×

शाह का पूर्वोत्तर दौरा काफी अहम, 8 मुख्यमंत्रियों के साथ सीमा विवाद सुलझाने पर होगी चर्चा

Amit Shah Shillong Visit: पूर्वोत्तर की अपनी इस यात्रा के दौरान शाह पूर्वोत्तर के आठ राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman TiwariPublished By Shreya
Published on: 24 July 2021 7:24 AM GMT
The Union Home Minister of the country Amit Shah is on a tour of Uttar Pradesh today
X

अमित शाह (फोटो- सोशल मीडिया)

Amit Shah Shillong Visit: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Home Minister Amit Shah) के आज से शुरू हो रहे शिलांग के दो दिवसीय दौरे को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पूर्वोत्तर की अपनी इस यात्रा के दौरान शाह पूर्वोत्तर के आठ राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। इस बैठक में पूर्वोत्तर के मुख्यमंत्रियों के अलावा सभी राज्यों के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक भी हिस्सा लेंगे।

इस बैठक को इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि इसके जरिए पूर्वोत्तर के राज्यों के बीच अंतरराज्यीय सीमा विवाद के मुद्दों को सुलझाने पर चर्चा होगी। पूर्वोत्तर के राज्यों में हाल के दिनों में कोरोना (Coronavirus) का कहर भी काफी बढ़ा है और माना जा रहा है कि बैठक में कोरोना संकट पर भी चर्चा की जाएगी। शाह के साथ दौरे के समय उनके साथ उत्तर पूर्व क्षेत्र के विकास मंत्री जी किशन रेड्डी एवं विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह भी होंगे।

अमित शाह (फाइल फोटो साभार- सोशल मीडिया)

राज्यों के बीच विवाद सुलझाने पर जोर

गॄह मंत्री शाह का दौरा पहले इसी महीने की 17 तारीख को निर्धारित किया गया था, लेकिन बाद में किन्ही कारणों वश यह दौरा रद्द कर दिया गया था। अब गृह मंत्री आज शिलांग के दौरे पर पहुंचेंगे और इस दौरान पूर्वोत्तर के आठ मुख्यमंत्रियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। पूर्वोत्तर में सीमा विवाद का मुद्दा गंभीर बना हुआ है। असम का अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, मेघालय और नगालैंड के साथ सीमा विवाद है।

मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड के संगमा ने हाल में कहा था कि पूर्वोत्तर के राज्यों के बीच अंतरराज्यीय विवाद के मुद्दों को जल्द से जल्द हल किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद इतना समय बीत जाने के बाद भी हम सीमा विवाद से जुड़े जटिल मुद्दों को हल नहीं कर पाए हैं। उनका कहना था कि पूर्वोत्तर के सभी राज्यों में समझदार राजनीतिक नेतृत्व है और उच्च स्तर पर चर्चा करके इस मामले को हल किया जा सकता है।

सीएम हिमंत बिसवा सरमा (फोटो साभार- सोशल मीडिया)

असम के सीएम ने स्थिति को नाजुक बताया

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिसवा सरमा ने भी मिजोरम के साथ अंतरराज्यीय सीमा पर स्थिति को नाजुक बताया है। उनका कहना है कि पड़ोसी राज्य के साथ सीमा विवाद को सुलझाने में थोड़ा वक्त लग सकता है। सरमा ने उम्मीद जताई है कि मेघालय और अरुणाचल प्रदेश के साथ सीमा विवाद को हल करने की दिशा में जरूर जल्दी ही कामयाबी मिल सकती है। उन्होंने कहा कि वे पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक के दौरान इस मामले पर चर्चा करेंगे।

कानून व्यवस्था और कोरोना पर भी होगी चर्चा

मुख्यमंत्रियों के साथ गॄह मंत्री की बैठक के दौरान पूर्वोत्तर के राज्यों में कानून व्यवस्था की स्थिति और कोरोना के बढ़ते मामलों पर भी चर्चा होगी। इसके साथ ही शाह का कुछ आधिकारिक कार्यक्रम भी है। शाह के कार्यक्रम के संबंध में अधिकारियों ने बताया है कि वे शिलांग के बाहरी इलाके में स्थित आईएसबीटी और न्यू शिलांग शहर में क्रायोजेनिक संयंत्र का उद्घाटन भी करेंगे। इसके साथ ही वे सोहरा का भी दौरा करेंगे जहां उन्हें कई परियोजनाओं का उद्घाटन करना है। वे श्री रामकृष्ण आश्रम भी जा सकते हैं।

मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक के अलावा शाह नागरिक संगठनों के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे। वे नागरिक संगठनों की समस्याएं सुनकर उनका निवारण करने की कोशिश करेंगे। जानकार सूत्रों का कहना है कि शाह का पूर्वोत्तर का दौरा काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि पूर्वोत्तर के राज्यों के बीच सीमा विवाद का मुद्दा काफी दिनों से अनसुलझा है। अब केंद्र सरकार की ओर से सीमा विवाद के इस गंभीर मुद्दे को हल करने की दिशा में गंभीर कोशिश की जा रही है।

दोस्तों देश और दुनिया की खबरों को तेजी से जानने के लिए बने रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलो करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Shreya

Shreya

Next Story