×

Heat Wave Update: भीषण हीट वेव की चपेट में भारत, 12 अप्रैल तक रहेगा यही हाल

Heat Wave: भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा है कि अभी कम से कम अगले पांच दिनों तक भीषण गर्मी से कोई राहत नहीं मिलेगी।

Krishna Chaudhary
Written By Krishna ChaudharyPublished By Deepak Kumar
Published on: 7 April 2022 2:51 PM GMT
Heat Wave Update
X

भीषण हीट वेव की चपेट में भारत। (Social Media) 

Heat Wave Update: आधे से अधिक भारत हीटवेव की स्थिति से जूझ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा है कि अभी कम से कम अगले पांच दिनों तक भीषण गर्मी से कोई राहत नहीं मिलेगी। मौसम विभाग (weather department) के अनुसार जब किसी स्थान पर अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो जाता है तो उसे हीट वेव और जब तापमान सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो जाता है तब उसे गंभीर हीट वेव घोषित किया जाता है।

इन जगहों पर शुरू हुई हीटवेव

26 मार्च से शुरू हुई वर्तमान हीटवेव जम्मू, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार को प्रभावित कर रही है। अब हीटवेव महाराष्ट्र, उत्तरी कर्नाटक, पूर्वी तेलंगाना और आंतरिक ओडिशा के अधिकांश क्षेत्रों में प्रवेश कर चुकी है। जम्मू और हिमाचल प्रदेश में, अधिकतम तापमान सामान्य से 6 से 10 डिग्री सेल्सियस अधिक था, जबकि मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश और गुजरात के कच्छ-सौराष्ट्र क्षेत्र में दिन का तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। विदर्भ, महाराष्ट्र और राजस्थान के कुछ हिस्सों में इस सप्ताह की शुरुआत से लगातार अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है। महाराष्ट्र का अकोला पिछले तीन दिनों से देश का सबसे गर्म शहर बना हुआ है, जहां लगातार 44 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान दर्ज किया जा रहा है।

उत्तर पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में 2 डिग्री की होगी वृद्धि

मौसम विभाग (Weather Department) ने कहा है कि अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में 2 डिग्री की वृद्धि होगी। अगले पांच दिनों के दौरान पश्चिमी राजस्थान और दक्षिण हरियाणा और दिल्ली में भीषण गर्मी की स्थिति बनी रहेगी। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, महाराष्ट्र में मराठवाड़ा और विदर्भ, बिहार, झारखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और जम्मू संभाग 12 अप्रैल तक लू की चपेट में रहेंगे।

भारत के पूर्वी हिस्सों में हुई भारी वर्षा

इस बीच, बंगाल की खाड़ी से नमी लाने वाली तेज दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के कारण भारत के पूर्वी हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा हुई है। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी (80 मिमी) और कूच बिहार (110 मिमी) में गुरुवार को 24 घंटे की बारिश 2012 के बाद से सबसे अधिक थी। असम, मेघालय और सिक्किम के कई स्टेशनों में भी पिछले दो-तीन दिनों के दौरान भारी बारिश हुई।

देश और दुनिया की खबरों को तेजी से जानने के लिए बने रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलो करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Deepak Kumar

Deepak Kumar

Next Story