×

दिल्ली की मदद करें: केजरीवाल की उद्योगपतियों से गुहार, जो भी सहयोग हो करें

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने देश के सभी बड़े उद्योगपतियों को पत्र लिखा है। इनमें मुकेश अंबानी के अलावा रतन टाटा, आदित्य बिड़ला, राहुल बजाज, आनंद महिंद्रा, हिंदुजा ब्रदर्स समेत कई बड़े उद्योगपति शामिल हैं।

Ramkrishna Vajpei
Reporter Ramkrishna VajpeiPublished By Vidushi Mishra
Published on: 25 April 2021 3:22 PM GMT
दिल्ली की मदद करें: केजरीवाल की उद्योगपतियों से गुहार, जो भी सहयोग हो करें
X

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भारत के प्रमुख उद्योगपतियों को मार्मिक पत्र लिखकर राष्ट्रीय राजधानी के ऑक्सीजन संकट में उनकी मदद मांगी। केजरीवाल ने पत्र में लिखा है, 'कृपया दिल्ली सरकार की मदद करें यदि आपके पास ऑक्सीजन और टैंकर हैं ... तो आप जो भी कर सकते हैं, हमारी मदद करें।'

इस बीच गृह मंत्रालय (एमएचए) ने सभी राज्य व केंद्रशासित प्रदेशों की सरकारों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि किसी भी गैर-चिकित्सा उद्देश्य के लिए तरल ऑक्सीजन के उपयोग की अनुमति नहीं दी जाए। निर्देश में कहा गया है कि सभी निर्माण इकाइयां तरल ऑक्सीजन के अपने उत्पादन को अधिकतम करने का प्रयास करें और इसे अगले आदेश तक तत्काल प्रभाव से चिकित्सा प्रयोजनों के उपयोग के लिए सरकारों को उपलब्ध कराएं।

पिछले 24 घंटों में 3,49,691 नए COVID-19 मामलों के साथ, भारत में कुल सक्रिय मामले रविवार सुबह 26,82,751 हो गए। पिछले 24 घंटों में 2,767 मौतों के साथ मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,92,311 हो गई है। देश में अब तक वैक्सीन की कुल 14,09,16,417 खुराक दी जा चुकी हैं।

इन्होंने मदद के लिए आगे बढ़ाए हाथ

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने देश के सभी बड़े उद्योगपतियों को पत्र लिखा है। इनमें मुकेश अंबानी के अलावा रतन टाटा, आदित्य बिड़ला, राहुल बजाज, आनंद महिंद्रा, हिंदुजा ब्रदर्स समेत कई बड़े उद्योगपति शामिल हैं। गौरतलब है कि अंबानी और महिंद्रा ने ऑक्सीजन संकट में मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाए हैं।


अब चिट्ठी लिखकर केजरीवाल ने इनसे ऑक्सीजन सप्लाई को लेकर मदद मांगी है। चिट्ठी में केजरीवाल ने लिखा, "अगर आपके पास ऑक्सीजन और टैंकर हो तो दिल्ली सरकार की मदद करें. आपसे जो भी सहयोग हो सकता हो, वो जरूर कीजिए."

दिल्ली में कोरोना में सुनामी आई हुई है और लॉकडाउन के बावजूद हालात नियंत्रित न होने पर इसे तीन मई तक के लिए बढ़ा दिया गया है। दिल्ली में ऑक्सीजन की किल्लत होने का एक कारण ये भी है कि यहां मेडिकल ऑक्सीजन का प्रोडक्शन नहीं होता और ना ही यहां पर मेडिकल ऑक्सीजन की कोई फैक्ट्री है।

गौरतलब है कि केजरीवाल ने कल सभी मुख्यमंत्रियों को चिट्ठी लिखकर मदद मांगी थी। केजरीवाल ने शनिवार को सभी मुख्यमंत्रियों को चिट्ठी लिखकर दिल्ली को ऑक्सीजन देने का अनुरोध किया था। सीएम केजरीवाल ने चिट्ठी में लिखा था कि अगर आपके पास अतिरिक्त ऑक्सीजन हो, तो दिल्ली की मदद करें। केंद्र सरकार हमारी मदद कर रही है। लेकिन कोरोना की गंभीरता ऐसी है कि सभी उपलब्ध संसाधन अपर्याप्त साबित हो रहे हैं।

Vidushi Mishra

Vidushi Mishra

Next Story