Gujarat New CM: जानें किसका नाम सबसे आगे, कौन बनेगा गुजरात का मुख्यमंत्री, शुरू हो गया मंथन

अचानक मुख्यमंत्री विजय रुपाणी के इस्तीफे की खबर आने से राज्य में राजनीति हलचल बढ़ गई है। कई नाम उभर कर सामने आ गए हैं

Network
Newstrack NetworkPublished By Raghvendra Prasad Mishra
Published on: 11 Sep 2021 12:38 PM GMT (Updated on: 11 Sep 2021 12:45 PM GMT)
vijay rupani
X

गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी (फोटो साभार-सोशल मीडिया)

अहमदाबाद: गुजरात विधानसभा चुनाव से पहले यहां बड़ा राजनीतिक उलटफेर हो गया है। शनिवार को अचानक मुख्यमंत्री विजय रुपाणी के इस्तीफे की खबर आने से राज्य में राजनीति हलचल बढ़ गई है। अब राज्य में नया मुख्यमंत्री कौन होगा इसको लेकर कयासबाजी तेज हो गई है। सूत्रों की मानें तो सियासी गलियारों में मुख्यमंत्री पद की दावेदारी पर चार नेताओं के नामों पर चर्चा शुरू हो गई है। जिन चार नामों की चर्चा है उनमें केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया, केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री पुरुषोत्तम रुपाला, राज्य के उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल और गुजरात प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल का नाम सबसे ऊपर है। सूत्रों की मानें तो इन्हीं में से किसी को मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है।

गौरतलब है कि गत दिनों मोदी सरकार ने कैबिनेट विस्तार किया था। इस कैबिनेट विस्तार में गुजरात से राज्यसभा सदस्य मनसुख मांडविया को शामिल किया गया था। हर्ष वर्धन को स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री पद से हटाते हुए उनकी जगह मनसुख मांडविया का यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मांडविया इससे पहले भी मोदी सरकार में सड़क व परिवहन राज्य मंत्री रह चुके हैं। इतना ही नहीं वर्ष 2015 में मांडविया को बीजेपी का महासचिव बनाया गया था, उस समय उनका नाम सबसे युवा महासचिव में शामिल था। मांडविया वर्ष 2012 में गुजरात से राज्यसभा सदस्य चुने गए थे। इसके बाद 2018 में वह दोबारा गुजरात से राज्यसभा के लिए चुने गए।

इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री पुरुषोत्तम रुपाला के नाम पर चर्चा तेज है। वह काफी लंबे समय से भाजपा से जुड़े हुए हैं। बताया जा रहा है कि 1880 के दशक से वह भाजपा से जुड़े और अब तक पार्टी के लिए काम करते आ रहे हैं। वर्ष 1991 में वह पहली बार अमरेली विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए थे। वह तीन बार इस क्षेत्र से विधायक चुने जा चुके हैं। वर्ष 2016 में उन्हें राज्यसभा सदस्य के रूप में चुना गया। वर्तमान समय में वह केंद्रीय मंत्री हैं।

वहीं गुजरात के उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल के नाम पर भी चर्चा की जा रही है। कुछ राजनीतिक विशेषज्ञों को मानना है कि नितिन पटेल को गुजरात की कमान सौंपी जा सकती है। गुजरात में नितिन पटेल का नाम भाजपा के दिग्गज नेताओं की सूची में शामिल है। इससे पहले भी जब गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री अनंदीबेन पटेल ने इस्तीफा दिया था तब भी नितिन पटेल का नाम सबसे आगे था। नितिन पटेल भी लंबे समय से पार्टी के साथ जुड़े हुए हैं।

इसी क्रम में नवसारी से सांसद सीआर पाटिल के नाम पर चर्चा की जा रही है। गुजरात की राजनीति में उनका बड़े मंझे खिलाड़ी के रूप में जाना जाता है। सीआर पाटिल का नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह दोनों लोगों के खास लोगों में आता है। उन्हें वर्ष 2020 में गुजरात का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। पाटिल विकास कार्यों में तकनीकी इस्तेमाल करने में माहिर माने जाते हैं।

Raghvendra Prasad Mishra

Raghvendra Prasad Mishra

Next Story