×

Coronavirus: आज से इन राज्यों में लॉकडाउन में मिली छूट, जानें कहां रहेंगी पाबंदियां

Coronavirus: कोरोना के नए मामलों में राहत मिलने के बाद कई राज्यों में कोविड संबंधी पाबंदियों में छूट देने का एलान किया गया है।

Network
Newstrack NetworkPublished By Shreya
Published on: 7 Jun 2021 1:48 AM GMT
Coronavirus: आज से इन राज्यों में लॉकडाउन में मिली छूट, जानें कहां रहेंगी पाबंदियां
X

इंडिया गेट (कॉन्सेप्ट फोटो साभार- सोशल मीडिया)

Coronavirus: देश में अप्रैल महीने में अचानक कोरोना वायरस (Corona Virus) संक्रमण ने विकराल रूप धारण कर लिया। संक्रमण का प्रसार तेजी से बढ़ने के चलते कोरोना का ग्राफ (Corona Graph) भी तेजी से बढ़ता जा रहा था। जिसके बाद केंद्र और राज्य सरकारें सतर्क हुईं और कोरोना पर काबू पाने के लिए राज्यों में सख्त पाबंदियां (Covid-19 Restrictions ) लागू कर दीं। जिसका असर अब देखने को मिल रहा है।

देश में बीते कुछ दिनों से लगातार कोरोना वायरस के नए मामलों (Corona Virus New Cases) में कमी देखी जा रही है। बीते 24 घंटे की बात की जाए तो इस दौरान देश में कोरोना के कुल 1 लाख 20 हजार 529 मामले सामने आए हैं, जो कि करीब दो महीने में दर्ज किए गए सबसे कम मामले हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय (Health Ministry) ने बताया कि रोज आने वाले संक्रमण के नए मामले 58 दिनों में सबसे कम हैं। हालांकि इस दौरान 3 हजार 380 लोगों ने अपनी जान गंवा दी है।

अब कोरोना के नए मामलों में गिरावट आने के बाद कई राज्यों में अनलॉक की प्रक्रिया (Unlock) शुरू हो गई है। यानी राज्यों द्वारा कोरोना कर्फ्यू (Corona Curfew) या लॉकडाउन (Lockdown) में ढील देनी शुरू कर दी गई है। जबकि कई राज्यों में कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए पाबंदियों को बढ़ा दिया गया है, हालांकि कुछ छूट अवश्य दी गई हैं। तो चलिए जानते हैं कि कहां पाबंदियों को बढ़ाया गया है और कहां पर लॉकडाउन में ढील मिली है।

(कॉन्सेप्ट फोटो साभार- सोशल मीडिया)

दिल्ली

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की बात की जाए तो यहां पर अब रियायतों का दौर शुरू हो चुका है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने बीते शनिवार को लगे लॉकडाउन में कुछ राहत देने की बात कही। हालांकि यहां 14 जून तक लॉकडाउन बढ़ा दिया गया है। फिलहाल दिल्ली में 7 जून से पाबंदियों में ढील के साथ लॉकडाउन लागू रहेगा।

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि राज्य में सात जून से बाजार और मॉल को ऑड-ईवन नियम के तहत खोले जाएंगे। दुकान के नंबरों के आधार पर बाजार खोले जाएंगे। 50 फीसदी तक मेट्रो का संचालन होगा। साथ ही गली मोहल्ले की सभी दुकानों को भी खोलने की अनुमति दी गई है। सोमवार से शराब की दुकान नई रियायतों के साथ खोले जाएंगे। इसके अलावा सरकारी और निजी कार्यालयों में 50 प्रतिशत ही कर्मचारी काम कर सकेगें।

महाराष्ट्र

महाराष्ट्र की उद्धव ठाकरे सरकार ने यहां पर कोरोना वायरस संबंधित प्रतिबंधों में ढील देने का फैसला किया है। महाराष्ट्र के जिन शहरों में पॉजिटिविटी रेट 5 फीसदी से कम है और ऑक्सीजन बेड 25 फीसदी से कम ऑक्यूपाइड हैं, वह शहर पूरी तरह से अनलॉक कर दिए जाएंगे। बता दें कि अनलॉक प्रक्रिया के लिए महाराष्ट्र सरकार ने पांच-स्तरीय योजना का एलान किया है, जो कि सात जून से लागू होगा।

