×

Aaj Ka Mausam : देश में आज से फिर दिखेगा पश्चिमी विक्षोभ का असर, कई राज्यों में जल्द होगी बारिश

उत्तर भारत के पहाड़ों पर एक नया पश्चिमी विक्षोभ (western disturbance) आज यानी 21 फरवरी को दस्तक दे सकता है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, इस विक्षोभ का प्रभाव 22 फरवरी से दिखाई देगा।

aman
Written By aman
Published on: 21 Feb 2022 12:00 AM GMT
weather update
X

मौसम (फाइल फोटो- सोशल मीडिया)

Aaj Ka Mausam 21 February 2022 : उत्तर भारत के पहाड़ों पर एक नया पश्चिमी विक्षोभ (western disturbance) आज यानी 21 फरवरी को दस्तक दे सकता है। भारतीय मौसम विभाग (Bhartiya Mausam Vibhag) के अनुसार, इस विक्षोभ का प्रभाव 22 फरवरी से दिखाई देगा। इस विक्षोभ का सर्कुलेशन राजस्थान हुए आसपास के भागों पर 21 और 22 फरवरी के मध्य में बन सकता है। यहां आपको बता दें, यह सिस्टम अरब सागर से भारी मात्रा में नमी लेकर आएगा और गुजरात, राजस्थान से होते हुए उत्तर भारत के मैदानी इलाकों तक पहुंचेगा, जिसके कारण देश के इस हिस्से के तमाम भागों में मौसम बदलेगा। दक्षिण-पूर्वी अरब सागर के ऊपर एक सर्कुलेशन बना हुआ है जो केरल के बिलकुल आसपास है। ये लक्षद्वीप और मालदीव क्षेत्र के बिलकुल बीच में है। इसकी वजह से देश के दक्षिणी भाग में तेजी से मौसमी बदल देखने को मिल रहा है। पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश समेत सभी राज्यों में बारिश हो रही है।

Aaj kaisa rahega mausam- आज 21 फरवरी को मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर भारत के पहाड़ी भागों पर गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद से लेकर लद्दाख के बीच में बादलों का प्रभाव लगातार बढ़ता जा रहा है। शाम होते-होते बादलों की ये मौजूदगी जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड तक दिखाई देने लगेगी। लेकिन, बारिश की संभावनाएं 22 फ़रवरी को हैं। 21 फरवरी की रात में जरूर कुछ स्थानों पर इसका असर रहेगा और वर्षा होगी। खास तौर पर जम्मू-कश्मीर के पश्चिमी खेत्र जो पाकिस्तान से सटे हैं वहां जिनमें राजौरी, पुंछ सहित आसपास के हिस्सों में बारिश की ज्यादा संभावना है। पूर्वी और दक्षिणी हिस्से में यहां 22 फरवरी को मौसम करवट लेगा। शेष पर्वतीय इलाकों में भी 22 फरवरी को बारिश का पूर्वानुमान है।

21 February 2022 Mausam- देश के मैदानी भागों में पंजाब, हरियाणा और दिल्ली से लेकर उत्तर प्रदेश के तमाम जगहों पर उत्तर-पश्चिम दिशा की हवाओं का असर का असर रहेगा। ये हवा ठंडी और शुष्क होंगी। इनकी रफ़्तार भी काफी होगी। कई इलाकों में ये 15 से 20 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तो कहीं-कहीं 25 किमी प्रतिघंटा भी हो सकती है। पूर्वी भारत में बिहार, झारखंड से लेकर पश्चिम बंगाल के गंगीय और उप हिमालयी भागों साथ ही साथ सिक्किम तथा पूर्वोत्तर भारत में कई जगहों पर वर्षा की संभावना जाहिर की जा रही है। ज्यादा संभावना अरुणाचल प्रदेश और आसपास के इलाकों में है। असम और नागालैंड में ज्यादा तथा इनकी तुलना में कम वर्षा त्रिपुरा, मणिपुर, मिजोरम में होने के आसार हैं। गंगीय पश्चिम बंगाल में मौसम पूरी तरह साफ और शुष्क रहेगा। इस पूरे क्षेत्र में पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी दिशा की हवाओं का असर रहेगा। ये हवा ठंडी और शुष्क होंगी। कोलकाता, रांची, पटना सहित पूरे इलाके में तेज धूप सामान्यतः निकलेगी और सुबह तथा रात के समय मौसम ठंडा होगा।

अगले 24 घंटों के दौरान मौसम का हाल- स्काईमेट वेदर (Skymet Weather) के अनुसार, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, दादरा नगर हवेली, दमन और दीव तथा गोवा, इन सभी भागों में भी उत्तर से ही सीधी हवाएं चलेंगी। पहाड़ों की तरफ से चलने वाली ये हवाएं ठंडी है। लेकिन जैसे-जैसे अब मौसमी बदलाव होने लगा है, उसका असर भी देश के तमाम भागों में दिखने लगा है। सूरज अब उत्तरायण हो गया है। इसलिए अब तापमान वृद्धि होने लगी है। इस वजह से इन ठंडी हवाओं का बहुत ज्यादा असर तापमान को प्रभावित नहीं करेगा। देश के दक्षिणी भागों में केरल और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में वर्षा हो सकती है। लक्षद्वीप और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी भी बारिश की संभावना है। शेष सभी जगहों पर मौसम सामान्य और शुष्क रहेगा। तो ये थी आज के मौसम की जानकारी।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story