×

Aaj Ka Mausam: कश्मीर और हिमाचल में आज बारिश, पंजाब से वेस्ट यूपी तक रहेगा कोहरा, शेष भागों में बढ़ेगी ठंड

उत्तर भारत के क्षेत्रों पर बना पश्चिमी विक्षोभ (western disturbance) अब कमजोर हो चुका है। उसके प्रभाव से बना सर्कुलेशन अभी भी उत्तर भारत के ऊपर है, लेकिन ज्यादा प्रभावी नहीं है।

aman
Written By aman
Published on: 6 Feb 2022 12:49 AM GMT
weather today
X

weather today

Aaj Ka Mausam 06 February 2022 : उत्तर भारत के क्षेत्रों पर बना पश्चिमी विक्षोभ (western disturbance) अब कमजोर हो चुका है। उसके प्रभाव से बना सर्कुलेशन अभी भी उत्तर भारत के ऊपर है, लेकिन ज्यादा प्रभावी नहीं है। एक नया विक्षोभ भारत में आज यानी 06 फ़रवरी को दस्तक देने वाला है। हरियाणा से लेकर बिहार तक एक तरफ रेखा बनी हुई है, जबकि दूसरी भी बिहार से ही लेकिन तेलंगाना के ऊपर बनी हुई है। मतलब, अरब सागर और बंगाल की खाड़ी दोनों तरफ से नमी मैदानी क्षेत्रों में पहुंची थी जिससे व्यापक वर्षा देखने को मिली। वहीं, दक्षिण भारत में कोई सक्रिय मौसमी सिस्टम नहीं है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, आज आने वाला पश्चिमी विक्षोभ काफी कमजोर है। इसका ज्यादा असर पड़ने वाला नहीं है, लेकिन कुछ इलाकों में जरूर बारिश हो सकती है। श्रीनगर, गुलमर्ग, कुलगाम, काजीगुंड, पहलगाम से लेकर घाटी वाले क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। इसी तरह हिमाचल में लाहौल स्पीति, कुल्लू-मनाली आदि में कहीं-कहीं वर्षा हो सकती है। शेष जगहों पर मौसम शुष्क रहेगा। उत्तराखंड में भी इसी तरह मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में आज बारिश हो सकती है।

Aaj kaisa rahega mausam- अब अगर मैदानी इलाकों की बात करें तो, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश, राजस्थान के दोनों क्षेत्र पूर्वी और पश्चिमी में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने वाला है। पहाड़ों से एक बार फिर उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलनी शुरू हुई हैं। इनका असर पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के समूचे क्षेत्र पर दिखाई देने वाला है। अभी तक इन राज्यों में कोहरा काफी घना देखा गया था। दरअसल, हवाओं की रफ्तार कम होने की वजह से इन इलाकों में कोहरे की व्यापकता देखने को मिली और इसी कारण तापमान सामान्य से नीचे चले गए थे। अब जैसे-जैसे हवा की रफ्तार बढ़ेगी, वैसे-वैसे ठंड बढ़ती चली जाएगी। पंजाब के जालंधर, तरनतारन, पठानकोट, लुधियाना, पटियाला, बरनाला, मोगा सभी शहरों में इसी तरह हरियाणा के पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, कैथल, पानीपत, सोनीपत, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़ तक के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। यहां कोहरे का असर देखने को मिलेगा।

06 February 2022 Mausam- राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सभी क्षेत्रों में तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। दिल्ली में भी आज कोहरे का असर रहेगा। बात अगर उत्तर प्रदेश की करें तो यहां आगरा, मथुरा, अलीगढ, बुलंदशहर, बदायूं, सहारनपुर, मेरठ, मुरादाबाद, नजीबाबाद से लेकर, उत्तरी तराई वाले क्षेत्रों में ज्यादा कोहरे की संभावना है, दक्षिणी हिस्सों की तुलना में। यानी ललितपुर, झांसी से लेकर कानपुर, प्रयागराज, सोनभद्र, भदोही के क्षेत्र में अपेक्षाकृत साफ मौसम रहेगा, इन इलाकों में कोहरा भी कम रहेगा। भले ही इन इलाकों में बारिश नहीं हुई है लेकिन नमी का असर दक्षिणी हिस्सों में भी दिखाई दे रहा है, यानी यहां भी कहीं-कहीं घना कोहरा देखने को मिल सकता है। प्रतापगढ़, प्रयागराज, जौनपुर,वाराणसी, मऊ और आसपास के क्षेत्रों में कोहरा देखने को मिल सकता है। लखनऊ, अयोध्या, बाराबंकी समेत तमाम शहरों में मौसम शुष्क रहेगा। लेकिन, पश्चिमी दिशा की हवा के चलते रहने से कोहरा जल्दी छंट जाएगा। धूप का असर बेहतर तौर पर लोगों को मिलेगा। उत्तर प्रदेश में तापमान अभी सामान्य से नीचे ही रहेंगे।

अगले 24 घंटों के दौरान मौसम का हाल- राजस्थान का मौसम अभी अनुकूल है। वसन पंचमी के दिन से मध्य और उत्तर भारत में मौसम का रूप बदलने लगता है। दो-तीन शहरों को अगर छोड़ दें तो शेष में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। गुजरात के कच्छ, सौराष्ट्र और पूर्वी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा। यहां फ़िलहाल ठंडी हवाएं भी नहीं चल रही हैं। ठीक ऐसे ही हालात महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के भी हैं। मध्य प्रदेश में टीकमगढ़, खजुराहो, पन्ना, सिंगरौली आदि में तामपान जरूर नीचे जाएंगे। छत्तीसगढ़ के उत्तरी इलाकों में भी आज तापमान गिर सकते हैं। ओडिशा, विदर्भ, मराठवाड़ा, कोंकण-गोवा, गोवा, दमन और दीव इन सभी इलाकों में भी मौसम साफ और शुष्क बने रहेंगे। इसी तरह आज कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, तमिलनाडु, लक्षद्वीप और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी मौसम शुष्क रहेगा।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story