उत्तर प्रदेश

यूपी की योगी सरकार ने भी कोरोना कर्फ्यू से राहत देने का फैसला किया है। अब उत्तर प्रदेश के 71 जिलों में कल से कोरोना कर्फ्यू हट जाएगा। राहत पहुंचाने वाली खबर यह है कि इन जिलों में एक्टिव केस 600 से कम हो गए हैं। लेकिन वहीं दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश के सिर्फ चार जिलों में कोरोना कर्फ्यू लागू रहेगा। ये जिले हैं लखनऊ, गोरखपुर, मेरठ और सहारनपुर, जहां पर 600 से अधिक एक्टिव केस बचे हैं।

हालांकि, शनिवार व रविवार को सभी जिलों में पहले के आदेशों के अनुसार साप्ताहिक बंदी लागू रहेगी। नाइट कर्फ्यू का समय शाम सात बजे से लेकर सुबह सात बजे तक लागू रहेगा। इस दौरान कोविड नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा।

हरियाणा

राज्य में सरकार (Haryana Government) ने पाबंदियों को सशर्त 14 जून, 2021 तक बढ़ा दिया है। दुकानों को सुबह 9 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक ऑड-ईवन फॉर्मूले के साथ खोला जाएगा। मॉल सुबह 10 बजे से रात 8 तक खुलेंगे। इतने ही समय तक रेस्टोरेंट और बार खोलने की भी इजाजत दे दी है। यहां केवल 50 फीसदी स्टाफ ही उपस्थित रह सकते हैं।

इसके अलावा धार्मिक स्थल भी सशर्त खोले जाएंगे। केवल 21 लोगों को ही जाने की इजाजत दी जाएगी। वहीं, कॉर्पोरेट ऑफिस 50 फीसदी स्टाफ के साथ अब खोले जा सकेंगे। शादी और अंतिम संस्कार में 50 लोगों के शामिल होने की अनुमति।

तमिलनाडु

मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने कोरोना पाबंदियों में कुछ ढील देते हुए लॉकडाउन को 14 जून तक बढ़ा दिया है। अब राज्य में आवश्यक वस्तुओं की बिक्री वाली दुकानें खोलने, सरकारी कार्यालयों में फिर से कामकाज शुरू करने की अनुमति है। कोयंबटूर और नीलगिरी समेत 11 जिलों में अन्य क्षेत्रों की तुलना में पाबंदियों में कम छूट दी जायेगी। क्योंकि यहां कोरोना का संक्रमण बढ़ रहा है।

कर्नाटक, हिमाचल, राजस्थान

कर्नाटक में भी लॉकडाउन को 14 जून तक बढ़ाने की घोषणा की गई है। हिमाचल सरकार ने कोरोना के चलते लागू किए गए प्रतिबंधों को 14 जून सुबह 6 बजे तक बढ़ा दिया है। साथ ही 12वीं की परीक्षाओं को भी रद्द कर दिया गया है। इसके अलावा राजस्थान में लॉकडाउन में छूट देने का फैसला किया गया है। जिसके बारे में विस्तृत जानकारी गृह विभाग सोमवार को जारी करेगा।

अन्य राज्यों में क्या है हाल?

पंजाब में 10 जून तक लॉकडाउन बढाया गया है।

बिहार में 8 जून तक लॉकडाउन बढ़ाया गया।

झारखंड में 10 जून तक लॉकडाउन लागू रहेगा।

ओडिशा में 17 जून तक लॉकडाउन में छूट नहीं।

पश्चिम बंगाल में 15 जून तक लॉकडाउन लागू रहेगा।

मध्य प्रदेश में कोरोना कर्फ्यू को 15 जून तक के लिए लागू है। हालांकि सरकार ने कुछ छूट दी हैं।

छत्तीसगढ़ मे अगले आदेश तक लागू रहेगा लॉकडाउन।

गुजरात सरकार ने 11 जून तक 36 शहरों में नाइट कर्फ्यू बढ़ा दिया है। हालांकि कुछ छूट जरूर दी हैं।

केरल में लॉकडाउन 9 जून तक जारी रहेगा। सरकार ने कुछ छूट दी हैं।

पुडुचेरी में 7 जून तक लॉकडाउन बढा है।

तेलंगाना सरकार ने 9 जून तक लॉकडाउन बढ़ा दिया है।

आंध्र प्रदेश में 10 जून तक पाबंदियां बढ़ाई गईं।

असम में 15 जून तक लॉकडाउन बढ़ा दिया गया है।

नागालैंड में 11 जून तक लॉकडाउन बढ़ाया गया है।

त्रिपुरा में 10 जून तक कोरोना कर्फ्यू बढ़ाया गया है।

जम्मू और कश्मीर में पाबंदियों में ढील दी गई हैं, लेकिन नाइट कर्फ्यू और साप्ताहिक लॉकडाउन जारी रहेगा।

Shreya

Shreya

Next Story