×

Aaj Ka Mausam: उत्तराखंड और हिमाचल में बारिश और बर्फबारी की संभावना, पंजाब से बंगाल तक रहेगा कोहरे का असर

उत्तर भारत के भागों पर एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ (western disturbance) का आना जारी है। आने वाले समय में भी यह देखने को मिलेगा, जिससे पहाड़ों पर बर्फबारी तो मैदानी इलाकों में बारिश का दौर जारी रहने वाला है।

aman
Written By aman
Published on: 7 Feb 2022 12:49 AM GMT
Weather today news
X

Weather News(Social Media)

Aaj Ka Mausam 07 February 2022 : उत्तर भारत के भागों पर एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ (western disturbance) का आना जारी है। आने वाले समय में भी यह देखने को मिलेगा, जिससे पहाड़ों पर बर्फबारी तो मैदानी इलाकों में बारिश का दौर जारी रहने वाला है। वर्तमान समय में जो विक्षोभ सक्रिय है उसके प्रभाव से पहाड़ी इलाकों पर कश्मीर से लेकर हिमाचल तथा गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद से लेकर उत्तराखंड तक बादल छाए हुए हैं। मैदानी इलाकों की बात करें तो फिलहाल बादल नहीं हैं। लेकिन, पंजाब से हरियाणा, दिल्ली के कुछ हिस्सों और उत्तर प्रदेश के सभी क्षेत्रों में खासकर मध्य और तराई वाले जिलों में और बिहार, झारखंड तथा पश्चिम बंगाल के हिस्से में कई जगहों पर कोहरे का असर रहेगा। इन जगहों पर कोहरा का खासा प्रभाव देखने को मिल रहा है। दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत और देश के मध्य भाग पर 7 फ़रवरी को कोई मौसमी सिस्टम नहीं है। पूर्वोत्तर राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ का असर जरूर देखने को मिल रहा है।

Aaj kaisa rahega mausam- पश्चिमी विक्षोभ के आगे निकलने की वजह से आज यानी 7 फरवरी को पहाड़ों मौसम साफ ही नजर आएंगे। गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद तथा लद्दाख और हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में कहीं-कहीं बारिश और बर्फबारी देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड के चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ ज़िलों में 7 फरवरी 2022 तक बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। दूसरी तरफ, जिलों के साथ ही बारिश और बर्फबारी ने राज्य के कई अन्य हिस्सों में भी आफत खड़ी कर दी है। टिहरी, उत्तरकाशी, अल्मोड़ा, नैनीताल तथा पौड़ी में कई जगह रास्ते बंद हैं। कहीं-कहीं पानी और बिजली सहित जरूरी सामानों की सप्लाई भी प्रभावित हुई है। अधिकांश जगहों पर सड़कें खोलने का काम जारी है। मगर, मौसम के तेवर कुछ नरम पड़ने की उम्मीद की जा रही है। जम्मू कश्मीर के क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता और राजस्थान व आसपास कम दबाव क्षेत्र के कारण उत्तराखंड में मौसम का ये रूप देखने को मिल रहा है।

07 February 2022 Mausam- वहीं, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, हिमाचलप्रदेश के मध्य तथा ऊपरी पर्वतीय भागों में 6 से 10 फरवरी तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। 8 और 9 फरवरी को कई स्थानों पर बारिश-हिमपात के आसार हैं। वहीं, मैदानी भागों के लिए आंधी चलने का येलो अलर्ट है। कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिले के साथ हिमाचल प्रदेश के अन्य पर्वतीय इलाकों में हुई भारी बर्फबारी के बाद हिमस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है। देश के मैदानी भागों की बात करें तो पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में मुख्यतः शुष्क मौसम का पूर्वानुमान है। इन सभी क्षेत्रों में हवाएं उत्तर-पश्चिम दिशा से चलेंगी। अनुमान है कि पंजाब से यूपी तक 7 फ़रवरी को भी कई जगहों पर कोहरा छाया रहेगा। लेकिन हवाओं के रफ्तार पकड़ते ही कोहरा साफ होने लगेगा। राजस्थान में न तो कोहरा और न बहुत ठंड का पूर्वानुमान है। इसी तरह मध्य प्रदेश में भी मौसम शुष्क रहेगा। मध्य प्रदेश में टीकमगढ़, खजुराहो, पन्ना, सिंगरौली आदि में तामपान जरूर नीचे जाएंगे। गुजरात के कच्छ, सौराष्ट्र और पूर्वी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा।

अगले 24 घंटों के दौरान मौसम का हाल- इसी तरह महाराष्ट्र के विदर्भ मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र, कोंकण-गोवा में भी शुष्क मौसम का पूर्वानुमान जताया जा रहा है। यहां भी हवाएं मिश्रित चलने वाली हैं। विदर्भ के क्षेत्र में थोड़े बहुत बादल नजर आ सकते हैं। गोवा, दादरा और नगर हवेली, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, तमिलनाडु, लक्षद्वीप में भी मौसम शुष्क रहेगा। ठंडी हवाओं और उन क्षेत्रों में मौजूद नमी के कारण दक्षिण भारत के कई इलाकों में कोहरे के साथ ठंड का असर देखने को मिल सकता है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है। पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिल रहा है। बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के भागों में मौसम शुष्क रहेगा। इन तीनों राज्यों में कोहरे का असर रहेगा।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story