई जगहों पर शुक्रवार को भी मध्यम से तेज वर्षा होने का अनुमान है। छत्तीसगढ़ में रायपुर से लेकर दुर्ग, सुकमा, दंतेवाड़ा, नारायणपुर आदि क्षेत्रों तक वर्षा का ज्यादा प्रभाव रहेगा। वहीं, अंबिकापुर, बिलासपुर, कोरिया तथा आसपास के इलाके में हल्की वर्षा सम्भव है। इसके अलावा, महाराष्ट्र के विदर्भ में अच्छी बारिश हो रही है। अगले 24 घंटों में विदर्भ में वर्षा की रफ्तार थोड़ी कम हो जाएगी। नागपुर, चंद्रपुर, गढ़चिरौली और आसपास के कुछ जिलों और यवतमाल, अकोला और वर्धा में वर्षा हो सकती है। शेष महाराष्ट्र में मौसम शुष्क बना रहेगा। मध्य प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी जिलों में भी 14 जनवरी को मौसम साफ रहेगा। छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के सीमावर्ती जिलों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है।

14 January 2022 Mausam- गुजरात में भी शुक्रवार को मौसम शुष्क रहेगा। भारतीय मौसम विभाग (Bhartiya Mausam Vibhag) की मानें तो गुजरात और मध्य प्रदेश के कई क्षेत्र ऐसे हैं जहां उत्तरी दिशा से आने वाली ठंडी हवा का प्रभाव बना हुआ है। इन इलाकों में तापमान सामान्य से एक-दो डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकती है। अब बात अगर दक्षिण भारत की करें तो यहां कई हिस्सों में बारिश की संभावना है। यहां तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के उत्तरी तटीय हिस्सों में कई इलाके ऐसे होंगे, जहां घने बादल दिखाई देंगे। आंध्र प्रदेश के रायलसीमा क्षेत्र में और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक के इलाकों में हल्की वर्षा की संभावना है। तटीय कर्नाटक और गोवा में मौसम साफ और शुष्क रहेगा। केरल में भी सभी जगहों पर मौसम साफ रहेगा। लेकिन, तमिलनाडु में चेन्नई से लेकर पुडुचेरी,पम्पन, तिरुचिरापल्ली, मदुरै, वेल्लोर आदि में हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान है। कुछ इलाकों में तेज बौछारें हो सकती हैं। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश हो सकती है। 14 जनवरी को इस क्षेत्र में हल्की वर्षा हो सकती है, भारी बारिश के आसार नहीं हैं।

अगले 24 घंटों के दौरान मौसम का हाल- अब रुख उत्तर भारत की ओर करते हैं। उत्तर भारत में एक बार फिर मौसमी तब्दीलियां जल्द दिखाई देंगी। संभव है बारिश का एक एक और दौर यहां दिखाई दे। फ़िलहाल उत्तर भारत के कई राज्यों में शीतलहर का प्रभाव बना हुआ है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान के तमाम शहरों में ठंडी हवाओं का व्यापक असर देखने को मिल रहा है। 14 जनवरी को भी शीतलहर का प्रभाव इन इलाकों में बना रहेगा। यानी, पंजाब से राजस्थान तक कड़ाके की ठंड का एहसास लोगों को महसूस होगा। जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, भरतपुर, झुंझुनूं, अलवर, चूरू, गंगानगर, हनुमानगढ़ इन भागों में ठंड का ज्यादा असर रहेगा। हरियाणा में हिसार, महेंद्रगढ़, सिरसा, रोहतक, रेवाड़ी, चरखी दादरी, झज्जर में भी कड़ाके की ठंडी से लोग हलकान होंगे। राजधानी दिल्ली में भी ठंड बनी रहेगी, न्यूनतम तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री नीचे बना रहेगा। उत्तर प्रदेश में पश्चिम से पूरब तक मध्यम गति से ठंडी हवाएं चलेंगी। इस वजह से यहां कई इलाकों में कोहरे का असर देखने को मिलेगा। वाराणसी, गोरखपुर, लखनऊ, सीतापुर, बहराइच में कोहरे का व्यापक असर रहेगा। उत्तराखंड में भी कई इलाके घने कोहरे वाले हो सकते हैं। पूर्वोत्तर के कुछ इलाकों में कहीं-कहीं वर्षा हो सकती है। बिहार में मौसम साफ हुए शुष्क रहेगा, जबकि झारखंड और पश्चिम बंगाल इलाकों में हल्की वर्षा हो सकती है।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story