×

Aaj Ka Mausam: कश्मीर और हिमाचल में बारिश और बर्फबारी, मध्य प्रदेश और गुजरात में अभी भी कड़ाके की ठंड

उत्तर भारत के क्षेत्रों पर पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) की वजह से बादल नजर आ रहे हैं। हालांकि, ये सिस्टम काफी कमजोर माना जा रहा है। इसलिए इसका प्रभाव पर्वतीय इलाकों तक ही सीमित है।

aman
Written By aman
Published on: 31 Jan 2022 12:43 AM GMT
Weather today news
X

Weather News(Social Media)

Aaj Ka Mausam 31 January 2022 : उत्तर भारत के क्षेत्रों पर पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) की वजह से बादल नजर आ रहे हैं। हालांकि, ये सिस्टम काफी कमजोर माना जा रहा है। इसलिए इसका प्रभाव पर्वतीय इलाकों तक ही सीमित है। इसलिए बादलों की जो स्थिति है वो गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड के अलावा वेस्ट यूपी के सहारनपुर और मुजफ्फरनगर तक नजर आए। पंजाब और हरियाणा के चंडीगढ़, बरनाला, मोगा और हरियाणा के पानीपत, सोनीपत तक ये बादल नजर आए। पूर्वोत्तर भारत के कुछ भागों पर भी बादल हैं, लेकिन ये बारिश नहीं करवाएंगे । हालांकि, अरुणाचल में कहीं-कहीं वर्षा जरूर हो सकती है। दक्षिण में मन्नार की खाड़ी पर भी एक सर्कुलेशन बन रहा था जो अब कमजोर हो चुका है। 2 फ़रवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देने वाला है, जिसका पहाड़ी और मैदानी इलाकों में आने वाले दिनों में व्यापक असर रहने वाला है।

Aaj kaisa rahega mausam- भारतीय मौसम विभाग (Bhartiya Mausam Vibhag) के अनुसार, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, जम्मू-कश्मीर के कुलगाम, पहलगाम, काजीगुंड आदि इलाकों में आज 31 जनवरी को कहीं-कहीं बारिश और बर्फबारी हो सकती है। अगर, कटरा, उधमपुर, जम्मू क्षेत्र में बादल रहेंगे लेकिन मौसम शुष्क रहेगा। माता वैष्णो देवी में भी बादल दिखाई दे सकते हैं। मौसम विभाग के कहना है कि जो श्रद्धालु माता वैष्णो के दर्शन को जा रहे हैं वो सावधानी के साथ यात्रा करें। हिमाचल प्रदेश में लाहौल स्पीति, कुल्लू-मनाली सहित घाटी वाले क्षेत्रों में हिमपात की गतिविधियां सकती हैं। उत्तराखंड में बादल जरूर रहेंगे लेकिन मुख्यतः मौसम शुष्क रहेगा। इसी तरह पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान तथा उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। हवाओं की दिशा उत्तर-पश्चिम रहने से दिल्ली सहित इस पूरे क्षेत्र में ठंड का एहसास लोगों को होगा। राजस्थान के उत्तरी इलाकों सहित अन्य भागों में ठंडी हवाओं के कारण दिन में भी ठंडक का एहसास लोगों को होगा।

31 January 2022 Mausam- बात उत्तर प्रदेश की करें तो आगरा, अलीगढ़, बरेली, झांसी, ललितपुर, महोबा, पूर्व में कानपुर, लखनऊ, बाराबंकी, अमेठी, रायबरेली, श्रावस्ती, गोंडा, बस्ती, प्रयागराज, अयोध्या, वाराणसी सहित उत्तर प्रदेश के तमाम शहरों में शुष्क मौसम रहेगा। पश्चिमी दिशा से लगातार ठंडी हवाएं चलती रहेंगी, जिससे आसमान साफ रहेगा और कोहरे की संभावना कम होगी। इन शुष्क हवाओं के कारण ही आने वाले दिनों में धूप का असर और बढ़ जाएगा। साथ ही इन ठंडी हवाओं के कारण तापमान अभी बहुत तेजी से ऊपर नहीं जा रहे हैं, भले ही धूप तेज निकलने शुरू हो चुके हों। बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में अभी भी पश्चिम दिशा से ठंडी शुष्क हवाएं पहुंच रही हैं। इन ठंडी हवाओं का असर इन इलाकों में देखने को भी मिल रहा है। तापमान बहुत तेजी से सामान्य की तरफ नहीं बढ़ रहा है। इन इलाकों में भी अब कोहरे, धुंध का असर अब पहले की तुलना में कम हुआ है। उप हिमालयी पश्चिम बंगाल सहित पूर्वोत्तर के राज्यों में भी मौसम शुष्क रहेगा। सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड में कहीं-कहीं वर्षा हो सकती है।

अगले 24 घंटों के दौरान मौसम का हाल- बात करें ओडिशा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश की तो यहां भी शुष्क मौसम की ही संभावना है। मौसम में कोई हलचल दिखाई नहीं दे रही है। हालांकि, मुंबई के आसपास एक सर्कुलेशन जरूर नजर आ रहा है। 31 जनवरी को मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और विदर्भ में भी स्थितियां सामान्य ही रहेंगी। मध्य प्रदेश में भी उत्तरी-पश्चिमी हवाएं ठंड की स्थितियां बरकरार रखेंगी। गुजरात में भी शुष्क हवाओं का असर अभी भी बना हुआ है। गुजरात में तमाम जगहों पर सामान्य से नीचे तापमान रिकॉर्ड किया जा रहा है। मध्य प्रदेश में अभी कई जगहों पर 4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया जा रहा है। गोवा, दमन दीव, दादरा नगर हवेली में मौसम शुष्क रहेगा। साथ ही, आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना, उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा में भी मौसम साफ और शुष्क रहेगा। हालांकि, केरल और तमिलनाडु के कुछ इलाकों में आज बारिश हो सकती है।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story