×

Bulli Bai App: मुंबई पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, मुख्य आरोपी महिला गिरफ्तार, इंजीनियरिंग छात्र पर भी कसा शिकंजा

Bulli Bai App: अदालत ने विशाल कुमार को 10 जनवरी तक मुंबई पुलिस की हिरासत में भेजने का आदेश दिया है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman TiwariPublished By Divyanshu Rao
Published on: 4 Jan 2022 1:04 PM GMT
Bulli Bai App:
X
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी 

Bulli Bai App: देश भर में चर्चा का विषय बने बुली बाई ऐप (Bulli Bai App Case) प्रकरण में मुंबई पुलिस (Mumbai Police) ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मुंबई पुलिस ने इस मामले की मुख्य आरोपी एक महिला को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले मुंबई पुलिस ने बेंगलुरु से 21 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्र विशाल कुमार को गिरफ्तार किया था।

अदालत ने विशाल कुमार को 10 जनवरी तक मुंबई पुलिस की हिरासत में भेजने का आदेश दिया है। इस मामले के मुख्य आरोपी महिला को उत्तराखंड से गिरफ्तार किया गया है। इस महिला को गिरफ्तार करने के बाद अब मुंबई ले जाने की तैयारी है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक इस महिला पर मुस्लिम महिलाओं की तस्वीरें अपलोड करने और उनकी नीलामी करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक इस महिला ने ही बुली बाई ऐप पर मुस्लिम महिलाओं की तस्वीरें अपलोड करने के साथ उनकी बोली भी लगाई थी।

गिरफ्तार महिला को रिमांड के लिए जल्द ही उत्तराखंड कोर्ट में पेश किया जाएगा। महिला और इंजीनियरिंग छात्र की गिरफ्तारी दो अलग-अलग जगहों से की गई है मगर मजे की बात यह है कि दोनों एक-दूसरे को बखूबी जानते हैं।

उत्तराखंड से महिला की गिरफ्तारी

बुली बाई ऐप इन दिनों मीडिया की सुर्खियों में छाया हुआ है और सोशल मीडिया पर भी इस ऐप (bulli bai app case news) को लेकर खूब चर्चाएं हो रही हैं। इस ऐप के जरिए मुस्लिम महिलाओं की छवि खराब करने की बात उजागर होने के बाद मुंबई पुलिस ने इस मामले में सक्रियता बढ़ा दी है। मुंबई पुलिस ने सोमवार को इस मामले में बेंगलुरु से इंजीनियरिंग के छात्र विशाल कुमार को गिरफ्तार किया था।

महिला और युवक की प्रतीकात्मक तस्वीर (फोटो:सोशल मीडिया)

इस छात्र को अदालत की ओर से मुंबई पुलिस की हिरासत में भेजा जा चुका है और अब मुंबई पुलिस ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तराखंड से एक महिला को गिरफ्तार किया है।

पुलिस का कहना है कि विशाल और गिरफ्तार की गई महिला सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए एक-दूसरे से जुड़े हुए थे और एक-दूसरे को जानते थे। फेसबुक और इंस्टाग्राम के जरिए उनका लगातार एक-दूसरे से संपर्क बना हुआ था।

बेंगलुरु से गिरफ्तार हुआ इंजीनियरिंग छात्र

मुंबई पुलिस का कहना है कि उत्तराखंड से गिरफ्तार महिला बुली बाई ऐप के तीन अकाउंट का संचालन कर रही थी। बेंगलुरु से गिरफ्तार विशाल कुमार ने सुप्रीमिस्ट नाम से ऐप पर खाता खोला था। पिछले साल के आखिरी दिन उसने ऐप के अन्य खातों के नाम बदल दिए थे और सिख नामों से मिलते जुलते नए नाम रख दिए थे। पुलिस का कहना है कि इस ऐप का सिखों से कोई संबंध नहीं है, लेकिन आरोपी छात्र ने पुलिस को भरमाने की कोशिश की है ताकि पुलिस को लगे कि यह मामला खालिस्तानी ग्रुप से जुड़ा हुआ है।

मुंबई पुलिस ने इस मामले में जांच पड़ताल के बाद इस इंजीनियरिंग छात्र का पता लगाया और उसे बेंगलुरु से गिरफ्तार कर लिया। अब कोर्ट की ओर से इस छात्र को 10 जनवरी तक मुंबई पुलिस की हिरासत में भेजने का आदेश दिया गया है। मुंबई पुलिस छात्र से पूछताछ करने में जुटी हुई है और माना जा रहा है कि जल्द ही मामले में कोई बड़ा खुलासा हो सकता है।

मुंबई पुलिस ने कसा शिकंजा

मुंबई पुलिस की साइबर सेल के पास इस मामले में शिकायत दर्ज कराई गई थी जिसके बाद पुलिस ने सक्रियता बढ़ाई है। इस मामले में दर्ज कराई गई एफआईआर के मुताबिक बुली बाई ऐप एक एप्लिकेशन है और यहां पर नामचीन मुस्लिम महिलाओं की तस्वीरें पोस्ट करने के साथ उनकी बोली लगाई जाती थी।

राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर मुखर मुस्लिम महिलाओं की ऑनलाइन नीलामी की जाती थी। ऑनलाइन नीलामी के लिए सूचीबद्ध लोगों में वकील,पत्रकार, कार्यकर्ता और अन्य प्रमुख हस्तियां शामिल थीं।

इस मामले को लेकर कई लोगों ने सवाल उठाए थे। इस बाबत कई शिकायतें मिलने के बाद मुंबई पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद कार्रवाई शुरू की है।

दिल्ली पुलिस के पास भी इस मामले में केस दर्ज कराया गया है। दिल्ली पुलिस के पीआरओ और एडीशनल कमिश्नर चिन्मॉय बिस्वास ने बताया कि एक जनवरी को इस मामले में केस दर्ज कराया गया था और पुलिस इस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है। इस मामले में जवाब तलब किया गया है और जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।

Divyanshu Rao

Divyanshu Rao

Next Story