×

BJP Aashirwad Yatra: नए मंत्रियों के लिए भाजपा ने बनाई बड़ी रणनीति, जन आशीर्वाद यात्राओं के जरिए देंगे अपना परिचय

मोदी सरकार में शामिल नए मंत्री और पदोन्नत किए गए मंत्री अब जनता के बीच जाकर अपना परिचय देंगे। भारतीय जनता पार्टी ने इन मंत्रियों के लिए जन आशीर्वाद यात्रा का बड़ा कार्यक्रम तैयार किया है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman TiwariPublished By Shashi kant gautam
Published on: 14 Aug 2021 4:42 AM GMT
BJP has made a big strategy for new ministers, will introduce itself through Jan Ashirwad Yatras
X

भाजपा का जन आशीर्वाद यात्रा: फोटो- सोशल मीडिया

BJP Aashirwad Yatra: मोदी सरकार में शामिल नए मंत्री और पदोन्नत किए गए मंत्री अब जनता के बीच जाकर अपना परिचय देंगे। भारतीय जनता पार्टी ने इन मंत्रियों के लिए जन आशीर्वाद यात्रा का बड़ा कार्यक्रम तैयार किया है। संसद के मानसून सत्र के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विपक्ष के हंगामे के कारण इन मंत्रियों का परिचय नहीं करा सके थे।

प्रधानमंत्री संसद में इन मंत्रियों का परिचय कराने के लिए खड़े हुए थे मगर पेगासस मुद्दे पर विपक्ष के हंगामे के कारण वे अपनी कोशिश में विफल साबित हुए थे। इसके बाद भाजपा ने इस मुद्दे को गरमाने का फैसला किया है और इसके लिए जन आशीर्वाद यात्रा का सहारा लिया जाएगा। सभी मंत्रियों के लिए कार्यक्रम तैयार किया जा चुका है और इन जन आशीर्वाद यात्राओं के दौरान 1663 सभाएं भी होंगी।

हंगामे के कारण पीएम नहीं करा सके थे परिचय

संसद के मानसून सत्र के शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी कैबिनेट में फेरबदल किया था। इस फेरबदल के दौरान कई पुराने मंत्रियों की छुट्टी के साथ ही कई नए चेहरों को भी सरकार में शामिल किया गया था। इसके साथ ही कुछ मंत्रियों को पदोन्नत भी किया गया था। केंद्रीय कैबिनेट में नए मंत्रियों को शामिल किए जाने के बाद प्रधानमंत्री संसद में इन मंत्रियों का परिचय देते हैं। यह परंपरा काफी पहले से ही चली आ रही है।

संसद के मानसून सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी: फोटो- सोशल मीडिया

मानसून सत्र के पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इसी परंपरा का निर्वाह करते हुए इन मंत्रियों का परिचय पेश करने की कोशिश की थी मगर विपक्ष के हंगामे के कारण उनकी यह कोशिश नाकामयाब साबित हुई। विपक्ष के हंगामे का जवाब देने के लिए भाजपा की ओर से बड़ा अभियान छेड़ने का फैसला किया गया है। इसी के तहत जन आशीर्वाद यात्राओं का खाका तैयार किया गया है। भारतीय जनता पार्टी को मजबूत बनाने में यात्राओं का अलग महत्व रहा है। इस कारण पार्टी ने यात्राओं का सहारा लेने का फैसला किया है।

212 लोकसभा क्षेत्र कवर करने की योजना

जन आशीर्वाद यात्राओं का खाका तैयार करने वाले पार्टी महासचिव तरुण चुग ने बताया कि भाजपा ने 39 नए मंत्रियों के लिए जन आशीर्वाद यात्रा का कार्यक्रम तैयार किया है। तीन दिन की यात्रा के दौरान 212 लोकसभा क्षेत्रों को कवर किया जाएगा। ये मंत्री 19,567 किलोमीटर का सफर तय करेंगे।

उन्होंने बताया कि राज्यमंत्री 16,17 और 18 अगस्त को जन आशीर्वाद यात्रा में शिरकत करेंगे जबकि कैबिनेट स्तर के मंत्री 19,20 और 21 अगस्त को जन आशीर्वाद यात्रा निकालेंगे। उन्होंने बताया कि जन आशीर्वाद यात्रा 19 राज्यों के 265 जिलों में भ्रमण करेगी। इन यात्राओं के दौरान 1663 सभाओं का कार्यक्रम तैयार किया गया है। चुग ने कहा कि कुछ राज्यों में यात्रा की अवधि बढ़ाई भी जा सकती है।

विभिन्न राज्यों के नेता भी लेंगे हिस्सा

इन यात्राओं को सफल बनाने के लिए राज्य सरकारों का भी सहयोग लिया जाएगा। राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, सांसद और विधायक भी इन यात्राओं में शिरकत करेंगे। इन यात्राओं के जरिए केंद्र सरकार की दो साल की उपलब्धियों का ब्योरा भी जनता के बीच पेश किया जाएगा। इसके साथ ही कोरोना संकटकाल में सरकार की ओर से किए गए कामों का विवरण भी जनता के बीच रखा जाएगा। सरकार की ओर से चलाए जा रहे हैं मुफ्त टीकाकरण अभियान के प्रति लोगों को जागरूक बनाने की कोशिश भी की जाएगी। आजादी के 75 साल की शुरुआत के बाद निकाली जाने वाली यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री की ओर से किए जा रहे विकास के कामों का प्रचार भी किया जाएगा।

लालकिले पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लोगों का अभिवादन करते हुए : फोटो- सोशल मीडिया

सियासी नजरिए से यात्राएं काफी महत्वपूर्ण

प्रधानमंत्री के 15 अगस्त को लालकिले पर दिए जाने वाले संबोधन के बाद निकाली जाने वाली इस यात्रा को सियासी नजरिए से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री 15 अगस्त के अपने संबोधन के दौरान अपनी सरकार की उपलब्धियों का विवरण पेश करने के साथ ही अपनी भावी योजनाओं का खाका भी प्रस्तुत करेंगे।

जन आशीर्वाद यात्रा के जरिए इन योजनाओं से भी लोगों को जोड़ने की कोशिश की जाएगी। इन यात्राओं के दौरान ज्यादा से ज्यादा क्षेत्र को कवर करने और अधिकतम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की कोशिश भी की जाएगी। इसके लिए संगठन के लोगों को पूरी तैयारी करने का निर्देश दिया गया है।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Next Story